गुरुवार, 1 जुलाई 2021

सूतांजली , जुलाई २०२१

सूतांजली

~~~~~~~~

                       

वर्ष : ०४ * अंक : १२                 🔊(२१.५६)                            जुलाई   * २०२१

गहरी बातें समझने के लिए, गहरा होना पड़ता है और

गहरा होने के लिए, गहरी चोटें खानी पड़ती हैं।

------------------ 000 ----------------------

ऋषि, ऋषिभाव, ऋषित्व

🔉(५.२०)

ऋषि, मुनि, संत, महात्मा, साधू जैसे कई शब्द हमारी भाषा में प्रचलित हैं और साधारणतया हम इनका  प्रयोग भी समानार्थक शब्दों के रूप में एक-दूसरे के बदले प्रयोग करते हैं। हिन्दी शब्दकोश में भी इन शब्दों का अर्थ प्राय: पर्यायवाची शब्दों के रूप में ही उल्लखित है, यथा:

ऋषि = शास्त्र प्रणेता,  वेद-मंत्रों का प्रकाशन, ज्ञान द्वारा संसार पार करने वाला।

मुनि = मौन व्रती, महात्मा, ऋषि, तपस्वी, त्यागी

संत = साधू, महात्मा, धर्मात्मा

महात्मा = वह जिसकी आत्मा का आशय बहुत ऊंचा हो, बहुत बड़ा साधू

साधू = उत्तम कुल में उत्पन्न, मुनि, सज्जन, धार्मिक

लेकिन अगर भाषा के शब्दकोश को छोड़ हम अपने ग्रन्थों, वेदों और पुराणों को खंगाले तो इन शब्दों का भावार्थ समझ आता है और इनके भावार्थों से साक्षात्कार होता है। इन्हीं शब्दों में एक शब्द ‘ऋषि’ है, इसी से बना है ऋषित्व और ऋषिभाव।

 

ऋगवेद में एक कथा आती है। गोमती नदी के तटपर हिमवान पर्वत के प्रांत में एक राज्य था। उसका राजा रथवीति अत्यंत धर्मवान, गुणनिधि, नीतिमान था। उन्होंने एक यज्ञ का आयोजन किया। इस यज्ञ को सम्पन्न करने राजा ने अत्रिवंशज दाभर्य ऋषि को आमंत्रित किया। ऋषि अपने पुत्र के साथ राजा रथवीति का यज्ञ सम्पन्न करने पधारे। यज्ञ का अनुष्ठान प्रारम्भ हुआ। यज्ञानुष्ठान के दौरान ऋषि ने रथवीति की सुशील, सुंदर एवं गुणवती कन्या को देखा। उसे देख उन्होंने विचार किया कि यह कन्या उनकी पुत्रवधु होने लायक है। अत: यज्ञ समाप्ती के बाद ऋषि ने राजा से अपनी  इच्छा जाहीर की। ऋषि के इस प्रस्ताव पर राजा ने अपनी पत्नी के साथ इस पर विचार-विमर्श कर ऋषि के पास आये। रानी ने ऋषि से कहा, “हे ऋषिवर! अब तक हमारे वंश की कन्याएँ ‘ऋषिभाव’ प्राप्त सत्पुरुषों को ही प्रदान की गई हैं। इसलिए यदि ऋषिपुत्र ऋषित्व – भाव को प्राप्त करले, तो उसका विवाह हम अपनी कन्या से करायेंगे।”

 

रानी के यह वचन सुनकर ऋषिपुत्र, श्यावाश्व ने ‘ऋषिभाव’ प्राप्त करने का संकल्प किया। तत्पश्चात कथा आगे बढ़ती है। श्यावाश्व दृड़ संकल्प के साथ घोर तपस्या और सत्यनिष्ठ आचरण सम्पन्न करने में मन-वाणी और कर्म से प्रवृत्त हुए। ऋषिपुत्र की तपश्चर्या और साधना से यथासमय मरुद्गणों ने उन्हें ऋषिभाव प्राप्ति का आशीर्वाद प्रदान किया।

 

श्यावाश्व के ऋषिभाव प्राप्त होने के बाद, राजा रथवीति भी परिवार समेत आकर ‘ऋषि श्यावश्व’ सम्बोधन के साथ ही उनका स्वागत किया और उन्हें गृहस्थाश्रम में प्रवेशहेतु अपनी सुशील, सुयोग्य कन्या प्रदान की।

 

हमें यहाँ यह विचार करना चाहिये की ऋषिभाव क्या है? और ऋषित्व क्या है? ‘वेद’ अपौरुषेय हैं और ऋषि वे हैं, जो वैदिक मंत्रों का, ऋचाओं का, मंत्रवाक्यों का साक्षात दर्शन करते हैं। ऋषि वह है, जो त्रिकालदर्शी हैं। जो भूत, भविष्य और वर्तमान को एक ही समय में समग्र रूप से देखें। ‘ऋत’ का अर्थ है, सार्वलौकिक, सार्वकालीक, त्रिकाल – अबाधित सत्य और उस सत्य को जानकर उस ज्ञानशक्ति से जगत-मिथ्यात्व-निश्चय को प्राप्त होनेवाला ही ऋषिभाव को प्राप्त हो जाता है।

 

यहाँ पर बोध के योग्य बात यह है कि ऋषिकुल में जन्म होना और ऋषि-भाव-परमभाव को  प्राप्त होना – ये दोनों बातें अलग-अलग हैं। ऋषिभाव की प्राप्त होने के लिए सत्यनिष्ठा, तपश्चर्या, दृड़संकल्प, ज्ञानसाधना की आवश्यकता है।

(गीतप्रेस, गोरखपुर से प्रकाशित ‘बोध कथा’ अंक से)   

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

पैसों के मालिक नहीं, रखवाले

🔉(५.३५)

फिक्की लेडीज़ और्गेनाइज़ेशिन (FLO) के चेयरपर्सन के एक इंटरनेशनल समारोह में सुधा मूर्ति ने बतलाया था कि उन्हें जे आर डी टाटा से एक अनमोल सलाह तब मिली, जब उन्होंने अपने पति नारायण मूर्ति की स्टार्ट अप कंपनी इंफ़ोसिस में उनका सहयोग करने के लिए नौकरी छोड़ दी थी। टाटा ने कहा था, “यह याद रखना कि कोई भी पैसे का मालिक नहीं होता, हम केवल पैसों के रखवाले हैं और यह हमेशा एक हाथ से दूसरे हाथ में जाता रहता है। इसीलिए जब आप सफल हों तो इसे समाज को वापस लौटा दें, जिसने आपको बहुत सद्भावना दी है”।

 

