शुक्रवार, 1 सितंबर 2023

सूतांजली सितंबर 2023

इंद्रियों से प्राप्त होने वाले सुख क्षणिक होते हैं,

अत: प्रतीत तो सुख होते हैं,

लेकिन दुख का कारण होते हैं।

सुख उसे कहते हैं, जिसमें दुख समाप्त हो जाता है।

स्वामी तेजोमयानंद

------------------ 000 ----------------------

दु:ख...?  

(दुख क्या है? जब तक हम यह नहीं पूछते, उत्तर जानते हैं, लेकिन जब पूछते हैं तब उत्तर नहीं जानते हैं। यह, वीणा के तारों की तरह, इतना न कसो कि टूट जाए, इतना  ढीला न छोड़ दो कि बज ही न पाए, जैसा मार्ग है। दुख क्या है, यह पूछते ही हम दुख से मुक्ति के उपाय खोजने लगते हैं। विद्वानों ने अनंत काल से कालानुसार अपने-अपने ढंग से इसे प्रतिपादित किया, इसके अनेक उत्तर दिये और अनुत्तरित भी छोड़ दिये। डॉ. देव  ने इनके उत्तरों को अनंत के गर्भ में से निकालने का प्रयास किया, लेकिन क्या ढूंढ पाये? अहा! जिंदगी ने उनके प्रयास को  हम तक पहुंचाया। इसके अंश।)

...मैं दुख का अनुभव अवश्य करता हूँ, समय अधिकांश दुख में ही कटते हैं, लेकिन मैं इसकी कोई परिभाषा नहीं कर सकता। हर किसी की अपनी परिभाषा है। कुछ लोग जो चाहते हैं कि उन्हें परम-बुद्धिमान दार्शनिक या मानव-मन का अध्येता मान लिया जाये, तो वे अवश्य दूसरों के लिये  दुख की परिभाषा अपनी उलझी हुई शब्दावली में करते हैं और उसे श्रवण या प्रकाशित होते देखने के लिये तरह-तरह के ओछे प्रयास भी करते हैं।

...मठों में तो दुख दूर करने का ही कारोबार है। ... हम लोग कभी नहीं पूछते कि दुख क्या है? दुख के संदर्भ में हमेशा हमारा सवाल ‘क्यों’ और ‘कैसे’ की शैली में पूछा जाता है और कुछ लोग दुख दूर करने वाले बाजार सजा लेते हैं। कुछ लोग तो केवल दुख दूर करने का उपाय बताते हैं, कुछ तो उपाय कर भी देते हैं। कहने का मतलब कुछ गुरु, गुरु ही रहते हैं, कुछ गुरु ईश्वर के समकक्ष हो जाते हैं। गुरुओं के प्रारूप देश, काल और परिस्थिति के अनुसार बनते हैं। अगर मुझे पता चल जाये कि दुख क्या है तो मैं दुख से मुक्त हो जाऊंगा। हम जिसे जान लेते हैं, उससे मुक्त हो जाते हैं।

... दुख के बारे में उपनिषद कोई साफ बात नहीं कहते, लेकिन दुख क्या है, इसका उत्तर वे देते हैं। वे कहते हैं, अज्ञान ही पाप है। ... पाप से दुख उत्पन्न होता है। आंतरिक जगत में भी और समाज में भी। ऋग्वेद उनके पहले ही कह गया है, पापी नरक-स्थान को उत्पन्न करता है। ... कुल मिलकर अज्ञान ही दुख है। तो फिर, अज्ञान क्या है? अपने को न जानना ही अज्ञान है। अपने को जानते ही मनुष्य दुख से तो मुक्त हो ही जाता है। सुख-दुख से परे अनंत आनंद में भी निवास करने लगता है। दुख को जानना दुख के मूल कारण को जानना है। ...उपनिषदों की दुख की परिभाषा गढ़ने में कोई रुचि नहीं है। उपनिषद कभी हमें खुल कर नहीं बताते कि दुख क्या है? वे केवल आनंद को जानते हैं। वे मनुष्य को मूलतः अनंत आनंद के बारे में बताते हैं। कहा जाये कि वे जीवन मात्र को अनंत आनंद घोषित करते हैं। और श्रावण-मनन-निदिध्यासन की तकनीक से उस अक्षय, अमर, अनंत आनंद में निवास करने की कला सिखाते हैं।...

