गुरुवार, 1 अप्रैल 2021

सूतांजली अप्रैल २०२१

 सूतांजली

~~~~~~~~

वर्ष : ०४ * अंक : ०९                 🔊(२२.३५)                                              अप्रैल  * २०२१

नव संवत्सर २०७८ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा

तदनुसार मंगलवार १३ अप्रैल २०२१

पर हार्दिक शुभकामनाएँ

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

नववर्ष का चमत्कार (🔉००.००-६.०३)

आज ऑफिस का रूप-रंग देखने लायक है। ऑफिस का हर कर्मचारी उत्साहित और प्रफुल्लित है। सबों में अतिरिक्त जोश और उमंग है। आज ऑफिस में नव-वर्ष का समारोह है जिसे एक उत्सव के रूप में मनाया जाता है। आज के दिन ऑफिस बंद नहीं रहती लेकिन कोई काम भी नहीं होता। होता है, केवल खाना-पीना (दारू नहीं), नाचना-गाना, हंसी-मजाक। सारे दिन यही चलता है और ऑफिस का हर कर्मचारी – चपरासी से लेकर मालिक तक – सब एक साथ कंधे से कंधा मिला कर साथ-साथ इसमें भाग लेते हैं।

लेकिन इस  पूरे कार्यक्रम में सबसे ज्यादा आकर्षण रहता है ‘नव-वर्ष के चमत्कार’ का। कार्यक्रम का पटाक्षेप इसी चमत्कार से होता है। दरअसल यह, नव-वर्ष का उत्सव, पिछले कुछ वर्षों से मनाया जाता है। नहीं, आप गलत समझ रहे हैं। आज पहली जनवरी नहीं है। आज है चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, जिसे नवसंवत्सर भी कहते हैं। दर असल मेरी ऑफिस के मालिक नव-वर्ष चैत्र की शुक्ल प्रतिपदा को मनाने के पक्ष में थे। लेकिन यह किसी भी प्रकार नहीं हो रहा था। अत: उन्होंने यह नायाब तरीका ढूंढ निकाला और तब से ऑफिस के लिए यही नूतन वर्ष बन गया। हाँ, तो मैं बात कर रहा था ‘चमत्कार’ की। दरअसल यह एक ऑफिस लॉंटरी है। ऑफिस का हर कर्मचारी एक सौ रुपये देता है। लगभग तीन सौ कर्मचारी हैं; तीस हजार रुपए जमा हो जाते हैं। एक बड़ी मेज  पर दो बक्से रखे जाते हैं। एक बक्से में हर कर्मचारी रुपए डालता है और दूसरे में वहीं पड़े कागज के चिट में अपना नाम लिख कर डालता है। कार्यक्रम के अंत में मालिक सब के सामने बक्से में से एक चिट निकालते हैं और जिसका भी नाम आता है पूरे रुपए उसे एक मुश्त दे दिये जाते हैं। जिसे मिलता है उसके लिए चमत्कार होने के कारण ही इसे लॉंटरी न कह कर चमत्कार कहते हैं। इस प्रकार इस का नामकरण हुआ ‘नव-वर्ष का चमत्कार’।


पूरी ऑफिस उमंग में है, लेकिन मैं तनाव में हूँ। समझ नहीं आ रहा है कि क्या करूँ? ऑफिस की  सफाई करने वाली का बेटा बेहद बीमार है। उसे रुपयों की सख्त जरूरत है। आज का चमत्कार कैसे उसके नाम से निकले, समझ नहीं पा रहा हूँ। लड़खड़ाते कदमों से चलता हुआ बक्से के पास पहुंचता हूँ। पॉकेट से सौ का एक नोट निकाल कर डालता हूँ। एक चिट उठाता हूँ और दूसरों की  नजर बचाकर उस पर अपना नाम न लिखकर उस सफाई करने वाली का नाम लिख कर डाल देता हूँ। धीरे-धीरे घड़ी की सूई टिक-टिक कर आगे बढ़ रही है। मुझे लगता है यह टिक-टिक नहीं धक-धक कर रही है। और आखिर, वह क्षण भी आ पहुंचा। मालिक आ गए हैं। वे कुछ कह रहे हैं, लेकिन मुझे कुछ भी नहीं सुन रहा। मैं हाथ जोड़ प्रार्थना कर रहा हूँ ‘हे ईश्वर! आज सचमुच कोई चमत्कार कर दे’। मुझे मालूम है कि मैं नाउम्मीद की उम्मीद लगाए बैठा हूँ। तनाव अपनी चरम पर है, लग रहा है कि मेरा सर फट जाएगा, धड़कन बंद हो जाएगी। तभी नाम की घोषणा होती है। अरे यह क्या? मुझे विश्वास नहीं हुआ। वाकई चमत्कार हो गया। उसी के नाम की घोषणा हुई। कुछ क्षणों के लिए स्तबद्धता छा गई और फिर गगनभेदी शोर। हर कोई ऐसे नाच रहा था, जैसे उसी का नाम पढ़ा गया हो।  मैं उठा, धीरे-धीरे चलता हुआ बक्से के पास पहुंचा। उसमें डाले गए चिट देखने लगा। एक-दो, दस-बीस, मैं पागल हो गया। सब पर उसी का नाम लिखा था। यानि केवल मैंने ही नहीं,  हर किसी ने उसी का नाम लिखा था।

हाँ, ऐसा चमत्कार ईश्वर ही करते हैं। लेकिन उनके चमत्कार को धरती पर उतारने के लिए चमत्कारी व्यक्तियों की अवश्यकता होती है। बिना किसी और का इंतजार किए, बिना किसी और का मुंह जोहे, चमत्कारी व्यक्ति बनिए। देखिये आपको भी जीवन में चमत्कार दिखने लगेंगे।

 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने अंदर एंटिवाइरस हमें लगाना है  (🔉०६.०३-१३.४४)

एक बार हम, जो हमारे अंदर घटित होता है उन पर विचार करें। जब भी हमारे दिमाग में कोई विचार प्रवेश करता है तब वह विचार हमारे अंदर एक अनुभूति उत्पन्न करता है। यह अनुभूति पैदा करती है हमारी मनोवृत्ति को। और फिर हमारा कार्य हमारी इस मनोवृत्ति पर निर्भर करता है। और जो कार्य हम बार बार करते हैं हमें उसकी आदत पड़ जाती है। यही हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करती है। और हमारा यह व्यक्तित्व ही हमारा भाग्य बन जाता है। यह है हमारे मन में आये विचार से लेकर हमारे भाग्य तक का सफर। हम यह साफ महसूस कर सकते हैं कि हमारा भाग्य कोई और नहीं लिखता बल्कि हम खुद अपने भाग्य के निर्माता हैं। यह साफ जाहिर है, हमारा हर विचार बेहद महत्वपूर्ण है। लेकिन वह क्या है जो हमारे विचारों का निर्माण करता है? हम सब सकारात्मक सोच की, निर्माण की बात करते हैं लेकिन तब नकारात्मकता,विध्वंस क्यों हमारे अंदर अनजाने स्वाभाविक रूप में प्रवेश कर जाती है?

