रविवार, 1 मई 2022

सूतांजली मई 2022

 सूतांजली

~~~~~~~~

                             

वर्ष : ०५ * अंक : ०१०                      🔉(24.48)                                मई  * २०२२

घर की चहारदीवारी आदमी को सुरक्षा देती है पर साथ ही उसे एक सीमा में बाँधती भी है।

स्कूल-कॉलेज जहां व्यक्ति के मस्तिष्क का विकास करते हैं, वहीं नियम-कायदे

और अनुशासन के नाम पर उसके व्यक्तित्व को कुंठित भी करते हैं .....

बात यह है बंधु, कि हर बात का विरोध उसके भीतर ही रहता है।

------------------ 000 ----------------------

धूप-छाँह

आपके जीवन में क्या है? धूप या छाँह!

अगर धूप है, तो छाँह से बच नहीं सकते।

आप दुःखी हैं या सुखी?

दुःखी हैं तो सुख के क्षण भी आएंगे।

आप जीवित हैं या मृत!

अगर जीवित हैं, तो मृत्यु भी निश्चित है।  

आप युवा हैं या बुजुर्ग?

अगर युवा हैं तो बुजुर्ग होना अवश्यंभावी है।

सूर्योदय जितना अटल है, सूर्यास्त भी उतना ही अटल है।

          अगर प्रकृति के ये नियम अवश्यंभावी हैं तो फिर इससे क्या घबराना? लेकिन इनका सामना करने के लिए तैयारी  करनी पड़ेगी! क्या आपने इसकी तैयारी की है? आर्थिक सुरक्षा के नाम पर भले ही आपने अनेक धन – करोड़, सौ करोड़, हजार करोड़ - सँजोया हो, बड़े रकम की जीवन बीमा या हैल्थ बीमा लिया हो तब भी ये कम पड़ सकते हैं, गायब हो सकते है, जरूरत के समय नदारद हो सकते हैं। पहरेदार लगाए हों, ज़ेड सुरक्षा की व्यवस्था की हो, मजबूत दरवाजे और निवास बनाया हो तब भी इनमें से कोई भी आपको छाँह, दुःख, मृत्यु, बुढ़ापे से नहीं बचा सकता। तब क्या इनसे बचने का कोई उपाय नहीं है? है, जरूर है, आपके हैसियत के अंदर ही है? क्या है वह उपाय? आसान भी है, कठिन भी।

          कठिन समय में इंद्रजीत सिंह तुलसी की लिखी ये पंक्तियाँ याद कीजिये:

जीवन चलने का नाम, चलते रहो सुबहो शाम
कि रास्ता कट जाएगा मित्र, कि बादल छंट जाएगा मित्र

कि दुःख से झुकना न मित्र, कि इक पल रुकना न मित्र
जीवन चलने का नाम, चलते रहो सुबहो शाम

          मैं कई महीनों बाद दिल्ली से वापस कोलकाता पहुँचा। मुझे कोलकाता आए हुए कुछ ही दिन  हुए थे कि बड़े भाई साहब गिर पड़े और उनके कूल्हे की हड्डी चिटक है। उनके बच्चे बाहर रहते हैं। उनकी पूरी व्यवस्था हमने ही की। भाई साहब ईश्वर का शुक्र मनाते रहे कि हमारे आने के बाद गिरे। अगर हमारे आने के पहले गिर गए होते तो बहुत परेशानी होती। तकलीफ के कारण कोसने के बजाय वे ईश्वर के शुक्र गुजार थे कि हमारे आने के बाद गिरे।

जो जीवन से हार मानता, उसकी हो गयी छुट्टी
कि रूठे यार मना मित्र, कि यार को यार बना मित्र
न खुद से रह ख़फ़ा मित्र, खुदी से बने खुदा मित्र
जीवन चलने का नाम, चलते रहो सुबहो शाम

मैं और मेरी पत्नी अपनी वर्षों से सँजोई तमन्ना पूरी करने सड़क मार्ग से कोलकाता-विशाखापत्तनम-अरकू-केचला-चित्रकोटे छत्तीसगड़-वृन्दावन-दिल्ली का कार्यक्रम बना निकल पड़े। हमारी यात्रा बड़ी सुखद, उल्लास पूर्वक, आनंद दायक और हर्षोल्लास से बढ़ रही थी। हम अपने पहले पड़ाव, विशाखापत्तनम तक पहुँच गए थे और आगे का कार्यक्रम भी सुनिश्चित कर लिया था।  तभी अचानक पत्नी की तबीयत गड़बड़ा गई, उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, ऑपरेशन भी करवाया और अपना कार्यक्रम रद्द कर हम वापस लौट आए। शुक्र है ईश्वर का कि यह सब विशाखापत्तनम में हुआ, वहाँ अपना घर है, स्वास्थ्य और उपचार की पूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सब कार्य सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ और हम सकुशल अपने घर लौट आए। शुक्र है ईश्वर का कि यह सब विशाखापत्तनम में ही हुआ जहाँ अपना घर, लोग, स्वास्थ्य सुविधायें तथा डॉक्टर-अस्पताल आदि उपलब्ध थीं। अगर यह कहीं और रास्ते में हुआ होता तो यह सोच कर रूह काँप उठती है। शुक्र है ईश्वर का कि सही ठौर-ठिकाने पर ही पीड़ा हुई।

उजली उजली भोर सुनाती तुतलेय तुतलेय बोल
अन्धकार में सूरज बैठा अपनी गठरी खोल
कि उससे आँख लड़ा मित्र समय से हाथ मिला मित्र
जीवन चलने का नाम चलते रहो सुबहो शाम

         

परिस्थितियाँ – दुर्घटना सब वही थीं लेकिन इस सोच ने हमें न तो दुखी किया, न कमजोर बनाया और न ही हतोत्साहित किया। यह केवल अपनी-अपनी सोच का फर्क है। अगर सोच निर्मल है, ईश्वरार्पण है, खीज नहीं है, तो दुःख में  भी सुख है, छाँह में भी धूप है, मौत में भी जिंदगी है, सूर्यास्त भी सूर्योदय है, बुढ़ापे में भी जवानी है।