आजादी के पहले अपने सपनों के भारत की कल्पना करते हुए महात्मा गाँधी ने ट्रस्टिशिप के सिद्धान्त को प्रतिपादित किया था। मूलत: यह सिद्धान्त उनके मन में १९०३ में आया था जब वे दक्षिण अफ्रीका में थे। इस सिद्धान्त पर उन्होंने पूरी गहराई से विचार किया था और इसके सब आयामों पर विचार कर विस्तार से इसे प्रतिपादित किया था। उनके इस सिद्धान्त की जड़ यही है कि पूंजी का असली मालिक पूंजीपति नहीं बल्कि समाज है। उनका मानना था कि पूंजीपतियों के पास जो पूंजी है उसका असली मालिक वह पूंजीपति खुद नहीं है बल्कि समाज है। पूंजीपति तो सिर्फ उसका रखवाला है, समाज की वह पूंजी उसके पास धरोहर के रूप में है। महात्मा गाँधी के इस ट्रस्टीशिप के सिद्धान्त के अनुसार जो व्यक्ति अपनी आवश्यकता से अधिक संपत्ति का संचय करता है, उसे केवल अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु संपत्ति के उपयोग का अधिकार है। शेष संपत्ति का प्रबंध उसे एक ट्रस्टी की हैसियत से देखभाल कर समाज कल्याण पर खर्च करना चाहिए। महात्मा गाँधी यह स्वीकार करते थे कि सभी लोगों की क्षमता एक सी नहीं होती है। किसी की पैसे  कमाने की क्षमता अधिक होती है किसी की कम। अत: जिनके पास कमाने की क्षमता अधिक है, उन्हें कमाना तो चाहिए लेकिन अपनी जरूरतों को पूरा करने के बाद शेष राशि समाज के कल्याण पर खर्च करना चाहिए। गाँधीजी के अनुसार पूंजीपतियों को अपनी जरूरतें भी सीमित करनी चाहिए तभी वे बची हुई आमदनी को जरूरत मंदों पर खर्च कर सकेंगे।

 

दुर्भाग्यवश देश के बुद्धिजीवी, उद्योगपति और व्यवसायियों के बड़े वर्ग ने, गाँधी के इस सिद्धान्त पर ‘काल्पनिक आदर्शवाद’ का बल्ला लगा इसे अव्यवहारिक बता इसकी खिल्ली उड़ाई। लेकिन महात्मा गाँधी इससे विचलित नहीं हुए और लगातार और बराबर देश के पूँजीपतियों और धनी व्यक्तियों से इसपर चर्चा करते रहे। अनेक उद्योगपतियों ने इस पर विचार किया और इसे अपनाया। ट्रस्टीशिप सिद्धान्त का पालन करने वाले अनेक उद्योगपतियों में परिवार सहित सादगीपूर्ण रहन-सहन अपनाने वाले जमनालाल बजाज को महात्मा गाँधी का सबसे प्रिय उद्योगपति शिष्य माना जाता है।

 

जे आर डी टाटा
टाटा ने भी गाँधी जी के इस सिद्धान्त पर गहराई से विचार किया और कहा कि इस सिद्धान्त का अक्षरश: पालन नहीं किया जा सकता। लेकिन इसे अपनाया जा सकता है। और देश तथा देश की  जनता के लिए उन्होंने इस सिद्धांत पर चलने का निश्चय किया। उन्होंने ऐसी व्यवस्था की जिसमें टाटा समूह की कंपनियों के शेयर ‘टाटा संस’ के पास हैं। और टाटा संस के प्राय: ८५ प्रतिशत शेयर सार्वजनिक परोपकारी-धर्मार्थ-सामाजिक ट्रस्ट के पास हैं। इस प्रकार टाटा समूह की कमाई का बड़ा हिस्सा डिविडेंड के रूप में इनके पास आता है और फिर वे ट्रस्ट उसका उपयोग सामाजिक कार्यों के लिए करते हैं। जिनमें शिक्षा, अनुसंधान, कला, साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान आदि के लिए किया जाता है। देश में बदलते नियम-कानून के चलते टाटा को अपनी इस व्यवस्था में भी फेर-बदल करने पड़े लेकिन प्रमुखत: उनके कार्यों का सिद्धान्त यही बना रहा। इसी प्रकार विप्रो और इंफ़ोसिस के संस्थापक श्री अजीम प्रेमजी एवं श्री नारायण मूर्ति भी अपनी आय का एक बड़ा हिस्सा सामाजिक संस्थाओं के निर्माण, उत्थान, रख-रखाव के लिए अपनी सामाजिक ट्रस्ट द्वारा करते हैं।

 

ध्यान रखें आपके पास जो है वह आपका नहीं बल्कि समाज या ईश्वर का है। आप उसमें से सिर्फ अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति, इच्छाओं की नहीं, लायक पूंजी निकालने के अधिकारी हैं। बाकी पूंजी समाज या ईश्वर के कार्यों में लगाकर उन्हें समर्पित करना आपका कर्तव्य है।     

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

सामाजिक कार्यकर्त्ता

🔉(४.४२)

(श्री प्रमोद शाह अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के संस्थापक अध्यक्ष रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के पश्चात उन्होंने अपने अनुभवों को ‘एक रचनात्मक यात्रा’ नामक पुस्तक में सँजोया है। उसी पुस्तक के कुछ अंश)

