मंगलवार, 13 जनवरी 2026

सूतांजली जनवरी (द्वितीय) 2026


 

जीवन में अद्भुत घटनाएँ घटती हैं, कभी हमारा ध्यान उन पर जाता है कभी नहीं, हम कभी उनके प्रति सजग होते हैं कभी नहीं, लेकिन हम उनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रहते। हमारे ध्यान और सजगता का उन घटनाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता लेकिन इतना जरूर होता है कि वैसी घटनाओं की तीव्रता उनका क्रम कम या ज्यादा हो जाता है। ये घटनाएँ हमारे-अपने जीवन में बदलाव ला सकती हैं। अपने जीवन को बदलने का यह अत्यंत सरल उपाय है जिसे हम प्रायः नजर अंदाज कर देते हैं। किसी पुस्तकालय में बैठा था, कई पत्रिकाएँ पड़ी थीं। उनके पन्ने पलटने लगा। कई लघु कथाओं पर नजर पड़ी, एक-से-एक जीवनोपयोगी। उन्हें पढ़ता और विचार करने लगता। ऐसा लगा कि ये लघु कथाएँ किसी विशेष प्रयोजन के कारण ही मेरी आँखों के सामने आ रही हैं। मैंने उनमें से दो को आप लोगों से साझा करने का मन बनाया। प्रस्तुत है वही दो लघु कथाएँ।

 

***

घर

- खलील जिब्रान

बस, यही एक ऐसा घर है जहां तुम बिना किसी आमंत्रण के अनगिनत बार जा सकते हो।

इस घर में, प्यार भरी निगाहें तबतक दरवाज़े पर लगी रहती हैं, जब तक तुम दिख नहीं जाते! यह घर, तुम्हें उन बेफिक्री के दिनों की याद दिलाता है जहां तुमने खुशियों-भरा बचपन गुज़ारा था।

वह घर, जहां तुम्हारी उपस्थिति तुम्हारे माता-पिता के चेहरे की खुशी बन कर छा जाती थी। इस घर में, वह खुशी तुम्हारे लिए आशीष है और मां-बाप से बातचीत एक पुरस्कार।

यह ऐसा घर है, जहां यदि तुम नहीं जाओगे तो घर का मालिक उदास हो जायेगा;

इस घर में दो मोमबत्तियां जला कर संसार में उजाला किया जाता है, जो तुम्हारे जीवन को सुखमय बना दे।

इस घर में खाने के समय यदि तुम कुछ नहीं खाते हो तो मकान-मालिक का दिल टूट जायेगा, वह नाराज़ भी हो सकता है।

यह घर तुम्हें जीवन की सारी खुशियां देता है।

          बच्चों, इससे पहले कि बहुत देरी हो जाये इन घरों की कीमत पहचान लो।

         भाग्यशाली हैं वे जिनके पास जाने के लिए मां-बाप का घर है।

***

वृद्धाश्रम

मीरा जैन

          आज माँ अस्पताल में भर्ती शायद अन्तिम साँसें गिन रही थी। अपनी माँ की हालत से व्यथित नवल, अपने फेसबुक तथा वट्सअप के दोस्तों से एक विनम्र अपील की -

          "प्यारे दोस्तों! मेरी माँ बहुत बीमार है माँ जल्दी स्वस्थ हो जाए इसलिए आप सभी की दुआ और प्रार्थना कि मुझे बेहद आवश्यकता है।"

          परिणामतः दोस्तों की आत्मीय संवेदनाएँ लगातार प्राप्त होती रहीं थी और वह उन्हें निरन्तर प्रेषित करने के बजाय उसका दुख कम करने हेतु स्वयं ही उसके पास अस्पताल पहुँच गया और उसके कानों में माँ के स्वास्थ्य सुधार का एक अचूक नुस्खा बताया जिसे सुन नवल के चेहरे पर छायी चिन्ता की लकीरें कम होने के बजाय फैलकर दुगुनी हो गयी थी। आगंतुक ने केवल इतना ही कहा था-

          "तुम अन्दर जाकर माँ के कानों में केवल इतना ही कह दो, "माँ तुम जल्दी ठीक हो जाओ, तुम्हारे बिना घर सूना पड़ा है।"

          वह आगन्तुक और कोई नहीं वृद्धाश्रम का मैनेजर था।

------------------ 000 ----------------------

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

 

यू ट्यूब पर सुनें :

https://youtu.be/FHxKSm2Oqq8


गुरुवार, 1 जनवरी 2026

सूतांजली जनवरी (प्रथम) 2026

 


पुराने आख्यान नये विज्ञान 

          स्वामी कृष्णानंदजी का कथन है कि जब भी आप किसी विचार को वह 'अच्छा' हो या 'बुरा' अपनी मानसिक सहमति प्रदान करते हैं, तो आप उससे सम्बंधित हो जाते हैं। वह आप के सचेतन मन का भाग बन जाता है और उस विचार को आप अपने जाने-माने विचार की तरह जब-तब अनजाने में दुहराने लगते हैं।