         हमारे जीवन में निश्चितता कभी नहीं होगी। कभी हमें जो प्रिय है वह होगा तो कभी अप्रिय, कभी ईष्ट - कभी अनिष्ट होगा ही। हमेशा जो हमें प्रिय है वही होता रहे यह कभी भी संभव नहीं है। यह उतार-चढ़ाव हमेशा होता रहेगा। इस जीवन में उतार-चढ़ाव, अप्रत्याशित मोड़ आते ही रहेंगे, अतः हमें अपना ध्यान परमात्मा की तरफ लगाना है ताकि हमें वापस घूमना न पड़े। जिंदगी तो ऐसे ही चलेगी। इसका सबसे अच्छा उदाहरण हमारे देश की सड़कें हैं। एकदम सपाट, सुंदर, चौड़ी सड़क पर कब कहाँ अंध मोड़, बैरियर, बम्प, खड्डे, साइकिल, उल्टी दिशा से वाहन आ जाएगा कुछ पता नहीं। यानी जीवन कभी एक समान नहीं होगा लेकिन हम अपने मन को समान रख सकतें हैं। बाहर हमेशा ही विषम रहेगा – सब दिन जात न एक समान – लेकिन अपने आंतर को ही हम  सम रख सकते हैं।

हिम्मत अपना दीन धर्म है, हिम्मत है ईमान
          हिम्मत अल्लाह, हिम्मत वाहेगुरु
                    हिम्मत है भगवान्,
जीवन चलने का नाम, चलते रहो सुबहो शाम

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

पढ़ना, सुनना, गुनना, घुलना 

हम गीता के तीसरे अध्याय में हैं। श्री कृष्ण अर्जुन की शंका और मोह का नाश करने में लगे हैं। इसी क्रम में अनेक उपदेश के साथ-साथ ज्ञान की बातें भी बता रहे हैं। अर्जुन विचार कर रहा है कि भगवान इतना ज्ञान दे रहे हैं लेकिन फिर भी मानव उन्हें क्यों नहीं अपनाता, क्यों ये उनके आचरण में नहीं दिखता?

          इसके पहले कि अर्जुन प्रश्न करे भगवान उसकी शंका का समाधान कर देते हैं:-

सदृशं चेष्टते स्वस्याः प्रकृतेर्ज्ञानवानपि ।

प्रकृतिं यान्ति भूतानि निग्रहः किं करिष्यति ॥ ।। ३३ ।।

सभी प्राणी प्रकृति  को प्राप्त होते हैं अर्थात् अपने स्वभाव  के परवश हुए कर्म करते हैं। ज्ञानवान् भी अपनी प्रकृति के अनुसार चेष्टा करता है। फिर इसमें किसी का हठ क्या करेगा?

          यानी, ज्ञान की बातें सुनकर, पढ़कर, गुनकर भी अज्ञानी ही नहीं ज्ञानी के स्वभाव में वह ज्ञान नहीं दिखता, क्योंकि हर मनुष्य अपनी प्रकृति के वश में होकर उसी के अनुसार आचरण करता है। हर मनुष्य की प्रकृति अपनी अलग-अलग होती है और यह प्रकृति उसे जन्म से मिलती है। जब तक मनुष्य उस ज्ञान के साथ घुल-मिल कर उसे आत्मसात नहीं कर लेता तब तक वह ज्ञान प्रकट नहीं होता। जैसे दूध में चीनी डाल देने मात्र से दूध में मिठास नहीं आती। क्योंकि चीनी तो दूध के बर्तन के पेंदे में  बैठ जाती है। जब उसी चीनी को मिलाया जाता है तब वह उसमें घुल-मिल जाती है, दूध चीनी को आत्मसात कर लेता है, तब उसमें मिठास आती है।

          मनुष्य को समझना चाहिए कि पढ़ना, सुनना और गुनना पर्याप्त नहीं बल्कि उसके अनुसार कर्म करना, उसे अपने कर्म में उतारना, उसके अनुरूप आचरण करना आवश्यक है। कर्म में आने पर ही वे ज्ञान दृष्टिगोचर होते हैं। अतः सिर्फ पढ़ने, सुनने, देखने, गुनने और आज की दुनिया में आगे फॉरवर्ड करने के साथ-साथ उसके अनुरूप कर्म भी कीजिये। यही महत्वपूर्ण है। अगर कर्म में अवतरित कर लिया तो फिर फॉरवर्ड करने की आवश्यकता नहीं। कर्म स्वयं उसे फॉरवर्ड करेगा।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

बचपन की भाषा                                                                   मैंने पढ़ा

वो मेरा इस धरती पर तीसरा दिन था... मां ने हुलसकर पूछा, 'कैसा है मेरा लाल ?' तो आया ने जवाब दिया, 'बड़े मजे में है.... मैं उसे तीन बार दूध पिला चुकी हूं।' मैं चिल्लाया, 'नहीं... ये झूठ बोल रही है। मैं बिलकुल भी मजे में नहीं हूं। सख्त होने की वजह से बिस्तर मुझे तकलीफ़ दे रहा है और इसके द्वारा पिलाया दूध कड़वा था, क्योंकि इसके स्तनों से भयंकर दुर्गंध आ रही थी। पर मेरी मां ने मेरी बात नहीं सुनी, क्योंकि वो मेरी भाषा नहीं समझती थीं। इक्कीसवें दिन जब मेरा नामकरण हुआ, तब पादरी ने मां से कहा, 'आपको खुश होना चाहिए, आपके बेटे ने ईसाई के रूप में जन्म लिया।' हैरानगी से भरकर मैंने पादरी से कहा, 'तब तो स्वर्ग में आपकी मां बहुत दुखी होंगी, क्योंकि... 'मगर चूंकि पादरी भी मेरी भाषा से अनजान था, वो मेरी बात नहीं समझ सका। सात साल की उम्र में एक नजूमी ने मेरी मां को बताया, 'आपका बेटा बड़ा होकर नेता बनेगा।' मैं फ़ौरन बोला, 'नहीं मैं केवल और केवल संगीतकार बनूंगा।' पर अफ़सोस इस बार भी कोई मेरी बात नहीं समझा।

          अब मैं तैंतीस बरस का हूं। मेरी मां, आया और उस पादरी का स्वर्गवास हो चुका है, लेकिन कल मुझे वो ज्योतिषी मिला। बातचीत के दौरान उसने कहा, 'मैं तो शुरू से जानता था कि तुम एक महान संगीतकार बनोगे। मैंने तुम्हारी मां को बताया भी था।' उसकी इस बात पर मैंने कुछ नहीं कहा, क्योंकि अब तक मैं भी बचपन की भाषा भूल गया था।

खलील जिब्रान

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~