हमारे अपने अनुभवों  से हमारे विचार प्रभावित होते हैं। विशेष कर सुबह उठते ही और रात को ठीक सोने के पहले हमने जो पढ़ा-सुना उसका सबसे ज्यादा असर होता है। किसी समय सुबह उठ कर अखबार पढ़ना और सोने के पहले समाचार देखना सही होता रहा होगा। अब नहीं। इससे बचें।

इन दो के अलावा वह तीसरी बात जिसका सबसे ज्यादा महत्व है वह है हमारी अपनी मान्यता, हमारा अपना विश्वास और जीवन शैली। हमारा शरीर एक कम्प्युटर है जिसमें हमारी आत्मा इस कम्प्युटर पर कार्य करने वाला ऑपरेटर है और विश्वास इसका ऑपरेटिंग सिस्टम। कौनसा सॉफ्टवेर इस पर काम करेगा और कैसे करेगा यह पूरी तरह इस ऑपरेटिंग सिस्टम पर ही निर्भर करता है। हम यह जानते हैं और बताते रहते हैं कि कौनसा सॉफ्टवेर किस ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेगा और कौनसा नहीं। यह मशीन महत्वपूर्ण है और उसे चलाने वाला भी लेकिन ऑपरेटिंग सिस्टम उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है; कम्प्युटर से उत्पादन उसी के अनुसार होता है। यह शरीर और हमारी आत्मा प्रमुख है लेकिन हमारी अपनी मान्यताएँ हमारा विश्वास उससे भी ज्यादा प्रमुख है और वही हमारे भाग्य का निर्माण करता है। लेकिन इसमें एक और सॉफ्टवेयर अपना कार्य करता है और वह है वाइरस। जैसे  ऑपरेटिंग सिस्टम में एक छोटा सा वाइरस कम्प्युटर की पूरी कार्यप्रणाली को बदल देता है उसी प्रकार एक छोटा सा दूषित विचार हमारी कार्यप्रणाली और हमारे भाग्य को बदल देता  है। कम्प्युटर में जिस प्रकार वाइरस से बचने के लिए एंटिवाइरस लगाते हैं वैसे ही आध्यात्म मानव के लिए एंटिवाइरस है जो हमें दुश्विचारों के प्रदूषण से बचाता है। जिस प्रकार कम्प्युटर में अगर एंटिवाइरस न लगाया जाय तो कम्प्युटर बार बार बंद हो जाता है, सॉफ्टवेर ठीक से काम नहीं करते, डाटा खराब हो जाते हैं ठीक उसी प्रकार मानव में आध्यात्म की कमी  उसे अपने मार्ग से भटका देती है।

शिबानी बेन 
लेकिन इतना कुछ कर के हम शांति से नहीं बैठ सकते। हमें सतत सजग रहना पड़ता है। कम्प्युटर पर काम करते करते हमें ऐसे संकेत मिलते रहते हैं कि अब ऑपरेटिंग सिस्टम को अपडेट करना है, एंटिवाइरस का नवीनीकरण (renewal) करना है, हार्ड डिस्क की सफाई करनी है। वैसे ही हमें जीवन में भी यह संकेत मिलते रहते हैं, जब क्रोध ज्यादा आने लगता है, कष्ट-दु:ख-दर्द के आक्रमण बढ़ने लगते हैं तो हमें समझ लेना चाहिए कि विचारों में कहीं न कहीं विकृति आ रही है। हमें तुरंत सजग होना पड़ता है। हो सकता है कि ये वाइरस कोई व्यक्ति विशेष से आ रहा हो, लेकिन एंटीवाइरस लगाना तो हमारा ही उत्तरदायित्व है, हमारे लिए कोई दूसरा तो नहीं लगाएगा! समय बहुत बदल गया है, हमारे सामने अनेक चुनौतियाँ हैं। यही नहीं लोगों का व्यवहार भी अप्रत्याशित रूप से बदल जाता है। उसका व्यवहार वैसा नहीं होता जैसा हर समय था। एक खुशमिज़ाज़ व्यक्ति, संकट के दौर में, अचानक ही बदल जाता है। वह जहां पहले दिल खोल कर बातें करता था, मिलनसार था लेकिन अब कटा कटा रहने लगा, उसके दिल के दरवाजे बंद रहने लगे। यह हमें समझना चाहिए। सतत सजग रहते हुए समय से कार्यवाही करनी आवश्यक है।

ऐसी अवस्था में हमारा सबसे पहला कर्तव्य है अपने आप को बचाना। एक स्वस्थ्य व्यक्ति ही दूसरे की सहायता कर सकता है। हवाई जहाज के उड़ान भरने के पहले बताया जाता है कि आपद अवस्था में ऑक्सीज़न का मास्क पहले अपने नाक-मुंह पर लगाएँ, फिर अपने बच्चे की सहायता करें। अपने आप को स्वस्थ्य रखना पहली आवश्यकता है। हम तभी दूसरों की सहायता कर सकते हैं। अगर किसी के व्यवहार से हमें कष्ट हुआ, उसने हमारे पास वाइरस भेजा तो पहले हमें अपने एंटिवाइरस से उसे निरस्त करना है। इसके बाद ही उसकी जांच पड़ताल करनी है। हो सकता है कि उसके इस  व्यवहार का कारण उस पर हुए किसी अन्य व्यक्ति के वाइरस के कारण हुआ हो। अगर हम खुद स्वस्थ्य नहीं हों, तो हो सकता है उसका दर्द दूर न कर हम अपनी तरफ से एक वाइरस उसकी तरफ भेज दें। हमारे चारों तरफ रहने वालों का व्यवहार, उनकी स्वीकृति और रजामंदी हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हम पर उनका प्रभाव पड़ता है; हाँ इस प्रभाव की तीव्रता कम-ज्यादा हो सकती है लेकिन हमें इसका ध्यान रखना ही पड़ता है। इसलिए हम किन और कैसे लोगों के बीच रहते हैं यह बहुत महत्वपूर्ण है।

(टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित, शिवानी बेन एवं सुरेश ओबेरॉय के मध्य हुई बात के आधार पर)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

पहचान (🔉१३.४४-१५.०६)

एक युवक ईश्वर से मिलना चाहता था। उसने प्रार्थना की, ईश्वर मुझसे बात करो। तभी एक चिड़िया चहचहाई, लेकिन युवक ने नहीं सुना। उसने फिर ईश्वर से कहा, मुझसे बात करो। तब आकाश में तूफानी गर्जन हुई। युवक ने फिर ध्यान नहीं दिया। उसने फिर कहा, ‘ईश्वर मैं आपको देखना चाहता हूँ’। तभी आकाश में एक सितारा चमका, लेकिन युवक का ध्यान दूसरी ओर था। अब युवक  चिल्लाया, ईश्वर मुझे कोई चमत्कार दिखाइये। तभी अचानक उसके सामने एक गिलहरी आई, लेकिन  वह इस बात को नहीं जान पाया। अब वह रोते रोते कहने लगा, भगवान मुझे छूएँ ताकि मुझे पता लगे कि आप यहाँ हैं। तब ईश्वर नीचे पहुंचे और उन्होंने  युवक को छुआ, लेकिन युवक ने हाथ पर बैठी तितली को हटाया और अपने रास्त चल दिया।

ईश्वर अलग-अलग रूप में सामने आते हैं, हम ही उन्हें पहचान नहीं पाते। 