प्रमोद शाह 


एक पल, शायद कुछ भी नहीं, शायद बहुत कुछ। साहिर लुधयानवी ने कहा :

                   उम्र भर रेंगने से कहीं बेहतर हैं,

                             एक लम्हा जो तेरी रूह में वुसअत (विस्तार) भर दे

 इसी एक पल पर किसी ने यह भी लिखा है:

                   तारीख की नजरों से वो दौर भी गुजरे हैं

                             लम्हों ने खता की थी सदियों ने सज़ा पायी।

एक सामाजिक कार्यकर्त्ता और उस पर भी अगर अधिकारी हैं, तब उसके हर पल का महत्त्व स्पष्ट रूप से रेखांकित है।

 

सार्वजनिक मंच पर कार्य करने से पहले अपने युग के काल-खंड को ठीक से समझ लेना आवश्यक है। अर्थात अपने आसपास के वातावरण तथा देश व समाज की  परिस्थितियों पर एक विहंगम दृष्टिपात करना परम आवश्यक होता है। बदलते दौर पर चिंतन-मनन कर यदि हम समाज के लिए कुछ करेंगे तो हमारे श्रम का फल बहुत अधिक मिलेगा। कूप-मंडूक रहकर समाज को गहराई नहीं दे पाएंगे। अत: एक वैज्ञानिक दृष्टि का विकास करना वक्त की माँग  है।

 

सामाजिक कार्य करनेवालों के लिए मशहूर शायर फिराक गोरखपुरी ने, दो टूक अंदाज़ में, तीन बहुत महत्वपूर्ण बातें कही हैं –

१। जो लोग इन्सानों के दु:ख दर्द को मिटाने के ठेकेदार बनते हैं, वे ही लोग इन्सानों के दु:ख की ओर सबसे कम ध्यान देते हैं।

२। यह विचित्र बात है कि जो लोग समाज के बारे में या सामाजिक समस्याओं के संबंध में सोचने और कार्यान्वित करने में व्यस्त रहते हैं, वे व्यक्तियों से प्रेम नहीं कर पाते।

३। संसार में जीवन व्यवस्था का भी एक स्थान है किन्तु उचित या अच्छी जीवन व्यवस्था  चाहना  एवं उसके लिए प्रयत्नशील होना कभी भी सज्जनता और प्रेम का स्थान नहीं ले सकते।

 

इन तीन बातों का निचोड़ यही है कि एक सामाजिक कार्यकर्ता में मानवता के प्रति सहानुभूति, सज्जनता तथा व्यक्तियों से प्रेम की भावना का होना आवश्यक है। इसी प्रकाश में हम देखें तो पाएंगे कि एक कार्यकर्ता या पदाधिकारी में सबको साथ लेकर चलने की भावना, दूसरे की भावना को समझना, सहनशीलता,  विशाल सहृदयता तथा विपरीत परिस्थितियों में विचलित न होना जैसे बुनियादी गुण आवश्यक हैं।

 

इन गुणों में सबसे बड़े बाधक हैं – अहंकार और अति महत्वाकांक्षा। अहंकार, जहां व्यक्ति को स्व-केन्द्रित कर देता है, वह अपने को धूरी मानकर सारे निर्णय लेता है, वहीं अति महत्वाकांक्षा, भले-बुरे का विवेक खो देता है। महत्वाकांक्षा को मनीषियों ने कुछ शर्तों के साथ फिर भी स्वीकृति दी है किन्तु अति-महत्वाकांक्षा तो प्रत्येक स्थिति में त्याज्य है। दोनों में मुख्य अंतर यही है कि हम जो कुछ हो सकते हैं वह करने के लिए परिश्रम करना, उन संभावनाओं का विकास करना, उसे लक्ष्य बनाना, उसे पाने के लिए उचित माध्यमों का प्रयोग करना महत्वाकांक्षा है। किन्तु हम जिस योग्य नहीं हैं, उसे जबरन हासिल करने की कुचेष्टा करना, महज अपनी इच्छापूर्ति के लिए, सही या गलत हर तरह के उपाय करना, चाहे वह सबके लिए अहितकर ही क्यों न हो, अति महत्वाकांक्षा है। यह अहितकर ही नहीं, घातक भी है। 

 

इन बातों पर यदि ठीक से अध्ययन, चिंतन और मनन न किया जाए तो पूरी मेहनत बेकार हो जाती है। इनके अभाव में भवन खड़ा करना, बिना नींव के मकान खड़ा करने समान है।

 

‘फिराक’ के अंदाज़में बात समाप्त करते हैं:

                   दिल का एक काम जो बरसों से उठा रक्खा है,

                                      तुम ज़रा हाथ लगा दो तो हुआ रक्खा है।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

और हाँ, ऐसे बच्चे भी होते हैं!                        लघु कहानी - जो सिखाती है जीना

                              🔉(१.३२)

वार्षिक त्यौहार पर मेरे बड़े भाई ने तोहफे में मुझे एक नई गाड़ी दी। मैं खुशी से झूम उठा और हाथों हाथ गाड़ी लेकर शहर घूमने निकल पड़ा। परिवार के सदस्यों के लिए भी मैंने अनेक तोहफे खरीदे। मैं जब उन्हे लेकर अपनी नई गाड़ी की तरफ बढ़ा तो देखा एक छोटा सा बच्चा बड़ी हसरत भरी नजरों से मेरी चमचमाती गाड़ी को देख रहा था। मुझे गाड़ी के पास खड़ा देख कर बच्चे ने पूछा, “जी, क्या यह गाड़ी आपकी है”? मैंने बताया कि ‘हाँ मेरी ही है और इसे मेरे बड़े भाई ने मुझे दी है, क्यों? – मैंने प्रश्न किया। मेरी बात सुनकर वह बच्चा विचारों में खो गया। मैंने सोचा शायद वह सोच रहा होगा, “मेरा भी एक ऐसा ही बड़ा भाई होता”! लेकिन उसने जो कहा मैं चौंक गया और अब मेरे विचारों में खो जाने की बारी थी। उसने कहा, “काश! मैं भी अपने छोटे भाई को ऐसा ही कोई उपहार दे पाता”।