जीवन की नदी में हर कहानी बह रही है...                                         मैंने पढ़ा

500 ईसा पूर्व इटली में दार्शनिकों का एक समूह था – ईलिया। इस समूह में एक दार्शनिक थे - परमेनीडीज (540-480 ई.पू.) उनका मानना था कि कोई चीज कभी ख़त्म नहीं होती। हर अस्तित्वमान चीज़ सदा अस्तित्व में रहती है। उनका कहना था कि ज्ञानेन्द्रियां हमारे सामने अंत का झूठ रखती हैं, पर एक दार्शनिक होने के नाते मेरा कर्तव्य है कि मैं हर भ्रम की कलई खोलूं।

          परमेनीडीज के समय में एक और दार्शनिक थे - हिरेक्लिटस (540-480 ई.पू.) उनका कहना था कि चीजें कभी ख़त्म नहीं होतीं, बस बदल जाती हैं। निरंतर बहाव या परिवर्तन ही संसार का आधारभूत लक्षण है। वे कहते थे, 'हर चीज बहती है। हम एक ही नदी को दोबारा नहीं देख सकते, क्योंकि हर बीतते क्षण के साथ नदी का बहाव नया हो जाता है और हमारी दृष्टि भी।'

          सिसली के दार्शनिक एम्पीडोक्लीज (490-430 ई.पू.) का मानना था कि संसार की रचना के चार स्रोत हैं – हवा, धरती, आग और पानी। जीवन की कहानी इन्हीं से फूटती है और नया रूप पाने के लिए इन्हीं में समा जाती है, कभी ख़त्म न होने के लिए...

(सबों का अपना नजरिया होता है देखने का, कहने का। उनमें विरोध नहीं होता, होना भी नहीं चाहिए। यह तो सुनने वाले पर निर्भर करता है कि उसने क्या समझा! हो सकता है, बात एक ही हो, सिर्फ कहने का ढंग अलग-अलग। महत्वपूर्ण है आपको क्या सही लगा और उसे आपने किस हद तक अपनाया।)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

तरीका                                                   लघु कहानी - जो सिखाती है जीना

एक अंधा व्यक्ति एक बड़ी हवेली के बाहर बैठकर भीख मांग रहा था। उसने अपने पास एक छोटा सा बोर्ड लगाया हुआ था, “मैं अंधा हूँ, कृपया मेरी मदद करें”। दोपहर होने चली थी और उसके कटोरे में कुछ ही सिक्के आए थे। तभी वहाँ से एक रचनाकार गुजरा। उसकी नज़र उस अंधे भिखारी और उसके बोर्ड पर पड़ी। उसने उसके बोर्ड पर लिखे हुए वाक्य को मिटा कर उस पर कुछ और लिखा और कुछ सिक्के डालकर चल दिया। शाम को वह व्यक्ति दुबारा वहाँ से लौटा। अब उस भिखारी के कटोरे में ढेर सारे सिक्के थे। भिखारी उसके कदमों की आहट पहचान गया। उसने उससे पूछा, तुमने बोर्ड पर क्या लिखा था? कुछ खास नहीं मैंने तुम्हारी ही बात को दूसरे तरीके से लिख दिया था, उस व्यक्ति ने जवाब दिया। उस साइन बोर्ड पर लिखा था, ‘आज से बसंत शुरू हो गया, लेकिन मैं देख नहीं सकता’।

किसी भी बात को कहने का तरीका उसके उद्देश्य को पूरा करने में अहम भूमिका रखता है।

 (‘उजाले के गाँव में’ से)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी - श्री अरविंद की जुबानी                                        धारावाहिक 

(पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल में थे। जेल के इस जीवन का श्री अरविंद ने ‘कारावास की कहानी’ के नाम से रोचक, सारगर्भित एवं पठनीय वर्णन किया है। इसके रोचक अंश हम जनवरी २०२१ से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इसी कड़ी में यहाँ इसकी सत्रहवीं किश्त है।)

 

(17)

हम जितने दिन अलग-अलग कोठरियों में बन्द थे उतने दिन केवल गाड़ी में मजिस्ट्रेट के आने से पहले एक घण्टा या आधा घण्टा और खाने के समय कुछ बातें करने का अवसर पाते। जिनका परस्पर परिचय या आलाप था वे इस समय कोठी (cell) की नीरवता और निर्जनता का प्रतिशोध लेते, हंसी, आमोद और नाना विषय की आलोचना में समय बिताते। लेकिन ऐसे अवसरों पर अपरिचितों के साथ बात करने की सुविधा नहीं होती इसलिए मैं अपने भाई बारीन्द्र और अविनाश को छोड़ और किसी से भी ज्यादा बात न करता, उनका हंसी-मजाक, उनकी बातें सुनता पर स्वयं उसमें भाग न लेता। किन्तु एक व्यक्ति बातचीत में मेरे पास खिसक आते। वे थे भावी मुखबिर (approver)  नरेन्द्रनाथ गोस्वामी। दूसरे लड़कों की तरह उनका स्वभाव न शान्त था न शिष्ट, वे थे साहसी और लघुचेता एवं चरित्र, वाणी और कर्म में असंयत। पकड़े जाने के समय नरेन गोंसाई ने अपना स्वाभाविक साहस और प्रगल्भता दिखायी थी, लेकिन लघुचेता होने के कारण कारावास का थोड़ा सा भी दुःख और असुविधा सहन करना उनके लिए असाध्य हो उठा था। वे थे जमींदार के बेटे अतः सुख, विलास और दुनीति में पले, वे कारागृह के कठोर संयम और तपस्या से अत्यन्त कातर हो गये थे, और यह भाव सब के सामने प्रकट करने में भी कुण्ठित नहीं हुए। जिस किसी भी उपाय से इस यन्त्रणा से मुक्त होने की उत्कट लालसा उनके मन में दिन-दिन बढ़ने लगी। पहले उन्हें यह आशा थी कि अपनी स्वीकारोक्ति का पत्याहार कर वे यह प्रमाणित कर सकेंगे कि पुलिस ने शारीरिक यन्त्रणा