(‘उजाले के गाँव में’ से)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी – श्री अरविंद की जुबानी (🔉१५.०६-२२.३४)

(पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल में थे। जेल के इस जीवन का श्री अरविंद ने ‘कारावास की कहानी’ के नाम से रोचक, सारगर्भित एवं पठनीय वर्णन किया है। ‘अग्निशिखा’ में इसके रोचक अंश प्रकाशित हुए थे। इसे हम जनवरी माह से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इसी कड़ी में यहाँ इसका चौथा अंश है।)

(४)

निर्जन कारावास का सुख

कंबल, थाली-कटोरी का प्रबंध कर जेलर के चले जाने पर कंबल पर बैठ मैं जेल का दृश्य देखने लगा। लालबजार की हवालात की अपेक्षा यह निर्जन कारावास अधिक अच्छा लगा। वहाँ उस विशाल कमरे की निर्जनता मानों अपनी विशाल काया को विस्तारित करने का अवकाश पा निर्जनता को और भी गहन कर दे रही थी। यहाँ छोटे से कमरे की दीवारें मानों बंधु-रूप में पास आ, ब्रह्ममय हो, आलिंगन में भर लेने को तैयार थीं। वहाँ दो तल्ले के कमरे की ऊँची-ऊँची खिड़कियों से बाहर का आकाश भी नहीं दिखता था, इस संसार में पेड़-पत्ते, मनुष्य, पशु-पक्षी, घर-द्वार भी कुछ हैं, बहुत बार उसकी कल्पना करना भी कठिन हो जाता था। यहाँ आँगन का दरवाजा खुला होने पर, सरियों के पास बैठने से बाहर जेल की खुली जगह और कैदियों का आना-जाना देखा जा सकता है। आँगन की दीवार से सटा वृक्ष था, उसकी नयनरंजन निलिमा से प्राण जुड़ जाते। छह डिक्री के छह कमरों के सामने जो संतरी घूमता रहता उसका चेहरा और पदचाप बहुत बार परिचित बंधु के चलने-फिरने की तरह प्रिय लगती। कोठरी के पार्श्ववर्ती गोहालघर के कैदी कोठरी के सामने से गौएँ चरने ले जाया करते। गौ और गोपाल थे प्रतिदिन के प्रिय दृश्य। अलीपुर के निर्जन कारावास में अपूर्व प्रेम की शिक्षा पायी। यहाँ आने से पहले मनुष्यों के साथ मेरा व्यक्तिगत प्रेम अतिशय छोटे घेरे में घिरा था और पशु-पक्षियों पर रुद्ध प्रेम-स्त्रोत तो बहता ही नहीं था। याद आता है, रवि बाबू की एक कविता में भैंसे के प्रति एक ग्राम्य बालक का गंभीर प्रेम बहुत सुंदर ढंग से वर्णित हुआ है। पहली बार पढ़ने पर वह जरा भी हृदयंगम नहीं हुई थी, भाव-वर्णन में अतिशयोक्ति और अस्वाभाविकता का दोष देखा था। अब पढ़ने पर उसे दूसरी दृष्टि से देखता। अलीपुर में रहकर समझ सका कि सब तरह के जीव, मनुष्य के प्राणों में कितना गंभीर स्नेह स्थान पा सकते हैं। गौ, पक्षी, चींटी तक को देख कितने तीव्र आनंद के स्फुरण में  मनुष्य का प्राण अस्थिर हो सकता है।

अद्भुत भोजन और कुशल-क्षेम

कारावास का पहला दिन शांति से कट गया। सभी कुछ नया था, इससे मन में स्फूर्ति जगी। लालबजार की हवालात से तुलना करने पर इस अवस्था में भी प्रसन्नता हुई और भगवान पर निर्भर था इसलिए यहाँ की निर्जनता भी भारी नहीं पड़ी। जेल के खाने की अद्भुत सूरत देख कर भी इस भाव में कोई आघात नहीं पड़ा। मोटा भात, उसमें भूसी, कंकड़, कीड़ा, बाल आदि कितने तरह के मसालों से पूर्ण – स्वादहीन दाल में जल का अंश ही अधिक, तरकारी में निरा घास-पात का साग। मनुष्य का खाना इतना स्वादहीन और निस्सार हो सकता है यह पहले नहीं जानता था। साग की यह विषण्ण गाढ़ी कृष्ण मूर्ति देख कर ही डर गया, दो ग्राम खा उसे भक्तिपूर्ण नमस्कार कर, एक ओर सरका दिया। सब कैदियों के भाग्य में  एक ही तरकारी बदी थी, और एक बार कोई  तरकारी शुरू हो जाए तो अनंत काल तक वही चलती थी। उस समय साग का राज्य था। दिन बीते, पखवारे बीते, माह बीते किन्तु दोनों समय वही साग, वही दाल, वही भात। चीज़ें तो क्या बदलनी थीं, रूप में भी कतई परिवर्तन नहीं होता था। उसका वही नित्य, सनातन, अनाद्यनन्त, अपरिणामातीत अद्वितीय रूप। दो दिन में ही कैदियों में इस नश्वर माया-जगत के स्थायित्व पर विश्वास जनमने लगेगा। इसमें भी अन्य कैदियों की अपेक्षा मैं भाग्यशाली रहा, यह भी डाक्टर बाबू की दया से। उन्होंने अस्पताल से मेरे लिए दूध की व्यवस्था की थी, इससे कुछ दिन के लिए साग-दर्शन से मुक्ति मिली।

उस रात जल्दी सो गया। किन्तु निश्चिंत निद्रा निर्जन कारावास का नियम नहीं है, उससे कैदियों की सुखप्रियता जग सकती है। इसीलिए नियम है कि जितनी बार पहरा बदले उतनी बार कैदी को हाँक मार कर उठाया जाता है और हुंकारा न भरने तक छोड़ते नहीं। जो-जो छ्ह डिक्री का पहरा देते थे उनमें से बहुत-से इस कर्तव्य-पालन से विमुख थे। सिपाहियों में प्राय: ही कठोर कर्तव्य-ज्ञान की अपेक्षा दया और सहानुभूति अधिक थी, विशेषत: हिंदुस्तानियों के स्वभाव में। किन्तु कुछ लोगों ने नहीं बख्शा।  वे हमें इस तरह जगा यह कुशल संवाद पूछते : “बाबू, ठीक हैं तो?” यह असमय का हँसी-मज़ाक सदा नहीं सुहाता पर समझ गया कि जो ऐसा करते हैं वे सरल भाव से नियम वश ही हमें उठाते हैं। कई दिन, विरक्त होते हुए भी, इसे सह गया। अन्तत:, निद्रा की रक्षा के लिए धमकी देनी पड़ी। दो-चार बार धमकाने के बाद देखा कि रात को कुशल-क्षेम पूछने की प्रथा अपने-आप ही उठ गयी।                                           (क्रमश:, आगे अगले अंक में)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों, नीचे दिये गये ‘एक टिप्पणी भेजें’ पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

सोमवार, 1 मार्च 2021

सूतांजली मार्च 2021

सूतांजली