          जब आप कथा-वार्ता सुनते हैं या कोई धर्म-ग्रंथ पढ़ते हैं तो आप उन विचारों को जितनी सहमति देते हैं, उसी अनुपात में वे विचार आप के हो जाते हैं और उसी अनुपात में उनसे आप को लाभ मिलता है।

          इस नियम का एक दूसरा पक्ष भी है। जब आप सुने या पढ़े हुए अन्याय, क्रूरता का यह सोच कर मानसिक रूप से समर्थन करते हैं कि, अच्छा हुआ बदला लिया, तो आप के एक शब्द बोले बिना भी, यह कृत्य आप का साथी हो जाता है और वह आप के जीवन का अंग बन जाता है ।

          मानसिक सहमति बड़ी सशक्त है।

          किसी भी दुर्मति या ऋणात्मक विचार से अपने को किसी भी अवस्था में संबंधित मत कीजिए। किसी दुर्मति या ऋणात्मक विचारों वाले से, जाने या अनजाने भी संबंध ही नहीं वार्तालाप भी आपके विचारों, शब्दों को प्रभावित करता है, उनसे भी दूरी बनाये रखिये। इस प्रकार आप अपनी अंतरात्मा की निर्मलता और पवित्रता तथा भाषा की शालीनता को कायम रख सकेंगे।

आप के चारों और सत्य और सौंदर्य का समुद्र लहरा रहा है। अपने आप को इससे सम्बंधित करने की आदत बनाइए, इसे ही आप अपनी मानसिक सहमति प्रदान कीजिए।

          भागवत में  पांडवों के वशंज महाराज परीक्षित की कथा आती है। वे एक धर्मपरायण, न्यायप्रिय एवं सात्विक प्रकृति के जनप्रिय राजा थे। संत समाज में  उनकी प्रतिष्ठा थी और उनका नाम आदर और सम्मान से लिया जाता था। लेकिन इसके बावजूद दुर्मति के कारण उन्हें ऋषि-पुत्र के कोप का भाजन होना पड़ा।

          एक बार राजा परीक्षित मृगया पर हरिण के पीछे दौड़ते-दौड़ते विश्रांत हो गए। भूखे-प्यासे जब जल के लिए चारों तरफ नजर घूमाते लौट रहे थे उनकी नजर शमिक ऋषि कि कुटिया पर पड़ी। अंदर प्रवेश किया और ऋषि से जल प्रदान करने की याचना की। लेकिन ध्यान मग्न होने के कारण ऋषि को न राजा के आगमन का भान हुआ और न ही उन्हें राजा की याचना सुनाई पड़ी। राजा परीक्षित खिन्न हो गए, उन्हें बुरा-भला कहा और कुटी से निकल पड़े। लेकिन तभी उन्हें वहाँ एक मारा हुआ साँप दिखाई पड़ा और दुर्मति से अपने धनुष की नोक से उस साँप को उठा कर ऋषि के गले में डाल वहाँ से प्रस्थान किया।

          उनके प्रस्थान के पश्चात ऋषि-पुत्र, शृंगी ऋषि का कुटी में आगमन होता है, पिता के गले में मरे हुए साँप को देख कर उनकी त्योरियां चढ़ जाती है और ऐसा कृत्य करने वाले की सातवें दिन तक्षक के डँसने से मृत्यु हो जाने का श्राप देता है। फलस्वरूप राजा परीक्षित की सातवें दिन तक्षक के डँसने से मृत्यु हो जाती है।  

          परीक्षित जैसे धर्मपरायण राजा से ऐसे व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जा सकती। फिर, ऐसा क्यों हुआ? एक बार परीक्षित ने कलि से वार्तालाप किया था। राजा परीक्षित ने कलि को देखते ही तत्क्षण धनुष पर तीर का संधान किया। लेकिन कलि ने उनके पैर पकड़ लिए और उनसे प्राणों की भिक्षा मांगने लगा। इस दौरान राजा परीक्षित का कलि से वार्तालाप हुआ।   परम पूज्य स्वामी गोविंददेव गिरि जी भागवत कथा के दौरान बताते हैं कि एक दुर्मति से वार्तालाप का ही यह परिणाम था कि धर्मपरायण राजा परीक्षित से यह जघन्य कार्य हुआ।

          किसी भी अवस्था में किसी भी प्रकार की दुर्मति या ऋणात्मक विचार से अपने को संबंधित मत कीजिए। आप के चारों और सत्य और सौंदर्य का समुद्र लहरा रहा है, डुबकी लगानी है तो उसी में लगाये।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

यू ट्यूब पर सुनें :

https://youtu.be/fAOdQKUYR2o


सूतांजली फरवरी (द्वितीय) 2026

  क्या आप मानते हैं कि अनेक लोग ‘ नून , तेल , लकड़ी ’ के चक्कर में वह नहीं कर सके जो वे करना चाहते थे और उनमें कुछ करने की काबिलियत भी थी ...