देकर दोष स्वीकार कराया था। उन्होंने हमें बताया कि उनके पिता इस तरह के झूठे गवाह जुटाने के लिए कृतसंकल्प थे। किन्तु थोड़े दिनों में ही और एक भाव सामने आने लगा। उनके पिता और एक मुखतार उनके पास बार-बार जेल में आने जाने लगे, अन्त में जासूस शमसुल आलम भी उनके पास आ बहुत देर तक गुप-चुप बातें करने लगे। ऐसे समय हठात् गोसाईं के कौतुहल और प्रश्न करने की प्रवृत्ति देख बहुतों के मन में सन्देह हुआ। भारतवर्ष के बड़े-बड़े आदमियों के साथ उनका परिचय या घनिष्ठता थी कि नहीं, गुप्त समिति को किस-किस ने आर्थिक सहायता दे उसका पोषण किया, समिति के और कौन-कौन सदस्य बाहर या भारत के अन्यान्य प्रदेशों में थे, अब कौन समिति का कार्य चलायेंगे, शाखा समिति कहाँ है इत्यादि अनेक छोटे-बड़े प्रश्न बारीन्द्र और उपेन्द्र से पूछते। गोसाईं की यह ज्ञानतृष्णा की बात अचिरात् सबके कर्णगोचर हुई और शमसुल आलम के साथ उनकी घनिष्ठता की बात भी अब गोपनीय प्रेमालाप न रह खुला रहस्य (open secret) हो उठी। इसे लेकर खूब आलोचना होती और किसी-किसी ने यह भी लक्ष्य किया कि हमेशा पुलिस-दर्शन के बाद ही इस तरह के नये-नये प्रश्न गोसाईं के मन में चक्कर काटते हैं। कहने की जरूरत नहीं कि उन्हें इन प्रश्नों का सन्तोषजनक उत्तर नहीं मिला। जब पहले-पहल आसामियों में यह बात प्रचारित होने लगी तब गोसाईं ने स्वयं स्वीकार किया था कि पुलिस उनके पास आ "सरकारी गवाह" बन जाने के लिए उन्हें नाना उपायों से समझाने की चेष्टा कर रही है। कोर्ट में उन्होंने मुझसे एक बार यह बात कही थी। मैंने उससे पूछा था, “आपने क्या उत्तर दिया।" वे बोले, "मैं क्या मान लूँगा! मानने पर भी भला मैं क्या जानता हूँ जो उनकी इच्छानुसार साक्ष्य दूंगा?" उसके कुछ दिन बाद उन्होंने फिर से जब इस बात का उल्लेख किया तो देखा कि यह बात बहुत आगे बढ़ चुकी है। जेल में Identification Parade (पहचान परेड) के समय मेरी बगल में गोंसाई खड़े थे, तब उन्होंने मुझसे कहा: "पुलिस केवल मेरे पास ही आती है।" मैंने उपहास करते हुए कहा, “आप यह बात कह क्यों नहीं देते कि सर ऐन्दू फ्रेजर गुप्त समिति के प्रधान पृष्ठपोषक थे, इससे उनका परिश्रम सार्थक होगा।" गोसाई बोले, "ऐसी बात तो मैंने कह ही दी है। मैं उन्हें कह चुका हूँ कि सुरेन्द्रनाथ बेनर्जी हैं हमारे प्रधान (head)  और मैंने उन्हें भी एक बार बम दिखाया है।" स्तम्भित हो मैंने उनसे पूछा, "यह बात कहने की जरूरत क्या थी ?" गोसाईं बोले, "मैं..... का श्राद्ध करके रहूँगा उस तरह की और भी बहुत सी खबरें मैंने दी है। मरें साले प्रमाण (corroboration)  खोजते खोजते क्या पता, इस उपाय से, मुकद्दमा फिस ही हो जाये इसके उत्तर में मैंने केवल इतना कहा था, "ऐसी शरारत से बाज़ आइये। उनके साथ चालाकी करते-करते खुद ही ठगे जायेंगे।" पता नहीं गोसाईं की यह बात कहाँ तक सच थी। और सब आसामियों की यह राय थी कि हमारी आँखों में धूल झोंकने के लिए उन्होंने ऐसा कहा था।  मेरा ख्याल था कि तब तक गोसाईं  मुखबिर (approver) होने के लिए पूर्णतया कृतनिश्चय नहीं थे, यह ठीक है कि इस विषय में वे बहुत आगे बढ़ चुके थे, किन्तु पुलिस को ठग उनका केस मिट्टी कर देने की आशा भी उन्हें थी। चालाकी और असदुपाय से कार्यसिद्धि ही दुष्प्रवृत्ति की स्वाभाविक प्रेरणा है। तभी से समझ गया था कि गोसाईं पुलिस के वश हो सच झूठ उन्हें जो भी चाहिये, वह कह अपने को बचाने की चेष्टा करेंगे। एक नीच स्वभाव का और भी निम्नतर दुष्कर्म की ओर अध:पतन हमारी आँखों के सामने नाटक की तरह अभिनीत होने लगा। मैंने लक्ष्य किया कि किस तरह गोसाईं का मन दिन-प्रतिदिन बदलता जा रहा है, उनके मुख, भावभंगिमा और बातचीत में भी परिवर्तन हो रहा है। विश्वासघात कर आने संगी-साथियों का सर्वनाश करने के लिए वे जो कुछ जुटा रहे थे उसके समर्थन के लिए क्रम से नाना अर्द्धनैतिक और राजनीतिक युक्तियां बाहर करने लगे। ऐसी मनोरंजक मनोवैज्ञानिक अध्ययन (interesting psychological study) प्रायः सहज ही हाथ नहीं लगती।                                                                                              (क्रमश:, आगे अगले अंक में)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अगर आपको सूतांजली पसंद आ रही है, तो इसे लाइक करें, सबस्क्राइब (subscribe)  करें, परिचितों से शेयर करें, पसंद न आ रही है तो डिसलाइक भी कर सकते हैं। अपने सुझाव (कोम्मेंट्स)  दें, आपको सूतांजली कैसी

 लगी और क्यों, आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

 

यू ट्यूब का संपर्क सूत्र (लिंक) : à

 https://youtu.be/kjfVNnejgBY


शुक्रवार, 1 अप्रैल 2022

सूतांजली अप्रैल 2022

 सूतांजली