सोच, देने की रखें, लेने की नहीं ।

(अग्निशिखा में छपी एक कहानी पर आधारित। हम अपने बच्चों को ऐसे संस्कार दे सकते हैं – जहां वे महत्व लेने का नहीं देने का समझें!)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी-श्री अरविंद की जुबानी                                 धारावाहिक

🔉(४.४०)

(७)

भगवान मंगलमय हैं



मेरे निर्जन कारावास के समय डाक्टर डैली और सहकारी सुपरिंटेंडेंट साहब प्राय: रोज मेरे कमरे में आ दो-चार बातें कर जाते। पता नहीं क्यों, मैं शुरू से ही उनका विशेष अनुग्रह और सहानुभूति पा सका था। मैं उनके साथ कोई विशेष बात न करता, वे जो पूछते उसका उत्तर-भर दे देता। वे जो विषय उठाते वह या तो चुपचाप सुनता या केवल दो-एक सामान्य बात कह चुप हो जाता। तथापि वे मेरे पास आना न छोड़ते। एक दिन डैली साहब ने मुझ से कहा मैंने सहकारी सुपरिन्टेंडेंट को कह कर बड़े साहब को मना लिया है कि  तुम प्रतिदिन सवेरे-शाम डिक्री के समाने टहल सकोगे। तुम सारा दिन एक छोटी सी कोठारी में बंद रहो यह मुझे अच्छा नहीं लगता, इससे मन खराब होता है और शरीर भी। उस दिन से मैं सवेरे-शाम डिक्री के आगे खुली जगह में घूमने लगा। शाम को दस, पंद्रह, बीस मिनट घूमता, लेकिन सवेरे एक घंटा, किसी-किसी दिन दो घंटे तक बाहर रहता, समय की कोई पाबंदी नहीं थी। यह समय बहुत अच्छा लगता। एक तरफ जेल का कारख़ाना, दूसरी तरफ गोहालघर – मेरे स्वाधीन राज्य की दो सीमायें। कारखाने से गोहालघर, गोहालघर से कारखाने तक घूमते-घूमते या तो उपनिषद के गंभीर, भावोद्दीपक, अक्षय शक्तिदायक मंत्रों की आवृत्ति  करता या फिर कैदियों के कार्यकलाप और यातायात देख ‘सर्वघट में नारायण’ हैं इस मूल सत्य को उपलब्ध करने की चेष्टा करता। वृक्ष, गृह, प्राचीर, मनुष्य, पशु, पक्षी, धातु और मिट्टी में, सर्वभूतों में ‘सर्वं खल्विदं ब्रह्म’ मंत्र का मन-ही-मन उच्चारण कर इस उपलब्धि को आरोपित करता। यह करते-करते ऐसा भाव हो जाता कि कारागार और कारागार न लगता। वह उच्च प्राचीर, वह लौह कपाट, वह सफ़ेद दीवार, वह सूर्य-रश्मि-दीप्त, नील-पत्र शोभित वृक्ष, वह छोटा-मोटा सामान मानों अब अचेतन नहीं रहा, सर्वव्यापी, चैतन्यपूर्ण हो सजीव हो उठा, ऐसा लगता कि वे मुझसे स्नेह करते हैं, मुझे आलिंगन में भर लेना चाहते हैं। मनुष्य, गौ, चींटी और विहंग चल रहे है, उड़ रहे हैं, गा रे हैं। बातें कर रहे हैं, पर है यह सब प्रकृति की  क्रीडा; भीतर एक महान निर्मल, निर्लिप्त आत्मा शांतिमय आनंद में निमग्न हो विराजमान है। कभी-कभी ऐसा अनुभव होता मानों भगवान उस वृक्ष के नीचे खड़े आनंद की वंशी बजा रहे हैं, और उस 

जेल की कोठारी के बाहर का बरामदा 
माधुर्य से मेरा हृदय मोह ले रहे हैं। सदा यह एहसास होने लगा कि कोई मुझे आलिंगन में भर रहा है, कोई मुझे गोद में लिए हुए है। इस भावस्फुटन से मेरे सारे मन-प्राण को अधिकृत कर एक निर्मल महती शांति विराजने लगी, उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। प्राणों का कठिन आवरण खुल गया और सभी जीवों पर प्रेम का स्त्रोत उमड़ पड़ा। प्रेम के साथ दया, करुणा, अहिंसा इत्यादि सात्विक भाव मेरे रज:प्रधान स्वभाव को अभिभूत कर और पनपने लगे। और जैसे-जैसे वे बढ़ने लगे वैसे-वैसे आनंद भी बढ़ा एवं निर्मल शांतिभाव गंभीर हुआ। मुक़द्दमे की दुष्चिन्ता पहले ही दूर हो गयी थी, अब उससे उल्टा विचार मन में आया। भगवान मंगलमय हैं, मेरे मंगल के लिए ही मुझे कारागृह में लाये हैं, कारा मुक्त और अभियोग-खंडन अवश्य होगा यह दृड़ विश्वास जम गया। इसके बाद बहुत दिनों तक मुझे जेल में कोई भी कष्ट भोगना नहीं पड़ा।

(क्रमश:, आगे अगले अंक में)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों? आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

 

मंगलवार, 1 जून 2021

सूतांजली जून २०२१

सूतांजली