...उपनिषदों के ऋषि गृहस्थ हैं। वे ब्रह्मचर्य आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने, गृहस्थ आश्रम में परिवार के प्रति कर्तव्य पूरा करने, वानप्रस्थ में समाज सेवा करने और संन्यास में प्रकृति सहित समूचे संसार को समर्पित होने के क्रम को अनिवार्य मानते हैं।... वे संसार का त्याग करना नहीं सिखाते। संसार से जुड़ते हुए वे काल से मुक्त होने की कला में माहिर थे और यही कला सिखाने को कटिबद्ध भी हैं। वे संसार को माया या तृष्णा नहीं मानते। वे नहीं मानते कि हम मायाजाल में फंसे हैं या तृष्णा में पड़कर अनंत बार जन्म-मरण को बाध्य होते हैं। वे अविद्या की बात अवश्य करते हैं। अविद्या के चलते ही हम दुख में होते हैं। विद्या हमें मुक्त करती है। वे जीवन को दुख नहीं मानते, जीवन को आदि-मध्य और अनंत में केवल आनंद ही मानते हैं। वे अनुभववादी हैं।...

          आधुनिक मनुष्य और उपनिषदों के बीच सदियों की पथरीली दीवार खड़ी है। ... उपनिषदों की भाषा हमारी समझ के बाहर हो गई है। तब ‘पलखत पाकर’ अर्थात पलक झपकने भर का मौका पाकर  बुद्ध लगातार दिमाग के भीतर दस्तक देने लगते हैं। ... जब उन्होंने दुख को पहचाना, तो पाया कि जीवन दुख का ही पर्यायवाची है। ... जो है वह दुख ही है, दुख के अलावा और कुछ है ही नहीं। अस्तित्वमात्र ही दुख है। जीवन और दुख एक ही सत्ता के दो नाम हैं। भौतिक शरीर ग्रहण  करने के साथ अजन्मा, अजर-अमर-अमर्त्य आत्मा भौतिक शरीर में निवास करने लगेगी तो हम दुख से कैसे मुक्त हो पायेंगे। ये उपनिषद वाले तो अनंत जीवन की बात कर रहे हैं। अनंत जीवन केवल दुख के अलावा और कुछ हो ही नहीं सकता, क्योंकि जीवन मात्र दुख के और कुछ हो ही नहीं सकता, क्योंकि जीवन मात्र दुख ही है। जन्म लेना दुख है, रोग दुख है, जरा दुख है, मरण दुख है, प्रिय से विछोह दुख है, अप्रिय से मिलन दुख है, जीवन का हर क्षण दुख है, दुख ही है और कुछ भी नहीं है। वाकई दुख के बारे में बुद्ध से बड़ी अथॉरिटी और कोई नहीं है।...

          ... अर्जुन हमारी ही तरह विषादग्रस्त है, दुख की पराकाष्ठा का अनुभाव कर रहा है। मृत्यु उसे आकर्षक लगने लगी है। वह संन्यास लेने को तत्पर है। इससे निवृत्ति का एकमात्र मार्ग संन्यास ही है। ... ‘अपने धर्म का पालन करो, अपने लिए नियत कर्म करो, लड़ो, उन्हें मारो, ये अधर्म के पक्ष में खड़े हैं’, कृष्ण डांटते हैं। गीता के प्रारम्भ में अर्जुन गाँडीव रख देता है, गीता के अंत में वह धनुष उठा लेता है। अतः गीता का एक ही उपदेश है - अपनी प्रकृति और नियति के अनुसार कर्म करो, कर्म में ही सारा ध्यान झोंक दो, फल के बारे में एक पल के लिए भी विचार मत करो, वह तो शुद्धतः तुम्हारे कर्म का परिणाम होगा। शत-प्रतिशत कर्म, शत-प्रतिशत फल। श्रम का रंच मात्र भी फल-विचार में गया कि फल में उतनी ही कमी रह जाएगी। लेकिन, कर्म हमेशा फल को लक्ष्य में रखकर ही किया जा सकता है। लक्ष्य में फल को रखे बिना हम  अपना स्वधर्म यानि स्वकर्म नियत कर ही नहीं सकते, कर्म क्या करेंगे? कर्म के लिए कृष्ण दो लक्ष्य सामने रखते हैं। आधुनिक मनुष्य को पहला लक्ष्य ‘ईश्वर को सभी कर्मों का समर्पण’ समझ में नहीं आयेगा। वह अपनी ओर से ईश्वर को समर्पित करेगा, लेकिन उसके कर्म समाज का संचालन करने वाले स्वार्थी सत्ता-केन्द्रों को समर्पित हो जाएंगे। समाज में चारों तरफ बिखरे घड़ियाल उसके फल को गटक जाएंगे। आत्मशुद्धि वाला लक्ष्य भी तब तक समझ में नहीं आएग जब तक वह ‘स्वयं को प्रेम करो’ जैसे सत्तापक्षीय सिद्धांतों की चपेट में है। 