~~~~~~~~

                             

वर्ष : ०५ * अंक : ०९                 🔊(21.54)                                              अप्रैल  * २०२२

नव संवत्सर २०७९ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा

तदनुसार शनिवार २ अप्रैल २०२२

पर हार्दिक शुभकामनाएँ

------------------ 000 ----------------------

प्रभो, इस नये वर्ष का जन्म

हमारी चेतना का भी नया जन्म हो।

अपने व्यतीत को सुदूर पीछे छोड़ते हुए हम

उज्जवल भविष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ें।

------------------ 000 ----------------------

जन्म नया ले, नयी चेतना, जन्म ले रहा नव संवत्सर

पीछे दूर छोड़कर गत को, दौड़े आगे भावी भास्कर

------------------ 000 ----------------------

बड़ा कौन                                                                 मेरे विचार

शर्मा जी कपड़े की एक बहुत बड़े कारखाने के मालिक थे। कुछ दिनों बाद शर्मा जी को प्रभु से लौ लग गयी। उनके जीवन में ऐसा कुछ घटा कि उन्होंने अपना कारख़ाना और सारा कारोबार बंद कर दिया और सन्त बन गए। अब लोग उन्हें संत के नाम से जानने लगे। अब शर्मा जी सिर्फ प्रभु भक्ति करते,  शाम को बैठते और अपने अनुयायियों को प्रवचन देते।

          एक दिन शर्मा जी ने अपने अनुयायियों को अपने व्यवसायी से संत बनने की घटना सुनाई। शर्मा जी ने कहा, "एक दिन जब मैं अपने कारखाने में बैठा था उसी समय एक कुत्ता घायल अवस्था में वहाँ आया। वह किसी गाड़ी से कुचल गया था जिस से उसके तीन पैर टूट गए थे और वह  सिर्फ एक पैर से घिसटते हुए कारखाने तक आया।  मुझे बहुत तरस आया और मैंने सोचा कि उस कुत्ते को किसी जानवरों के अस्पताल ले जाऊँ। मगर फिर अस्पताल के लिए तैयार होते समय मेरे दिमाग़ में एक बात आई और मैं रुक गया। मैंने सोचा कि अगर प्रभु हर किसी को खाना देता है तो मुझे अब देखना है कि इस कुत्ते को अब कैसे खाना मिलेगा।

          "रात तक दूर बैठे उसे मैं देखता रहा और फिर अचानक मैंने देखा कि एक दूसरा कुत्ता कारखाने के दरवाज़े से नीचे घुसा और उसके मुँह में रोटी का एक टुकड़ा था। उस कुत्ते ने वह रोटी उस कुत्ते को दी और घायल कुत्ते ने किसी तरह उसे खाया। फिर यह रोज़ का काम हो गया। वह कुत्ता वहाँ आता और उसे रोटी देता या कोई और खाने की चीज़ और वह घायल कुत्ता इस प्रकार खा-खा के चलने के क़ाबिल बन गया।"

     "मुझे यह देखकर अपने प्रभु पर अब ऐसा भरोसा हो गया कि मैंने अपना कारख़ाना बंद किया, व्यापार पर ताला लगाया और प्रभु की राह में निकल पड़ा। और संत बनने के बाद भी मेरे पास पैसे उसी तरह किसी न किसी बहाने आते रहे जैसे पहले आते थे। ठीक वैसे जैसे उस कुत्ते को दूसरा कुत्ता रोटी खिलाता था रोज़"।

          शर्मा जी की ये कहानी सुनकर उनका एक अनुयायी ज़ोर ज़ोर से हंसने लगा। शर्मा जी ने जब वजह पूछी तो उसने कहा कि "आपने ये तो देख लिया शर्मा जी कि प्रभु ने उस कुत्ते का पेट भरा मगर आप यह न समझ सके कि उन दो कुत्तों में से ईश्वर का दूत कौन सा कुत्ता है? जो खाना खा रहा है वह  या जो कुत्ता उसे ला कर खिला रहा है वह? एक ईश्वर की अनुकंपा पर है और दूसरा ईश्वर का दूत। आप खाना खाने वाले घायल कुत्ते बन गए और अपना कारोबार बंद कर दिया। जबकि पहले आप खाना खिलाने वाले कुत्ते थे क्यूंकि आपके कारखाने से हज़ारों लोगों को खाना मिलता था। आप खुद बताइये कि पहले जो काम आप कर रहे थे वह प्रभु की नज़र में बड़ा था या अब जो कर रहे हैं वह?"