~~~~~~~~

वर्ष : ०४ * अंक : ११                   🔊(२३.५८)                                    जून   * २०२१

जो इंसान खुद के लिए जीता है,  उसका एक दिन मरण होगा

परंतु

जो इंसान दूसरों के लिए जीता है, उसका सदैव स्मरण होगा।

------------------ 000 ----------------------

जीवन कैसे जिया जाये                                                        मैंने पढ़ा🔉(३.०४)

यूनान के प्रसिद्ध दार्शनिक सुकरात एक बार भ्रमण करते हुए एक शहर में पहुँचे। वहाँ उनकी एक वृद्ध व्यक्ति से भेंट हुई। दोनों काफी घुल मिल गये। सुकरात ने उन वृद्ध महानुभाव के व्यक्तिगत जीवन में काफी रुचि ली। काफी खुलकर बातें कीं। सुकरात ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा, ‘आपका  विगत जीवन तो बड़े  शानदार ढंग से बीता है, पर इस वृद्धावस्था में आपको कौन-कौनसे पापड़ बेलने पड़ रहे हैं, यह तो बताइये?’

 

सुकरात 
वृद्ध किंचित मुसकुराया, ‘मैं अपना पारिवारिक उत्तरदायित्व अपने समर्थ पुत्रों को देकर निश्चिंत हूँ। वे जो कहते हैं, कर देता हूँ, जो खिलाते हैं, खा लेता हूँ और अपने पौत्र-पौत्रियों के साथ खेलता रहता हूँ। बच्चे कभी भूल करते हैं, तब भी चुप रहता हूँ। मैं उनके किसी कार्य में बाधक नहीं बनता। पर जब कभी वे परामर्श लेने आते हैं तो मैं अपने जीवन के सारे अनुभवों को उनके सामने रखकर की हुई भूल से उत्पन्न दुष्परिणामों की ओर से सचेत कर देता हूँ। वे मेरी सलाह पर कितना चलते हैं, यह देखना और अपना मस्तिष्क खराब करना मेरा काम नहीं है। वे मेरे निर्देशों पर चलें ही, यह मेरा आग्रह नहीं। परामर्श देने के बाद भी अगर वे भूल करते हैं तो मैं  चिंतित नहीं होता। उसपर भी वे पुन: मेरे पास आते हैं तो मेरा दरवाजा सदैव उनके लिए खुला रहता है। मैं पुन: उचित सलाह देकर उन्हें विदा करता हूँ।’

 

वृद्ध की बात सुनकर सुकरात बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि आपने इस आयु में जीवन कैसे जिया जाय, यह बखूबी समझ लिया है।

(गीतप्रेस, गोरखपुर से प्रकाशित कल्याण से)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कैसे लें बुढ़ापे में आनंद?                                                    मेरे विचार 🔉(१२.५८)

९९ वर्षीय एक वृद्ध का साक्षात्कार (इंटरव्यू) लेने के बाद टेबल पर पड़े अपने सामानों को बटोरते हुए पत्रकार ने उनकी सेहत की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उसे इस बात का विश्वास है कि एक वर्ष बाद उनकी १००वीं वर्षगांठ पर भी वह उनका साक्षात्कार लेने आयेगा। वृद्ध सज्जन ने तपाक से जवाब दिया, ‘हाँ, जरूर! क्यों नहीं। मुझे तो आप पूर्ण स्वस्थ लग रहे हैं’। यह था आत्म विश्वास उस वृद्ध सज्जन का अपने स्वास्थ के प्रति।

 

पुरस्कार ग्रहण करती मान कौर 
सरदारनी मान कौर, पटियाला पंजाब की रहने वाली हैं। उन्हें ‘चंडीगड़ का चमत्कार’ के नाम से भी जाना जाता है। ८ मार्च २०२०को महिला दिवस पर भारत के राष्ट्रपति ने उन्हें ‘नारी शक्ति सम्मान’ से नवाजा। वे एक ऐथेलीट हैं। इसमें खास बात क्या है? उन्होंने अपना ऐथेलीट का जीवन ९३ वर्ष की आयु में प्रारम्भ किया। उन्होंने कई विश्वस्तरीय कीर्तिमान स्थापित किये हैं। उन्हें १०० मीटर दौड़ने में सिर्फ एक मिनट का समय लगता है। वे अलग अलग प्रतियोगिताओं में ३१ अंतर्राष्ट्रीय और १३ राष्ट्रीय गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।

 

इरने ओ'शेय 

इरने ओ’शेय (Irene O’Shea) १०२ वर्षीय वह महिला है जिसने १४००० फीट की ऊंचाई से आसमान में छलांग लगाई है। इसके साथ ही वे विश्व की सबसे ज्यादा उम्र की आसमान में छलांग (स्काई डाईविन्ग) लगाने वाली महिला बन गई हैं। यह उनका अपना जन्म दिवस मनाने का अनूठा तरीका है जिसे वे अपनी १००वीं जन्मदिन से मना रही हैं।

 

इनके विडियो अभी पिछले कुछ समय में, कोरोना काल के दौरान, व्हाट्स एप्प पर साझा किये  गये थे। आपने भी देखा होगा। हम तो, शायद, अभी उस उम्र से दूर हैं। तब, आप ही बताएं बुढ़ापा वरदान है या अभिशाप? दरअसल बुढ़ापा वह नियामत है, तोहफा है, जिसे कुदरत ने हमें बिना मांगे दिया है। यह अभिशाप कैसे हो सकता है! यही वह समय है जब हम वह सब कर सकते हैं जिन्हें ता-उम्र नहीं कर पाये। ईश्वर ने दिया तो वरदान ही है, लेकिन हमने खुद अपनी करनी (कार्य) और बरनी (सोच) से इसे अभिशाप में परिणित कर लिया तो इसका जिम्मेदार कौन है?