~~~~~~~~

वर्ष : ०४ * अंक : ०८                   🔊(00.00-19.35)                        मार्च  * २०२१

“क्या आप ईश्वर में विश्वास करते हैं?”

“नहीं, मैं ईश्वर में विश्वास नहीं करता।

मैं जानता हूँ  कि ईश्वर है.”

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कैसा जीवन चाहिये? गुलाम का या मालिक का? (🔉00.00-04.37)

कैसा जीवन खोजते हैं आप? – एक गुलाम जैसा या एक मालिक जैसा! बड़ा बेहूदा सा प्रश्न प्रतीत होता है। यह भी कोई पूछने वाली बात है! गुलामी का जीवन भी कोई जीवन है? गुलामी में तो जीवन केवल जाता है, आता नहीं। गुलामी का जीवन बस एक आभास होता है, सपना होता है, आशा रहती है, मिलेगा लेकिन मिलता कुछ नहीं। तब फिर इस प्रश्न का क्या औचित्य है? आप का जीवन मालिक का है या गुलाम का? कैसा भी हो,  आप मालिक हैं–किसके, गुलाम हैं-किसके? यह आपको ही समझना है, आपको ही निर्णय लेना है।

मालिक से अर्थ है, ऐसे जीना जैसे जीवन अभी और यहीं है। कल पर छोड़कर नहीं, आशा में नहीं। मालिक के जीवन का अर्थ है, मन गुलाम हो, चेतना मालिक हो। होश मालिक हो, वृत्तियाँ मालिक न हो। विचारों का उपयोग किया जाये, विचार हमारा उपयोग न करें। विचारों को हम काम में लगा सकें, विचार हमें काम में न लगा दे। जीवन की लगाम हमारे हाथ में हो। जीवन वहीं जाये जहां हम उसे ले जाना चाहें। हमें अपने मन के पीछे घसीटना न पड़े।

गुलाम का जीवन बेहोशी का जीवन है। जैसे सारथी नशे में हो, लगाम ढीली पड़ी हो, घोड़ों की जहां मर्जी हो ले जायें। खड्डे में डालें, दु:ख-दर्द में डालें, रास्ते से भटक जायें और सारथी बेहोश पड़ा हो।

महाभारत में बड़ा अच्छा उदाहरण है। कुरुक्षेत्र के मैदान में कृष्ण सारथी हैं। कृष्ण को  सारथी देखकर बड़ा अजीब सा लगता है। जब चैतन्य सारथी हो, जब हमारा जो श्रेष्ठतम है उसके हाथ में लगाम हो तब रथ सही दिशा में, सही रास्ते पर है। अर्जुन रथ पर बैठा है और कृष्ण सारथी हैं। अर्जुन कुछ नहीं है, कृष्ण सब कुछ हैं। उदाहरण सरल और समझने योग्य है। कौन है मालिक कौन है गुलाम? यही समझना है। हमारे अंदर जो कुछ नहीं है, कहीं वो सारथी नहीं बन जाये। हमारे अंदर जो सब कुछ है, वही सारथी बने।

ऊपरी तौर पर लगता है कि अर्जुन मालिक है और कृष्ण गुलाम। हमारी हालत उल्टी है, या गीता उल्टी है? हमें लगता है हम मालिक हैं, हमारी गीता सही है। लेकिन विचार करो। व्यास की गीता ही सही है। मन रथ में बैठा हो तो कोई हर्ज़ नहीं, अगर, ध्यान सारथी हो। तब मालिकपना आता है, तब हम मालिक बनते हैं, नहीं तो गुलाम ही हैं।

आप मालिक हैं या गुलाम? आप को ही मालूम है। आप को क्या बनना है - मालिक या गुलाम? निर्णय आपको ही लेना है। 

हमारे देश में सन्यासी को ‘स्वामी’ कहते हैं। स्वामी का अर्थ मालिक, यानि जिसकी गीता सही है। अर्जुन रथ में बैठा है और कृष्ण सारथी हैं – वही स्वामी है।

-       (ओशो के प्रवचन पर आधारित)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

सुखी जीवन, आपकी मुट्ठी में (🔉04.37-12.10)

एक बड़ी कंपनी में कार्यरत महिला लिखती हैं:

‘उस वर्ष कंपनी में अनेक उठा-पटक हुए। अब कंपनी के कर्मचारियों का वार्षिक मूल्यांकन चल रहा था। सभी बेहद तनाव में थे। चाय पर, भोजन पर, गलियारों में, आते-जाते सब केवल इसी की चर्चा कर रहे थे। कौन रहेगा, कौन जाएगा, किसकी तरक्की होगी, किसकी अवनति होगी? जितनी मुंह उतनी बातें। मैं उस तनाव को झेल नहीं पा रही थी। अत: हरिद्वार एक आश्रम में  ‘ध्यान-शिविर’ में चली गई। दोपहर 1-2 बजे एक लड़का कमरा साफ करने आया और बताया कि वह इसके पहले नहीं आ सकता क्योंकि उसे 50 कमरे साफ करने होते हैं। मेरे चहरे पर आए भाव को पढ़ते हुए उसने आगे कहा कि यह उतनी खराब अवस्था नहीं है जितना मैं समझ रही हूँ। उसने यह भी  बताया कि उसे यह काम करते अभी 3 दिन ही हुए हैं। इसके पहले वह एक गाड़ी मरम्मत गराज़ में काम करता था जहां उसे मासिक 5000 रुपए मिला करते थे। वहाँ से उसकी ‘छुट्टी’ हो गई। मुझे झटका सा लगा। लेकिन वह सामान्य बना आगे कहता रहा, इसमें चिंता की क्या बात है! यह होना था तो हुआ। मैं अभी युवा हूँ और मेहनत कर सकता हूं। देर-सबेर कोई न कोई अच्छी नौकरी मिल ही जाएगी। लेकिन मैंने कहा कि 5000 रुपए महिना कम नहीं होते। वह हंसने लगा, रुपयों का क्या, वे तो ऐसे ही आते – जाते रहते हैं। मैं सोचने लगी, यह ‘अनपढ़-अशिक्षित’ एकदम बे-फिक्र, आनंदमग्न और मैं ‘पढ़ी-लिखी’ चिंता को न झेल पाने के कारण भाग आई?