     शर्मा जी की आँखें खुल गयी, और उन्होंने दूसरे ही दिन अपना कारोबार-कारख़ाना फिर से शुरू कर दिया और संत शर्मा जी फिर से व्यवसायी शर्मा जी बन गए। अपने को ईश्वर का दूत समझ वैसी ही भावना से कर्म-रत हो गए।

          अपना कर्म करना न छोडें। सेवा और त्याग दैवीय गुण अवश्य हैं मगर सेवा और त्याग का अभिमान ही जीवन का सबसे बड़ा रोग भी है। सेवा और त्याग का गुण ही समाज में किसी मनुष्य के मूल्य अथवा उपयोगिता का निर्धारण करता है। जिस मनुष्य के जीवन में सेवा और त्याग है, वही मनुष्य समाज में मूल्यवान भी है। जो देता है वही देवता है। कोई मनुष्य जब समाज को देता है तो देवता के रूप में स्व-प्रतिष्ठित भी हो जाता है।

          गीता में भी कर्म की व्याख्या करते हुए श्रीकृष्ण जीवन के अंत काल तक, सन्यासी के लिए भी, नियत कर्म करने की  आवश्यकता को प्रतिपादित किया है:

नियतस्य तु सन्न्यासः कर्मणो नोपपद्यते ।

मोहात्तस्य परित्यागस्तामसः परिकीर्तितः ॥18.7 ॥

(निषिद्ध और काम्य कर्मों का तो स्वरूप से त्याग करना उचित ही है) परन्तु नियत कर्म का  स्वरूप से त्याग करना उचित नहीं है। इसलिये मोह के कारण उसका त्याग कर देना तमस त्याग कहा गया है ॥ १८.७॥

छठे श्लोक में यज्ञ, दान और तप तथा अन्य सम्पूर्ण कर्तव्य कर्मों को नियत कर्म बताया गया है।

अगर सामर्थ्य है तो ईश्वरीय से सहयोग न मांगे बल्कि ईश्वरीय-सत कार्य में ईश्वर के सहयोगी बनें। ईश्वर का सहयोग स्वमेव प्राप्त होगा।  

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

मूर्खता

(एक शिष्य के साथ श्रीमाँ के वार्तालाप से २८ फ़रवरी १९६७)

सोचने की एक पूरी श्रेणी होती है। जो लोग यह सोचते हैं कि उनको बुद्धि वरतर है और जिस चीज़ को वे नहीं समझते उसे ठुकरा देते हैं, ऐसों की भरमार है – भरमार । और यह ठेठ मूर्खता का लक्षण है! दूसरी ओर, ऐसे भी कई हैं लोग हैं जिन्हें सामान्यतया “सीधा-सादा" माना जाता है, लेकिन मेरे हिसाब से ये ही सराहनीय हैं और मैं ऐसे भोले-भालों को ही पसन्द करती हूँ, उनमें अन्तरात्मा की ऊष्मा होती है।  ये लोग जिस चीज़ को नहीं समझते उसकी भी तारीफ़ करते हैं। उनके अन्दर एक तरह की मूक सराहना होती है, जिसे समाज में बेवकूफ़ी का दरजा दे दिया जाता है, लेकिन उनके लिए न समझ में आने वाली चीज़ में भी सुन्दरता होती है। उनके अन्दर भरपूर सद्भावना होती है। जब कि दूसरे, जो अपने आपको अपनी तथाकथित बुद्धि के उच्च शिखरों पर आसीन मानते हैं, उनकी समझ में जो चीज़ नहीं आती उसे वे बेकार घोषित कर देते हैं।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

आत्मा से तृप्त लोग..                                                     मैंने पढ़ा

बस अड्डे पर बैठा मैं अपने शहर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। बस अभी अड्डे पर नहीं लगी थी! मैं बैठा हुआ एक किताब पढ़ रहा था। मुझे देखकर लगभग 10  साल की एक बच्ची मेरे पास आकर बोली, "बाबू पेन ले लो,10 के चार दे दूंगी। बहुत भूख लगी है, कुछ खा लूंगी।" उसके साथ एक छोटा-सा लड़का भी था, शायद भाई हो उसका।

मैंने कहा: मुझे पेन तो नहीं चाहिए!!

आगे उसका सवाल बहुत प्यारा सा था, 

"फिर हम कुछ खाएंगे कैसे?"

मैंने कहा: मुझे पेन तो नहीं चाहिए पर तुम कुछ खाओगे जरूर..!!

मेरे बैग में बिस्कुट के दो पैकेट थे, मैंने बैग से निकाल एक-एक पैकेट दोनों को पकड़ा दिए, पर मेरी हैरानी की कोई हद न रही जब उसने एक पैकेट वापिस करके कहा,"बाबू जी ! एक ही काफी है, हम बाँट लेंगे"।

मैं हैरान हो गया जवाब सुनकर ! मैंने दुबारा कहा: "रख लो, दोनों। कोई बात नहीं।"

मेरी आत्मा को झिंझोड़ दिया  उस बच्ची के जवाब ने, उसने कहा ... "तो फिर आप क्या खाओगे"?

 

इस संसार में करोड़ों अरबों कमाने वाले लोग जहाँ उन्नति के नाम पर इंसानियत को ताक पर रखकर लोगों को बेतहाशा लूटने में लगे हुए हैं, वहाँ एक भूखी बच्ची ने मानवता की पराकाष्ठा का पाठ पढ़ा दिया। मैंने अंदर ही अंदर अपने आप से कहा, इसे कहते हैं आत्मा से तृप्त लोग, लोभवश किसी से इतना भी मत लेना कि उसके हिस्से का भी हम खा जाएं.....।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

माँ ईश्वर का प्रतिरूप है                                                  मैंने पढ़ा  

(क्या आप ईश्वर के अस्तित्व में विश्वास करते हैं? बिलकुल नहीं! इसे पढ़ें)

डॉ० Wayne Dyer (वायन डायर) का Your Sacred Self' (योर सैक्रेड सेल्फ)-में दिया निम्नलिखित दृष्टान्त 'ईश्वर' की अवधारणा-सम्बन्धी सर्वश्रेष्ठ व्याख्याओं में से एक माना जाता है:

          एक माता के गर्भ में दो बच्चे थे। एक दूसरे से पूछता है, 'क्या तुम प्रसव के बाद जीवन में विश्वास रखते हो?'