ईस्टवुड

 

८८ वर्षीय इस्टवुड से उनकी सेहत का राज पूछा गया तो उन्होने कहा, “मैं रोज सुबह जब उठता हूँ तब बुढ़ापे को अपने अंदर घुसने नहीं देता। और फिर उन्होंने एक गाने की धुन तैयार की। उस गीत के बोल हैं  ‘बुढ़ापे को अंदर आने मत दो’(Don’t let the old man in)।

 


हम यह कहते रहे हैं कि बच्चा और बूढ़ा एक समान होते हैं। जी हाँ, हम यह कहते रहे हैं लेकिन दर-किनार भी करते रहे हैं। बच्चे को हम  डांट लगाते हैं, उसकी हर इच्छा पूरी नहीं करते हैं, उसकी हर बात को न तो महत्व देते हैं न उन पर ध्यान देते हैं न ही हम उसकी उतनी परवाह करते हैं। लेकिन बच्चा इन में से किसी भी बात की न तो परवाह करता है, न उन्हें याद रखता है और न ही उन्हें दिल पर लेता है। लेकिन क्या हम, वृद्ध, ऐसा करते हैं? बच्चे बन पाते हैं? बेटे-बहू-बेटी से नाराज हो जाते हैं, उसका बुरा मान लेते हैं। 


 

मनोहर अठवाणी ने अच्छे पारिवारिक संबंध बनाये रखने के रहस्य पर बड़े आकर्षक ढंग से हमारा ध्यान खींचा है। वे कहते हैं कि :

एक उम्र के बाद हमें कम बोलना या चुप रहना सीखा लेना चाहिए,

यह मान कर मत चलिये कि हमारी सब इच्छाएं पूरी होंगी,

घमंड से दूर रहें,

बेटे-बेटी-बहू के कार्यों में बेवजह दखलंदाज़ी न करें उन्हें अपनी ज़िंदगी खुद जीने दें,

उनसे यह अपेक्षा  न करें कि वे हर कार्य हमसे पूछ कर ही करेंगे,

अपने जीवन को एक साँचे में ढालें,

खाने-पीने में संयम रखें,

किसी भी बात के लिए ज़िद न करें,

अगर बीमार या कष्ट है तो भी हर समय उसकी चर्चा न करें,

अपने कार्य और इच्छा को सर्वोपरी न मानें,

अपने घर की बातें दूसरों को न बताएं,

छोटे बच्चों की तरह बेटे-बेटी-बहू के कटु वचन का न प्रत्युत्तर दें –

न उसका बुरा मानें और न ही उसे दिल में बैठा कर रखें,

उनसे स्नेह रखें, प्रभू को धन्यवाद दें तथा खुश मिजाज रहें,

न फिजूल की शिकायतें करें न ही अपने किये का गुणगान करें,

अपनी सोच को छोटी न करें,

बच्चों का कुछ बताना ही उनका पूछना समझें,

अगर सोच तंग हुई तो समझ लें कि जंग हुई,

संयम से रहें, लोभ-मोह-लालच से दूर रहें।

ये हैं वे कुछ ‘बरनी’ जो बुढ़ापे को हमारे अंदर नहीं घुसने देतीं।    

 

लेकिन वह विडियो जिसने मुझे यह लिखने पर मजबूर किया वह था एक बुजुर्ग का विडियो। पाश्चात्य सभ्यता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपने बुढ़ापे की व्यवस्था खुद करनी चाहिए, बच्चों के भरोसे नहीं रहना चाहिए, अगर वे देखभाल करते हैं तो उसे बोनस समझना चाहिए, आवश्यकता पड़ने पर 

भी बच्चों को अपने वृद्धावस्था के लिए बचाया हुआ धन नहीं देना चाहिये। उनका यह कथन मुझे उद्वेलित कर गया। मेरी रात की नींद उड़ गई। हाँ, यह बात सही है कि समय को देखते हुए अपनी व्यवस्था करना उचित है, बच्चों पर बोझ न पड़े इसका ख्याल रखना चाहिये, लेकिन बच्चे हमारी देख-भाल नहीं करेंगे! यह मान कर चलना, अपनी तरफ से जंग का बिगुल बजाना ही है। निवेश करने वाली संस्थाएं तो निरंतर यही सीख देती रहती हैं कि हमारी ज़िम्मेदारी केवल हमारे बच्चों तक है। अपने परिवार के प्रति नहीं, क्योंकि वे माँ-बाप को परिवार का हिस्सा नहीं मानतीं। और इस प्रकार यही कहती हैं कि आप अपनी चिंता कीजिये, माँ-बाप की नहीं। माँ-बाप ने अपनी चिंता खुद की होगी और अगर नहीं की है तो वे खुद भोगें, वे ही इसके जिम्मेदार हैं। इस बात से मैं पूरी तरह सहमत हूँ कि हमें अपनी व्यवस्था रखने का भरसक प्रयास करना चाहिये। लेकिन उनकी बात के विपरीत मैं उन बुजुर्ग से यही  कहूँगा कि शिक्षा यही दें कि हमें इस विश्वास के साथ बढ़ना चाहिये कि हमारे बच्चे हमारा ख्याल रखेंगे और हम वृद्धावस्था के लिए बचाया हुआ धन उन्हें बोनस के रूप में देकर जाएंगे।  यही नहीं अगर वे देख-भाल रखते हैं तब हमें भी फिजूलखर्ची से बचना चाहिये और उनके लिए जमा किये गये बोनस को अपने ऊपर खर्च न कर या तो उनके ऊपर खर्च करें या उनके लिए बोनस के रूप में ही छोड़ कर जाएँ। यह सोच, हमारे जीवन को बदल देगा, हमारे सम्बन्धों को बदल देगा। हमें यह स्वीकार करना चाहिये कि ताली एक हाथ से नहीं बजती। बच्चे वही सीखेंगे जैसा हम करेंगे। वे वैसा ही सोचेंगे जैसा हम सोचेंगे।

 