खुशी की परिभाषा व्यक्ति-व्यक्ति के लिए अलग-अलग है। जब एक पाश्चात्य पत्रकार ने गांधी से उनकी खुशी का कारण पूछा तो उन्होंने ईशा उपनिषद के पहले श्लोक का हवाला देते हुआ कहा ‘त्याग और आनंद’ (renounce and enjoy)। त्याग में ही असली आनंद है। त्याग भौतिक वस्तुओं का, कामनाओं का, इच्छाओं का। लेकिन जब यही बात एक गणितज्ञ से पूछी गई तो उसने गणितीय भाषा में ही जवाब दिया – खुशी = साधन / आवश्यकता। जैसे जैसे हमारे साधन बढ़ते जाते हैं हमारी खुशी थोड़ी-थोड़ी बढ़ती जाती है लेकिन जैसे जैसे हमारी आवश्यकता कम होने लगती है, खुशी तेजी से बढ़ती है। और अगर आवश्यकता ‘0’ हो जाए, जो असंभव सी है, तो खुशी अनंत हो जाती है। यही प्रश्न जब एक दार्शनिक से किया गया तो उसने कहा, ‘जब हम अपने जीवन और वस्तुओं की तुलना दूसरों से करना बंद कर देते हैं हमारी खुशी में इजाफा होने लगता है। हमें ईश्वर का प्रसाद तीन तरह से मिलता है – प्रसन्नता, आनंद और सुख। भौतिक इंद्रियों से प्रसन्नता मिलती है, अच्छे लोगों से संबंध होने से आनंद की प्राप्ति होती है, लेकिन सच्चा सुख जब हमारा संबंध ईश्वर से स्थापित होता है तब मिलता है।  ‘प्रसन्नता-आनंद-सुख’ वक्ताओं के शब्द हैं, इनके गोरख-धंधे में न पड़ कर भावार्थ पर ही ध्यान दें। इन तीनों ही अवस्थाओं में खुशी की मात्रा उस व्यक्ति के हाथ में ही है।

गोपिकाएं यमुना में पानी से भरी भारी मटकियों को बड़ी कठिनाई से सर पर उठा रही थीं। कृष्ण दूर से देख रहे थे लेकिन उन्होंने उनकी सहायता करने का कोई प्रयास नहीं किया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद जब वे उसे उतारने लगीं, तब कृष्ण उनकी सहायता के लिए उठ खड़े हुए। कृष्ण के इस व्यवहार से गोपियों को बड़ा आश्चर्य हुआ। कृष्ण ने कहा मेरा कार्य मानव का ‘बोझ’ बढ़ाना नहीं, उनका बोझ उतारना है। हम ईश्वर से प्राय: वे वस्तुएँ - नाम, दाम, काम - मांगते हैं जो वे हमें देना नहीं चाहते क्योंकि वे हमारा बोझ बढ़ाती हैं, हमें सुख नहीं देतीं। सत्यसाईं बाबा कहा करते थे ‘कम सामान, ज्यादा आराम, सुहाना सफर’। जिंदगी के इस सफर में हमारे पास आवश्यकता जितनी कम होगी सफर उतना ही ज्यादा आरामदायक होगा। असली त्याग धन-संपत्ति का दान नहीं; इच्छाओं एवं कामनाओं को छोड़ना ही असली त्याग है। यह हमारे हाथ में ही है।

मानवीय चेतना की तीन विशेषताएँ हैं – भला दिखना, भला अनुभव करना और भला होना। हम सब अपनी अपनी सोच के मुताबिक इनमें से कुछ भी अपना सकते हैं। लेकिन तीनों में बड़ा फर्क है और ये हमें तीन अलग अलग गंतव्यों तक पहुँचातेहैं। भला दिखना यानि भौतिक एवं वैचारिक स्तर पर। वैश्विक बाजार को हमारे ‘दिखना’ में ही ज्यादा रुचि है। इसमें कोई बुराई नहीं है। भला  दिखने की कोशिश में हम स्वत: इससे आगे बढ़ जाते हैं – ‘अनुभव’ और ‘होने’ की क्रिया की तरफ। लेकिन बहुत बार तो ‘दिखने’ की चिंता या अंधी दौड़ में हम अपना जीवन दुखों से भर लेते हैं। उसी प्रकार भला अनुभव करना भी ‘होने’ की तरफ ही अग्रसर होना चाहिए; अन्यथा: यह हमारी भौतिक  क्रिया ही बन कर रह जाए, हमें नशे की आदत डाल दे। नशा किसी का भी हो सकता है – दारू का, नशीली पदार्थ का, धन का, नाम का, शक्ति का। लेकिन जब हम ‘दिखना’ और ‘अनुभव’ से आगे चल कर ‘होना’ की परिस्थिति में आ जाते हैं तब हमें परम सुख की अनुभूति होने लगती है और इस की सुगंध भी चारों दिशा में फैलने लगती है, दूसरों को भी प्रभावित करती है, उन्हें भी सुख की प्रतीति होती है।

गहराई से विचार करें तो समझ आती है सुख कहें या शांति, आनंद कहें या खुशी, या कोई और भी नाम दें, ये सब हमारे अंदर ही है, हमारे हाथ में ही है। न तो यह बाहर है और न ही किसी दूसरे के बस में। जो भी करना है हमें करना है। दूसरे मंजिल दिखा सकते हैं, उस पर चलना तो हमें ही होगा।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

गुरु पर भरोसा (🔉12.10-14.42)

भयानक कार दुर्घटना में अपना बायाँ हाथ खो चुकने के बाद भी १० वर्षीय जतिन की जूडो सीखने की तीव्र इच्छा थी। एक दिन वह एक बूढ़े जापानी जूडो गुरु के पास पहुंचा। साहस जुटाकर उसने उनसे जूडो सीखाने का आग्रह किया। गुरु ने उसे अपने शिष्यों में शामिल कर लिया। अगले दिन से वह नियमित अभ्यास में शामिल होने लगा। वह खूब मन लगाकर अच्छी तरह से सीख रहा था। लेकिन उसे समझ नहीं आ रहा था कि पिछले तीन महीने से वह एक ही पैंतरा क्यों सीख रहा है? एक दिन उसने अपने गुरु से पूछ ही लिया, ‘क्या मुझे और पैंतरे नहीं सीखने चाहिए”?

“सिर्फ यही एक पैंतरा है जिसे तुम जानते हो और यही वह पैंतरा है जिसे तुम्हें जानना चाहिए”, गुरु ने जवाब दिया।

उसे बात समझ नहीं आई, लेकिन अपने गुरु पर विश्वास करते हुए उसने उस एक पैंतरे का अभ्यास जारी रखा। कुछ महीनों बाद, गुरु जतिन को एक प्रतियोगिता में ले गया। जतिन ने पहले दौर में जीत हासिल कर ली। दूसरे दौर को भी जतिन ने आसानी से जीत लिया। तीसरे दौर में उसका मुक़ाबला एक वरिष्ठ, मजबूत और अनुभवी खिलाड़ी से होना था। जतिन उसकी तुलना में छोटा था और अपरिपक्व भी। उसे चोट न लग जाए इसलिए रेफरी ने खेल को रोकने का आदेश दिया। गुरु ने बीच में टोकते हुए कहा, ‘नहीं, उसे खेलने दीजिये’। जल्दी ही, रिंग में दूसरा खिलाड़ी हारने लगा। अंत में  उसने प्रतियोगिता जीत ली। घर लौटते समय लड़के ने जिज्ञासा से अपने गुरु से पूछा, ‘गुरुजी, मैं सिर्फ एक ही पैंतरा से प्रतियोगिता कैसे जीत गया’? गुरु ने जवाब दिया, ‘तुम दो कारणों से जीते’। पहला, तुमने जूडो के सबसे कठिन पैंतरे में माहरत हासिल की। और दूसरा यह कि तुम्हारे उस पैंतरे से बचने के लिए प्रतिद्वंदी को तुम्हारा बायाँ हाथ पकड़ना पड़ता है’।   

सही शिक्षा हर कमजोरी को ताकत में बदलने की क्षमता रखती है।

(‘उजाले के गाँव में’ से)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी -श्री अरविंद की जुबानी(🔉14.42-19.35)

(पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल में थे। जेल के इस जीवन का श्री अरविंद ने ‘कारावास की कहानी’ के नाम से रोचक वर्णन किया है। ‘अग्निशिखा’ में इसके रोचक अंश प्रकाशित हुए थे। इसे हम जनवरी माह से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इसी कड़ी में यहाँ इसका तीसरा अंश है।)

(3)

पानी की व्यवस्था

नहाने की व्यवस्था से पीने के पानी की व्यवस्था और भी निराली थी। गर्मी का मौसम, मेरे छोटे-से कमरे में हवा का प्रवेश लगभग निषिद्ध था। किंतु मई महीने की उग्र और प्रखर धूप बेरोक-टोक घुस आती थी । कमरा जलती भट्टी-सा हो उठता था । इस भट्टी में तपते हुए अदम्य जलतृष्णा  को कम करने का उपाय था वही टीन की बाल्टी का अर्घ-उष्ण जल । बार-बार वही पीता था, प्यास तो नहीं ही बुझती थी वरन् पसीना छूटता और कुछ देर में फिर से प्यास लग आती थी । पर हां, किसी-किसी के आंगन में मिट्टी की सुराही रखी होती, वे अपने पूर्वजन्म की तपस्या का स्मरण कर अपने को धन्य मानते । घोर पुरुषार्थवादी को भी भाग्य में विश्वास करने को बाध्य होना पड़ता था, किसी के भाग्य में ठण्डा पानी बदा था तो किसी के भाग्य में प्यास, सब था भाग्य का फेर । अधिकारीगण, पूर्ण पक्षपात-रहित हो कलसी या बाल्टी वितरण करते थे । इस यदृच्छा-लाभ से मेरे संतुष्ट होने या न होने से भी मेरा जल-कष्ट जेल के सुहृदय डाक्टर बाबू को असह्य हो उठा । वे कलसी जुटाने में लगे किंतु क्योंकि इस बंदोबस्त में उनका हाथ नहीं था इसलिये बहुत दिन तक इसमें सफल नहीं हुए, अंत में उनके ही कहने से मुख्य जमादार ने कहीं से कलसी का आविष्कार किया । उससे पहले ही तृषा के साथ अनेक दिन के घोर संग्राम से मैं पिपासा-मुक्त हो चला था ।

शयन सुख

इस तप्त कमरे में बिस्तर के नाम को थे दो जेल के बने मोटे कम्बल । तकिया नदारद, एक कम्बल को नीचे बिछा लेता और दूसरे की तह करके तकिया बना सोता । जब गर्मी असह्य हो उठती और बिस्तर पर न रहा जाता तब मिट्टी में लोट लगा, बदन ठण्डा कर आराम पाता था । माता वसुन्धरा  की शीतल गोद के स्पर्श का क्या सुख है यह तभी जाना । फिर भी, जेल में उस गोद का स्पर्श बहुत कोमल नहीं होता, उससे निद्रा के आगमन में बाधा आती अतः कम्बल की शरण लेनी पड़ती । जिस दिन वर्षा होती वह दिन भारी आनंद का दिन होता । इसमें भी एक असुविधा यह थी कि झड़ी-झंझा होते ही धूल, पत्ते और तिनकों से भरे प्रभंजन के ताण्डव नृत्य के बाद मेरे पिंजरे के अंदर बाढ़-सी आ जाती । ऐसे में रात को भीगा कम्बल ले कमरे के एक कोने में दुबकने के सिवा कोई चारा न रहता । प्रकृति की इस विशिष्ट लीला के समाप्त होने पर भी  जलप्लावित धरती जबतक सूख नहीं जाती थी तबतक निद्रादेवी की आशा छोड़ विचारों का दामन पकड़ना पड़ता था । एकमात्र सूखी जगह थी शौच के आसपास किंतु  वहां कम्बल बिछाने की प्रवृत्ति न होती । इन सब असुविधाओं के होते हुए भी झड़ी-झंझा के दिन भीतर खूब हवा आती और कमरे की जलती भट्टी का ताप दूर हो जाता इसलिये झड़ी-झंझा का सादर स्वागत करता।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों, नीचे दिये गये ‘एक टिप्पणी भेजें’ पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