दूसरा जवाब देता है, 'बिलकुल, प्रसव के बाद निश्चित ही कुछ होगा और यहाँ पर हम शायद उसी बाद वाले जीवन के लिये तैयार हो रहे हैं।'

'निरर्थक बात', पहला वाला कहता है। ‘प्रसव के बाद कोई जीवन नहीं है, कैसा जीवन होगा वह!!!’ दूसरा कहता है, 'मैं नहीं जानता, लेकिन वहाँ पर यहाँ से अधिक प्रकाश होगा। सम्भव है, हम अपने पैरों पर चलें, मुँह से खायें। हो सकता है हमारी अन्य इन्द्रियाँ हों, जिन्हें हम अभी नहीं समझ सकते।'

 

          पहला जवाब देता है, ‘बेतुकी बात, चलना असम्भव है और मुँह  से खाना? हास्यास्पद । नाभिनाल से ही हमें हमारा पोषण और अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति होती है, लेकिन नाभिनाल तो बहुत  छोटी है। इसलिये प्रसव के बाद जीवन तर्कसंगत नहीं बैठता।'

दूसरा आग्रह करता है, 'ठीक है, पर मुझे लगता है कि वहाँ पर यहाँ से अलग होगा। हो सकता है कि हमें इस नाभिनाल की जरूरत ही न पड़े।'

पहला जवाब देता है, 'असंगत बात, अच्छा मान भी लें कि वहाँ जीवन है तो वहाँ से कभी कोई लौटकर क्यों  नहीं आया? सच यही है कि प्रसव जीवन  का अन्त है और प्रसव के बाद कुछ नहीं है; है तो सिर्फ अँधेरा, खामोशी और विस्मरण। यह हमें कहीं और नहीं ले जाता।'

'ठीक है, मैं नहीं जानता', दूसरा बोला, 'लेकिन हम निश्चित रूप से 'माँ' से मिलेंगे और वह हमारा देखभाल करेगी।'

          पहला चौंकता है, "माँ!!', तुम 'माँ' में विश्वास रखते हो! यह तो हास्यास्पद है। अगर 'माँ' है तो इस समय वह कहाँ है?'

दूसरा कहता है, "वह' हमारे चारों तरफ है, हम 'उससे' घिरे हुए हैं। हम 'उसके' हैं। हम 'उसी' के अन्दर रहते हैं। उसके बिना यह दुनिया न होती और न हो सकती थी।'

पहला कहता है, ‘लेकिन मुझे तो वह नहीं दिखती। इसलिये तर्कसंगत यही है कि 'उस' का अस्तित्व नहीं है।'

 

अब दूसरा समझाता है, 'कभी-कभी, जब तुम शांत हो और ध्यानपूर्वक सुनो, तब तुम ‘उस' की उपस्थिति महसूस कर सकते हो और तुम 'उस' की प्यार भरी आवाज भी सुन सकते हो, जो  ऊपर से तुम्हें पुकारती है।'

(क्या आप ईश्वर के अस्तित्व में विश्वास करते हैं? शायद हाँ!)

कल्याण- बोध कथा अंक से (प्रेषक – श्री प्रशान्तजी अग्रवाल)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

नम्रता                                                     लघु कहानी - जो सिखाती है जीना

प्रसिद्ध लेखक किपलिंग ने किसी पहाड़ी पर एक घर खरीदा और अपनी पत्नी के साथ गर्मियों के मौसम में उसमें रहने के लिए चले गए। एक दिन पति-पत्नी पहाड़ की ढलान पर सैर करते हुए एक छोटी सी झोंपड़ी के पास जाकर रुके जिसमें एक बूढ़ी स्त्री अकेली रहती थी। वृद्धा उन्हें देख कर बहुत खुश हुई और बोली, “वह मकान आपका ही है न जिसकी खिड़कियाँ इस तरफ खुलती हैं”?

“जी”, किपलिंग ने जवाब दिया।

“रात को उसमें रौशनी दिखलाई देती है तो मुझे बहुत अच्छा लगता है। यहाँ चारों तरफ के सन्नाटे में वह प्रकाश बहुत सुखद लगता है। जीवन ‘धड़क रहा है’ इसकी खुश-खबरी सुनाता है। तुम लोग कुछ दिन और यहाँ रहोगे और उन खिड़कियों वाले कमरे में बत्तियाँ जलाया करोगे न”? वृद्धा की खुशी आँखों में छा गयी थी।

“जी हाँ, हम कुछ दिन तो यहाँ जरूर ठहरेंगे, हो सकता है ज्यादा भी रुक जाएँ, और उस कमरे में हर रोज बत्तियाँ भी जरूर जलाया करेंगे”, किपलिंग ने नम्रता के साथ हाथ जोड़ कर कहा।  पति पत्नी को असीस देते हुए विदा किया वृद्धा ने।

कुछ दिनों के बाद सर्दियों में जब वे दोनों वहाँ से लौटने लगे तो किपलिंग ने घर की निगरानी करने वाले नौकर को खास हिदायत दी कि उस कमरे कि बत्तियाँ रोज देर रात तक जलती रहने दे और साथ ही उस कमरे के परदे भी उतार दे ताकि उस अकेली वृद्धा को ज्यादा रौशनी के साथ-साथ दूर से धड़कता हुआ जीवन भी दिखाई दे।

(अग्निशिखा से)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी-श्री अरविंद की जुबानी  (16)                                      धारावाहिक

(पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल में थे। जेल के इस जीवन का श्री अरविंद ने ‘कारावास की कहानी’ के नाम से रोचक, सारगर्भित एवं पठनीय वर्णन किया है। इसके रोचक अंश हम जनवरी २०२१ से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इसी कड़ी में यहाँ इसकी सोलहवीं किश्त है।)