मैं यह सोचता रहा कि क्या मैं गलत हूँ? मैं गलत सोच रहा हूँ? श्याम मानव ही ठीक कह रहे हैं? मेरी दुविधा दूर की और यह सब लिखने का साहस जुटाया एक अन्य विडियो ने जिसे बनाया था किसी बहू या बेटी ने। वे कहती हैं कि हम जब बाहर खाने जाते हैं तब सब कुछ देखते हैं लेकिन प्यार नहीं, लेकिन जब घर पर खाते हैं तो और कुछ नहीं देखते सिर्फ प्यार ही देखते हैं, खिलाने वाले का प्यार। वे कहती हैं कि हम अपने घर के हर बुजुर्ग को अपने हाथ से खिलाएँ, यानि रसोई में भले ही कोई सहायता लें लेकिन वहाँ से उनकी थाली तक समान पहुँचने वाला घर का ही कोई सदस्य होना चाहिये। सोच भोजन करने-कराने की रखें, भोजन निपटाने की नहीं। हमारे बच्चे जो देखेंगे वही सीखेंगे।

 

बहुत लोग मानते हैं कि धन है तो सब कुछ है। मैं कुछ वक्त पहले ऑस्ट्रेलिया में था, लंबे समय के लिए। वहाँ अवैतनिक ‘सेवाकार्य’ करने की इच्छा से कई जगहों पर आवेदन दिया। एक वृद्धाश्रम से बुलावा आया। वहाँ के संचालक से बातचीत हुई। उन्होंने कहा, ‘यहाँ, वृद्धों का सब कार्य करने के लिए लोग हैं, उनके कपड़े बदली करना, स्नान कराना, मंजन कराना, सफाई करना, गाना या गीत सुनाना, पुस्तक पढ़ना आदि कोई भी काम कहें सब होता है लेकिन सब यंत्रवत। उनके साथ बैठ कर उनसे बात करना, उनकी सुनना और अपनी सुनाने वाला कोई नहीं। हाँ पैसे से ऐसे लोग भी मिलते हैं लेकिन महेशजी उनसे ये लोग अपने परिवार की ही बात करना चाहते हैं, दूसरे जहाँ की नहीं। और हम, उनके साथ बाकी पूरी दुनिया की बात कर सकते हैं लेकिन उनके परिवार की नहीं। अगर हम समय दें तो उनकी जिंदगी बदल जाये, वे स्वस्थ हो जायें। वे लोग जो यूरोप-अमेरिका का उदाहरण देते हैं, वे एक बार वहाँ के बुजुर्गों के साथ रहें तब पता चलेगा कि वे ज़िंदगी जी नहीं रहे हैं, जिंदगी काट रहे हैं। कई बार ऐसे यूरोपिएन-अमेरीकन बुजुर्गों के साथ रहने का मौका मिला है, वे अपने परिवार की, बच्चों की ही बात करते हैं। उन्हें भारतीय परिवार देख कर अच्छा लगता है, कइयों की आँखों में तो आँसू तक आ जाते हैं।

 

श्री सुदर्शन बिड़ला ने एक सभा में कहा, ‘हम अपने बच्चों के लिए कितना धन छोड़ कर जाएंगे? १०० करोड़, १००० करोड़, १०००० करोड़? कितना भी छोड़ें एक पीढ़ी के लिए कम पड़ सकता है। एक, और केवल एक ही चीज है जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी जाती है, और वह है संस्कार। अपने बच्चों को संस्कारित कीजिये, उन्हें संस्कार दीजिये।  

 

लानत है उस जिंदगी पर जिसमें हमारे पास अपने माँ-बाप, दादा-दादी, नाना-नानी, सास-श्वसुर के लिए समय नहीं। लानत है उस समाज पर जिसमें यह सब हो रहा है और हम उसे चुप-चाप सह रहे हैं। इस मामले में हम कम-से-कम उस सरकार का धन्यवाद तो कर ही सकते हैं कि उसने माँ-बाप की देखभाल करना बच्चों का उत्तरदायित्व ठहराया है और न करने पर सजा की भी व्यवस्था की है। लेकिन यह समाधान नहीं है। कानून पैसे दिलवा सकता है, प्यार नहीं। समाधान तो हमारे और आपके हाथ में ही है, जमा किये गए पैसों में समाधान नहीं, मजबूरी है।    

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी-श्री अरविंद की जुबानी                            धारावाहिक(🔉७.५२)

(पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल में थे। जेल के इस जीवन का श्री अरविंद ने ‘कारावास की कहानी’ के नाम से रोचक, सारगर्भित एवं पठनीय वर्णन किया है। ‘अग्निशिखा’ में इसके रोचक अंश प्रकाशित हुए थे। इसे जनवरी २०२१ से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इसी कड़ी में यहाँ इसकी छठवीं किश्त है।)

(6)

‘गवर्नमेंट होटल’