सोमवार, 1 फ़रवरी 2021

 सूतांजली

~~~~~~~~

    

वर्ष : ०४ * अंक : ०७                🔊(००.००-१७.१४)                                   फरवरी * २०२१

बिना पुण्य किये

पुण्य का फल सबों को चाहिये लेकिन

पाप करके भी

पाप का फल किसी को नहीं चाहिये।

------------------ 000 ----------------------

यक्ष प्रश्न (🕩00.00- 0७.२८)   

(महाभारत का यक्ष-युधिष्ठिर संवाद ‘यक्ष प्रश्न’ के नाम से भी जाना जाता है। एक सरोवर की रक्षा कर रहे यक्ष के प्रश्नों के उत्तर देकर युधिष्ठिर अपने चारों भाइयों को बचा लाता है। यह कठिन प्रश्नोत्तर हैं – प्रश्न भी और उत्तर भी। ये जीवन के मूलभूत प्रश्न हैं। इन प्रश्नोत्तरों को आमजन तक पहुँचने के लिए टीकाकारों ने इसे अलग अलग ढंग से बताया और समझाया है। ये वे प्रश्न हैं जिन्हें हमारे मन में भी उठने चाहिए और हमें इनका उत्तर ढूँढना चाहिए। हाँ, युधिष्ठिर ने इनके उत्तर दिये हैं जो सटीक हैं लेकिन इस पर स्वयं मनन करने की आवश्यकता है। चिन्मय मिशन ने उपनिषदों पर आधारित एक सीरियल ‘उपनिषद गंगा’ का निर्माण कराया था। यह टीवी के विभिन्न चैनलों पर दिखाया गया था और इसकी डीवीडी भी उपलब्ध है। प्रस्तुत वार्ता इसी सीरियल से लिया गया है।)



 यक्ष अपना पहला प्रश्न करता है, “कौन हूँ मैं?”

“तुम न ये शरीर हो, न इंद्रियाँ, न मन, न बुद्धि। तुम शुद्ध चेतना हो। वह चेतना जो सर्व साक्षी है,” युधिष्ठिर ने उत्तर दिया।

“जीवन का उद्देश्य क्या है?”, यक्ष ने अगला प्रश्न किया।

युधिष्ठिर, “जीवन का उद्देश्य उसी चेतना को जानना है जो जन्म और मरण के बंधन से मुक्त है। उसे जानना ही मोक्ष है”।

“जन्म का कारण क्या है?”

“अतृप्त वासनायें, कामनाएँ और कर्म फल यही जन्म का कारण हैं”।

“जन्म और मरण के बंधन से मुक्त कौन है?”

“जिसने स्वयं को, उस आत्मा को जान लिया। वह जन्म और मरण के बंधन से मुक्त है”।

यक्ष ने अगला प्रश्न किया, “संसार में दु:ख क्यों है?”

“लालच, स्वार्थ, भय संसार के दु:ख के कारण हैं”, युधिष्ठिर ने बताया।

“तब फिर ईश्वर ने दु:ख की रचना क्यों की?”

“ईश्वर ने संसार की रचना की। और मनुष्य ने अपने विचार और कर्मों से दु:ख और सुख की रचना की”।  

“क्या ईश्वर है? कौन है वह? क्या रूप है उसका? वह स्त्री है या पुरुष है?” यक्ष ने पूछा।

युधिष्टिर ने कहा, “कारण के बिना कार्य नहीं। यह संसार उसके अस्तित्व का प्रमाण है। तुम हो, इसलिए वो भी है। उसी महान कारण को अध्यात्म में ईश्वर कहा गया है। वह न स्त्री है न पुरुष। वह सत-चित-आनंद है। वह निराकार सभी रूपों में अपने को व्यक्त करता है”।

“वह निराकार स्वयं करता क्या है?”

“वह निराकार संसार की रचना, पालन और संहार करता है”।

“यदि ईश्वर ने संसार की रचना की तब ईश्वर की रचना किसने की”?

“वह अजन्मा, अमृत और अकारण है”।

यक्ष ने पूछा, “भाग्य क्या है?”

युधिष्ठिर ने कहा, “हर क्रिया, हर कार्य का एक परिणाम है। परिणाम अच्छा भी हो सकता है, परिणाम बुरा भी हो सकता है। यह परिणाम ही भाग्य है। आज का प्रयत्न कल का भाग्य है”।

यक्ष के प्रश्न समाप्त नहीं हो रहे थे, “सुख और शांति का रहस्य क्या है?”

युधिष्ठिर भी शांत चित्त हर प्रश्न का उत्तर दिये जा रहा था, “सत्य, सदाचार, प्रेम और क्षमा सुख का कारण है। असत्य, अनाचार, घृणा और क्रोध का त्याग शांति का मार्ग है”।

“सत्य पर नियंत्रण कैसे संभव है?”

“इच्छाएं और कामनायें चित्त में उद्वेग उत्पन्न करती हैं। इच्छाओं पर विजय चित्त पर विजय है”।

अगला प्रश्न, “सच्चा प्रेम क्या है?”

और उसका उत्तर, “स्वयं को सभी में देखना, सच्चा प्रेम है। सब को सर्व व्याप्त देखना, सच्चा प्रेम है। स्वयं को सभी के साथ एक देखना, सच्चा प्रेम है”।

“तब फिर मनुष्य सभी से प्रेम क्यों नहीं करता?”

“जो सभी में स्वयं को नहीं देख सकता, वह सभी से प्रेम नहीं कर सकता”।

“तो आसक्ति क्या है?”

“प्रेम में मांग, अधिकार, अपेक्षा आसक्ति है”।

“बुद्धिमान कौन है?”

“जिसके पास विवेक है”।

“नशा क्या है?”

“आसक्ति”।

“चोर कौन है?”

“इंद्रियों के आकर्षण जो इंद्रियों को हर लेते हैं, चोर हैं”।

“जागते हुए भी सोया कौन है?”

“जो अपने आप को नहीं जानता, वह सोया है”।

“कमल के पत्ते पर पड़े जल की तरह अस्थाई क्या है?”

“यौवन, धन और जीवन”।

“नर्क क्या है?”

“इंद्रियों की दासता नर्क है”।

“मुक्ति क्या है?” लगता है यक्ष के प्रश्न समाप्त हो रहे हैं।

लेकिन युधिष्ठिर धैर्य पूर्वक उत्तर दिये जा रहा था, “अनासक्ति ही मुक्ति है”।

“दुर्भाग्य का कारण क्या है?”

“मद और अहंकार”।

“सौभाग्य का कारण क्या है?”

“सत्संग और सबके प्रति मैत्री भाव”।

“सारे दु:खों का नाश कौन कर सकता है?”

“जो सब छोड़ने को तैयार हो”।

“मृत्यु पर्यंत यातना कौन देता है”।

“गुप्त रूप से किया गया अपराध”।

“दिन रात किस बात का विचार करना चाहिये?”

“संसारी सुखों की क्षण भंगुरता का”।

“संसार को कौन जीतता है?”

“जिसमें सत्य और श्रद्धा है”।

“भय से मुक्ति कैसे सम्भव है?”

“वैराग्य से”।

“मुक्त कौन है?”

“जो अज्ञान से परे है”।

“अज्ञान क्या है?”

“आत्म ज्ञान का अभाव ही अज्ञान है?”

“दु:खों से मुक्त कौन है?”

“जो कभी क्रोध नहीं करता”।

“वह क्या है जो अस्तित्व में है भी और नहीं भी?”

“माया”।

“माया क्या है?

“नाम और रूप धारी नाशवान जगत”।

“परम सत्य क्या है?” यक्ष उद्विग्न होने लगा।

युधिष्टिर ने हाथ जोड़ कहा, “ब्रह्म”।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अंधेरा (🕩०७.२८-१२.२४)

·          अंधेरा, अंधकार, अँधियारा, तमस, रात, तम, तिमिर

·          अज्ञानता, मतिभ्रम, निराशा, अवसाद, रहस्य, अप्रसिद्धि, अपमान, मृत्यु

·          तमोगुण, काम, क्रोध, मद, लोभ

·          असत्य, अधर्म, अन्याय, पाप

·          प्रकाश उत्साह देता है तो अंधकार निराशा

·          सूर्य का आगमन नये दिन के शुरुआत की घोषणा करता है, तो अंधकार का आना दिन का नाश करता है

·          दिन में सूर्य प्रकाशित होता है तो रात्रि में चाँद, तारे, दीपक, मोमबत्ती, मशाल, बिजली अंधेरे का नाश करते हैं

·          जरा ठहरो, यानि प्रकाश के लिये किसी का होना आवश्यक है! चाहे वह सूर्य हो या चाँद-तारे, या दीपक, बिजली या कुछ और!

·          तब तो प्रकाश का अस्तित्व  किसी पर आश्रित है, परतंत्र है और अंधकार स्वत: है, स्वतंत्र है! किसी का न होना ही अंधकार है।

·          तब तो प्रकाश के कारण अंधकार नहीं, बल्कि अंधकार के कारण प्रकाश है? अगर अंधकार न हो तो प्रकाश का क्या मोल?