(16)

मजिस्ट्रेट के कोर्ट में एकमात्र विशेष उल्लेखनीय घटना थी नरेन्द्रनाथ गोस्वामी की गवाही। उस घटना का वर्णन करने से पहले अपनी विपदा के संगी युवक आसामियों के बारे में कहता चलूं। कोर्ट में इनका आचरण देख अच्छी तरह समझ गया था कि बंगाल में नवयुग आ गया है, नयी सन्तति माँ की गोद में वास करना आरम्भ कर चुकी है। तत्कालीन बंगाली लड़के दो तरह के थे, या तो थे शान्त, शिष्ट, निरोह, सच्चरित्र, भीरु, आत्मसम्मान और उच्चाकांक्षा से शून्य: या दुश्चरित्र, दुर्दान्त, अस्थिर, ठग, संयम और साधुता से शून्य ! इन दो चरमावस्थाओं के बीच नानारूप जीव बंग-जननी की गोद में जनमे थे, लेकिन आठ-दस असाधारण प्रतिभावान् शक्तिमान, भविष्य के पथ-प्रदर्शकों को छोड़ इन दो श्रेणियों के अलावा तेजस्वी आर्य सन्तान प्रायः देखने में नहीं आती थी। बंगाली में बुद्धि थी, मेधाशक्ति थी लेकिन शक्ति नहीं थी; मनुष्यत्व नहीं था। लेकिन इन लड़कों को देखते ही लगता था मानों अन्य युग के अन्य शिक्षाप्राप्त, उदारचेता, दुर्दान्त तेजस्वी पुरुष फिर से भारतवर्ष में लौट आये हैं। वह निर्भीक सरल दृष्टि, वह तेजपूर्ण वाणी, वह चिन्ताशून्य आनन्दमय हास्य, इस घोर विपद् के समय भी वह अक्षुण्ण तेजस्विता, मन की प्रसन्नता विमर्शता, चिन्ता या सन्ताप का अभाव, उस समय के तम: क्लिष्ट भारतवासी का नहीं, नूतन युग का, नूतन जाति का, नूतन कर्मस्त्रोत का लक्षण है। ये यदि हत्यारे हों तो कहना पड़ेगा कि हत्या की रक्तमयी छाया उनके स्वभाव पर नहीं पड़ी। क्रूरता, उन्मत्तता और पाशविक भाव उनमें कतई नहीं था। उन्होंने भविष्य की या मुकद्दमे के फल की जरा भी चिन्ता न कर कारावास के दिन बालकोचित आमोद में, हंसी में, खेल में, पढ़ने-सुनने में, समालोचना में बिताये। बहुत जल्दी ही उन्होंने जेल के कर्मचारी, सिपाही, कैदी, यूरोपीय सार्जेंट, जासूस, कोर्ट के कर्मचारी सभी के साथ मैत्री का नाता जोड़ लिया था। एवं शत्रु-मित्र, बड़े-छोटे का विचार न कर सब के साथ बातचीत, हंसी-मजाक करने लग गये थे। कोर्ट का समय उन्हें बड़ा विरक्तिकर लगता, क्योंकि मुकद्दमे के प्रहसन में रस बहुत कम आता था। यह समय काटने के लिए उनके पास न पढ़ने को किताब थी न बात करने की अनुमति। जो योग करना शुरू कर चुके थे, उन्होंने तब तक गुल- गपाड़े में ध्यान करना नहीं सीखा था, उनके लिए समय काटना पहाड़ हो जाता। शुरू में दो-चार जन पढ़ने के लिए किताब अन्दर लाने लगे, उनकी देखा-देखी बाकी सब ने भी उसी उपाय का सहारा लिया। उसके बाद एक अद्भुत दृश्य देखने को मिलता - मुकद्दमा चल रहा है, तीस-चालीस आसामियों के समस्त भविष्य को ले खींचा तानी चल रही है, उसका फल हो सकता है फांसी के तख्ते पर मृत्यु या आजीवन कालापानी, किन्तु उस ओर दृष्टिपात न कर उनमें से कोई बंकिम का उपन्यास, कोई विवेकानन्द का राजयोग या Science of Religions, कोई गोठा, कोई पुराण तो कोई यूरोपीय दर्शन एकाग्र मन से पढ़ रहा होता। अंग्रेज सार्जेंट या देशी सिपाही कोई भी उनके इस आचरण में बाधा नहीं देता। वे सोचते थे कि यदि इससे ही  इतने सारे पिंजराबद्ध व्याघ्र शान्त रहें तो हमारा काम भी कम होता है और इससे किसी की क्षति भी नहीं होती। लेकिन एक दिन बर्ली साहब की दृष्टि खिंच गयी इस दृश्य की ओर, असह्य हो उठा मजिस्ट्रेट साहब को यह आचरण। दो दिन तो वे कुछ नहीं बोले लेकिन और ज्यादा सह न सके, पुस्तकें लाने की मनाही कर दी। असल में बर्ली इतना सुन्दर विचार कर रहे थे कि उसे सुनकर कहाँ तो सब को आनन्द लेना चाहिये था, उल्टे पढ़ रहे थे सब पुस्तकें। यह तो बर्ली के गौरव और ब्रिटिश जस्टिस की महिमा के प्रति घोर असम्मान प्रदर्शित करना था, इसमें सन्देह नहीं।

(क्रमशः, आगे अगले अंक में)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अगर आपको सूतांजली पसंद आ रही है, तो इसे सबस्क्राइब (subscribe) करें। अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों, आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


 यू ट्यूब का संपर्क सूत्र -->

https://youtu.be/vU-He7SMjSA


सूतांजली नवंबर द्वितीय 2026 - अनंत शक्ति का प्रतीक

  भय ही तेरा नाम है , हर  श्वास में मृत्यु का वास ; तेरे थरथराते चरण , कर सकते हैं ; संसार का विनाश।                                      ...