अलीपुर के गवर्नमेण्ट होटल का जो वर्णन मैंने किया है वह निजी कष्ट-भोग की विज्ञप्ति के लिये नहीं वरन् सुसभ्य ब्रिटिश राज्य में विचाराधीन कैदियों के लिये कितनी अदभुत व्यवस्था थी, निर्दोषों को दीर्धकालव्यापी कितनी यंत्रणा भोगनी पड़ सकती है, यह बतलाने के लिये ही है यह वर्णन। कष्टों के जो कारण दिखलाये हैं, वे तो थे ही किंतु भगवान् की दया दृढ़ थी इसलिये थोड़े दिनों तक ही कष्ट अनुभव किया, उसके बाद तो मन उस दु:ख से अतीत हो कष्ट  अनुभव करने में असमर्थ हो गया था। इसीलिये मन में जेल की स्मृति जगने पर क्रोध या दुःख नहीं, हंसी ही आती है। पहले-पहल जब जेल की विचित्र पोशाक पहन अपने पिंजरे में घुसकर रहने का बन्दोबस्त देखा था तब यही भाव मन में उदित हुआ था। मन-ही-मन हंस रहा था। अंग्रेज जाति का इतिहास और आधुनिक आचरण का निरीक्षण कर बहुत पहले ही मैंने उनके विचित्र और रहस्यमय चरित्र को समझ लिया था, इसीलिये अपने लिये उनकी ऐसी व्यवस्था देखकर भी जरा भी आश्चर्यान्वित या दुःखी नहीं हुआ। साधारण दृष्टि से हम लोगों के साथ उनका ऐसा व्यवहार अतिशय अनुदार व निंदनीय था। हम सब थे कुलीन घरानों के, बहुत-से थे जमींदारों के बेटे, कितने ही वंश, विधा, गुण और चरित्र में थे इंग्लैण्ड के शीर्षस्थानीय व्यक्तियों के समकक्ष! हम जिस अपराध में पकड़े गये थे वह भी सामान्य खून, चोरी, डकैती नहीं था, था देश के लिये विदेशी सरकार के विरूद्ध युद्ध-चेष्टा षड़यंत्र। तिसपर कइयों को दोषी ठहराने में प्रमाण का नितांत अभाव था; पुलिस का संदेह ही था उनके पकड़े जाने का एकमात्र कारण। ऐसे स्थान में सामान्य चोर-डकैतों की तरह रखना - चोर डकैत ही क्यों, पशुओं की तरह पिंजरे में रख, पशुओं का अखाद्य आहार खिलाना, जलकष्ट,  धूप, वर्षा व शीत सहन कराना - इससे ब्रिटिश सरकार और ब्रिटिश जाति की गौरव-वृद्धि नहीं होती। यह है किंतु उनका जातीय चरित्रगत दोष। अंग्रेजों में क्षत्रियोचित गुण होते हुए भी शत्रु या विरुद्धाचरणकारी के साथ व्यवहार करते समय वे हैं सोलह आने बनिये। मेरे मन में तब विरक्ति की भावना ने स्थान नहीं पाया बल्कि मुझमें और देश के साधारण अशिक्षित लोगों में कुछ भेद नहीं रखा गया यह देखकर कुछ आनंदित हुआ, और फिर इस व्यवस्था ने तो मातृभक्ति के प्रेमभाव में आहुति का काम किया । मैंने इसे योग-शिक्षा और द्वंद्व-जय का अपूर्व उपकरण और अनुकूल अवसर माना, तिसपर मैं था चरमपंथी दल का जिनके मत में प्रजातंत्र एवं धनी-दरिद्र का साम्य है राष्ट्रीय भाव का एक प्रधान अंग। याद हो आया - मत को कार्यान्वित करना अपना कर्तव्य समझ सूरत जाते समय सभी ने एक साथ तीसरे दर्जे में यात्रा की थी। कैंप में नेतागण अपना-अपना अलग प्रबंध न कर सबके साथ एकभाव से, एक ही कमरे में सोते। धनी, दरिद्र, ब्राम्हण, वैश्य, शुद्र, बंगाली, मराठी, पंजाबी, गुजराती - सब दिव्य भ्रातृभाव से एक साथ रहते, सोते, खाते। जमीन पर सोना, दाल-भात, दही खाना, सब चीजों में था स्वदेशी का बोलबाला । कलकत्ते और बंबई के विदेश से लौटे हुए लोग और मद्रास के तिलकधारी ब्राम्हण सब एक साथ मिल-जुल  गये थे। इस अलीपुर जेल में रहते समय अपने देश के कैदी, अपने देश के किसान, लुहार, कुम्हार, डोम  के समान आहार, समान रहन-सहन, समान कष्ट, समान मान-मर्यादा पा समझा कि सर्वशरीरवासी नारायण ने इस साम्यवाद, इस एकता, इस देशव्यापी भ्रात्रृभाव से सहमत हो मानों मेरे जीवन-व्रत पर अपनी मुहर लगा दी हो । जिस दिन जन्मभूमि-रूपिणी जगज्जननी के पवित्र मण्डप में सारा देश भ्रात्रृभाव में एक प्राण हो जगत् के सामने उन्नतमस्तक हो खड़ा होगा, सहवासी आसामी और कैदियों के प्रेमपूर्ण आचरण एवं सरकार के इस साम्यभाव में, इस कारावास में उस शुभ दिन का हृदय में पूर्वाभास पा कितनी ही बार हर्षित व पुलकित हो उठता था। अभी उसी दिन पूना के "Indian Social Reformer” ने मेरी एक सहज बोधगम्य  उक्ति पर व्यंग्य कसते हुए कहा था, ''जेल में तो भगवत्सान्निध्य की बड़ी बाढ़-सी आ गयी दीखती है।''  हाय रे मान-सम्मान के अन्वेषी, अल्प विधा  से, अल्प सदगुण से गर्वित मनुष्य के अहंकार और क्षुद्रता! जेल में, कुटीर में, आश्रम में, दुःखी के हृदय में भगवान् प्रकट नहीं होंगे तो क्या धनी के विलास-भवन में, सुखान्वेषी स्वार्थाध संसारी की सुख-शय्या पर होंगे?  भगवान् विधा , सम्मान, लोकमान्यता, लोकप्रशंसा, बाह्य  स्वच्छंदता व सभ्यता नहीं देखते। वे दुःखी के सामने ही दयामयी माँ का रूप धरते हैं। जो मानवमात्र में, जाति में, स्वदेश में, दुःखी-गरीब, पतित-पापी में नारायण को देख उनकी सेवा में जीवन समर्पित करते हैं, उन्हींके हृदय में आ बसते हैं नारायण और उथ्थानोधत   पतित जाति में, देश-सेवक की निर्जन कारा में ही संभव है भगवत्-सान्निध्य  की बाढ़।

(क्रमश: आगे अगले अंक में)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों? आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


सूतांजली नवंबर द्वितीय 2026 - अनंत शक्ति का प्रतीक

  भय ही तेरा नाम है , हर  श्वास में मृत्यु का वास ; तेरे थरथराते चरण , कर सकते हैं ; संसार का विनाश।                                      ...