·          प्रकाश तो कठोर और अंहकारी भी प्रतीत होता है। उसे अंधकार से सख्त नफ़रत है। जहां भी जाता है उसे मार कर भगा देता है।

·          इसके विपरीत अंधकार सरल और नम्र है। प्रकाश को अधिकतम फैलाव देने के लिए शालीनता से दीपक के तलवे के नीचे सिमट जाता है, पेड़ों की ओट में दुबक जाता है, भवन के पीछे दुबक जाता है, और तो और पैरों के नीचे दब जाता है।

·          दिन के प्रकाश में मनुष्य अंहकारी, तनावग्रस्त होता है, मुखौटा लगाये  होता है। लेकिन अंधेरे में मानव सहज होता है, सरल होता है, बिना मुखौटे के होता है।

·          रात के अंधेरे में ही मानव के साहस का परिचय होता है, उसके चरित्र का पता चलता है। यही नहीं उसके गुणों – शक्ति, साहस, संयम, धैर्य, सहनशीलता – का विकास उजाले के बजाय अंधेरे में ही ज्यादा होता है।

·           तेज प्रकाश अंधेरा ही उत्पन्न करता है। दिन के प्रकाश में थक जाने के बाद विश्राम के लिए अंधेरे की ही आवश्यकता होती है।

·          सम्पूर्ण प्रकृति के सृजन का कार्य भी पूर्ण अंधकार में ही होता है चाहे वह माँ का गर्भ हो या मिट्टी के अंदर। यही क्यों सब उपलब्ध धातुएँ-खनिज का निर्माण भूगर्भ के गहन अंघेरे में ही तो हुआ है।

·          हमें ज्ञान और शांति भी अंधेरे में ही मिलती है। योग करें या मनन, दर्शन करें या चिंतन, पलक झपका कर आँखें बंद कर अंधकार ही तो करते हैं। हमारे मुनियों – ऋषियों को हिमालय की अंधेरी गुफाओं में ही क्यों जाना पड़ा। अंधेरा वह दे ने की क्षमता रखता है जिसे प्रकाश नहीं दे सकता।

·          यह सही है कि प्रकाश हमें दृष्टि देता है लेकिन अंधकार हमें अंतर्दृष्टि देता है।

·          मानव द्वारा की गई अनेक खोजें और आविष्कार भी ‘अंधेरे में तीर चलाने’ की प्रक्रिया से ही उत्पन्न हुई। अगर तीर निशाने पर लगा तो नवीन खोज या निर्माण, नहीं तो अनुभव।

·          हाँ, यह भी सही है कि अंधेरे में भय उत्पन्न होता है। लेकिन यह भी उतना ही सही है कि भय ही हमें ईश्वर के नजदीक भी लाता है।

·          प्रकाश में हम भीड़ में होते हैं, औरों के साथ होते हैं। अंधेरे में हम अकेले होते है, स्वयं होते हैं। अंधकार आत्म मंथन और आत्म निरीक्षण का सुअवसर प्राप्त कराता है। 

·          प्रकाश में हम गोरे हैं, काले हैं, ब्राउन हैं। पुरुष–स्त्री हैं। हमारी जाति, वर्ण, धर्म, संप्रदाय प्रकाश में ही दिखते हैं। अंधेरे में इनका अस्तित्व नहीं होता।

·          प्रकाश के जय जयकार में हम इतने व्यस्त रहे कि अंधेरे के महत्व को भूल गये। अंधेरे का सौंदर्य देख ही नहीं पाये। उसकी अस्मिता को भूल गये।

·          अंधकार भी प्रकाश की ही भांति सत्य है, सुंदर है, शिव है।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी(🕩१२.२४-१७.१४)

(पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल में थे। जेल के इस जीवन का श्री अरविंद ने ‘कारावास की कहानी’ के नाम से रोचक वर्णन किया है। ‘अग्निशिखा’ में इसके रोचक अंश प्रकाशित हुए थे। इसे हम जनवरी माह से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इस कड़ी में यहाँ इसका दूसरा अंश है।)

(२)

हमारे शौच की अतुलनीय व्यवस्था

निर्जन कारावास की पहली अवधि के बाद जब हमें एक साथ रखा गया तब मेरे सिविलियन अधिकारों का पृथकीकरण हुआ, अधिकारियों ने शौच के लिये अन्य उपकरण जुटाया । किंतु महीने भर में घृणा पर काबू पाने का अयाचित पाठ पढ़ लिया था । शौच की सारी व्यवस्था ही मानों इस संयम की शिक्षा को ध्यान में रखकर की गयी थी । पहले कहा है, निर्जन कारावास विशेष दण्ड में गिना जाता है और उस दण्ड का मूल सिद्धांत है यथासाध्य मनुष्य-संसर्ग और मुक्त आकाश-सेवन का वर्जन । बाहर शौच की व्यवस्था करने से तो यह सिद्धांत भंग होता अत: कोठरी में ही तारकोल पुती दो टोकरियां दी जाती थीं । सवेरे-शाम मेहतर साफ कर जाता, तीव्र  आंदोलन और मर्मस्पर्शी भाषण देने पर दूसरे समय भी सफाई हो जाती, किंतु असमय पाखाना जाने से घंटों-घंटों तक दुर्गन्ध भोगकर प्रायश्चित करना पड़ता । निर्जन कारावास की दूसरी अवधि में इसमें थोड़ा-बहुत सुधार हुआ किंतु सुधार होता है पुराने जमाने के मूलतत्त्वों को अक्षुण्ण रखते हुए शासन में सुधार। ‘किं बहुना’, इस छोटी-सी कोठरी में ऐसी व्यवस्था होने से हमेशा, विशेषकर खाने के समय और रात को, भारी असुविधा भोगनी पड़ती थी । जानता हूं, शयनागार के साथ पखाना रखना प्रायः विलायती सभ्यता की विशेषता है किंतु एक छोटे-से कमरे में शयनागार, भोजनालय और पाखाना-इसे कहते हैं too much of good thing (भलाई की सीमा पार कर जाना) । हम ठहरे कु-अभ्यासग्रस्त भारतवासी, सभ्यता के इतने ऊंचे सोपान पर पहुंचना हमारे लिये कष्टकर है ।

 नहाने का सुख

गृह-सामग्री में और भी चीजें थीं : एक नहाने की बाल्टी, पानी रखने को एक टीन की नलाकार बाल्टी और दो जेल के कम्बल । स्नान की बाल्टी आंगन में रखी रहती, वहीं नहाता था । पहले हमारे भाग्य में पानी का कष्ट नहीं था पर बाद में यह भी भोगना पड़ा । पहले पास के गोहालघर के कैदी नहाते समय मेरी इच्छानुसार बाल्टी में  पानी भर देते थे, इसीलिये नहाने का समय ही था जेल की तपस्या के बीच प्रतिदिन गृहस्थ की विलासवृत्ति और सुखप्रियता को तृप्त करने का अवसर । दूसरे आसामियों के भाग्य में इतना भी नहीं जुटा था; एक बाल्टी पानी से ही उन्हें शौच, बर्तन-मंजाई, स्नान सब करना होता था । विचाराधीन कैदी थे इसीलिये,  इतना-सा विलास भी मिला हुआ था, कैदियों को तो दो-चार कटोरे पानी में ही स्नान  करना पड़ता था । अंग्रेज कहते हैं भगवत् प्रेम व शरीर की स्वच्छंदता प्रायः समान और दुर्लभ गुण हैं, जेलों में यह व्यवस्था, इस प्रवाद की यथार्थता को सिद्ध करने के लिये है या फिर अतिरिक्त स्नान के सुख से कैदियों की अनिच्छा-जनित तपस्या के रस भंग होने के भय से, प्रचलित की गयी है, यह निर्णय करना कठिन है।  आसामी अधिकारियों की इस दया को काक-स्नान कह खिल्ली  उड़ाते थे । मनुष्यमात्र ही है असंतोषप्रिय।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों, नीचे दिये गये ‘एक टिप्पणी भेजें’ पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

सूतांजली नवंबर द्वितीय 2026 - अनंत शक्ति का प्रतीक

  भय ही तेरा नाम है , हर  श्वास में मृत्यु का वास ; तेरे थरथराते चरण , कर सकते हैं ; संसार का विनाश।                                      ...