... जीवन दुख नहीं है। जीवन माया नहीं है। जीवन मृत्यु की ओर बढ़ती नदी नहीं है। जीवन जीने के लायक नहीं है, हम ऐसा इसलिए सोचते हैं क्योंकि हम अविद्या से ग्रस्त हैं। जब हमें विद्या मिलती  है तो हम ब्रह्मांड से एकत्व का अनुभव करने लगते हैं और पाते हैं कि दुख सम्पूर्ण से कटे होने का प्रतिफल है। जीवन तो वस्तुतः आनंद है, अनंत आनंद...सत-चित-आनंद।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

इष्ट देवता – क्या , क्यों और क्या है महत्व

सबसे पहला प्रश्न तो यह है कि यह ‘इष्ट देवता’ क्या है?

          मोटे तौर पर इष्ट देवता का अर्थ है एक भक्त द्वारा अपनी व्यक्तिगत दृष्टिकोण या भावनात्मक लगाव के अनुसार भक्ति, पूजा और आराधना के लिए चुने गए देवता का नाम और स्वरूप।

अब, इसके तुरंत बाद दूसरा प्रश्न जो हमारे दिमाग में आता है वह है कि इस इष्ट देवता की क्या उपयोगिता है?

          सही तौर पर विचार करें तो इसके भी पहले यह समझना ज्यादा आवश्यक है कि जब और किसी धर्म में किसी देवता की कल्पना नहीं है हमारे धर्म में देवता की कल्पना ही क्यों की गई है?

          इसका सीधा सा कारण है कि जहाँ मनुष्य के लिए अपने भीतर की किसी अनदेखी चीज़ पर विश्वास करना कठिन होता है, वहीं उसके लिए किसी ऐसी अनदेखी चीज़ पर विश्वास करना आसान होता है जिसे वह अपने से बाहर मानता है। अतः अपनी आध्यात्मिक प्रगति के लिए अधिकांश मनुष्य अपने से बाहर अपने विश्वास की किसी वस्तु की मांग करता है। उसे ईश्वर की एक बाहरी छवि या एक मानव प्रतिनिधि की आवश्यकता होती है  - वह अवतार या पैगंबर या गुरु  या दोनों की मांग करता है और उन्हें खोजता है। मानव आत्मा की आवश्यकता के अनुसार भगवान स्वयं को देवता, दिव्य मानव या सरल मानव के रूप में प्रकट करते हैं - इस स्थूल वेश में वे सफलता पूर्वक अपने ईश्वरत्व को छुपा कर ईश्वरत्व के मार्गदर्शन का हस्तांतरण करते हैं।

          हिन्दू का आध्यात्मिक शास्त्र, इष्ट देवता, अवतार और गुरु की धारणाओं द्वारा आत्मा की इस आवश्यकता को पूरा करता है। इष्ट देवता से, एक चुने हुए देवता का अर्थ कोई हीन शक्ति नहीं, बल्कि पारलौकिक और सार्वभौमिक देवत्व का एक नाम और रूप है। ईश्वर सर्व है और सर्व से बढ़कर है। लेकिन वह जो सबसे बढ़कर है, मनुष्य कैसे उसकी कल्पना करेगा, विचार करेगा, सोचेगा? सर्व में ऐसी चीजें हैं जो उसकी समझ के लिए बहुत कठिन है। सीधे तौर पर, वह ईश्वर के रूप में कल्पना नहीं कर सकता है, उस तक नहीं पहुंच सकता है या किसी ऐसी चीज को नहीं पहचान सकता है जो उसकी अज्ञानी या आंशिक धारणाओं के दायरे से बहुत बाहर है। उसके लिए यह आवश्यक है कि वह ईश्वर को अपनी छवि में या किसी ऐसे रूप में देखे जो स्वयं से परे हो लेकिन उसकी उच्चतम प्रवृत्तियों के अनुरूप हो और अपनी भावनाओं या अपनी बुद्धि द्वारा समझ सके और उसे मान सके। अन्यथा उसके लिए परमात्मा के संपर्क और साम्य में आना मुश्किल है।

          एक भारतीय ग्रंथ है, ‘राम भक्त विजयम’, जो तुलसीदास की एक पौराणिक जीवनी जैसी प्रतीत होती है। इस ग्रन्थ में तुलसीदास हनुमान से राम के दर्शन कराने का अनुरोध करते हैं। हनुमान कहते हैं, “आप राम के दर्शन कैसे कर सकते हैं वे तो निराकार, सार्वभौमिक, सर्वव्यापी हैं, जो हर जगह और हर चीज़ में हैं और सबसे ऊपर हैं, अंतरिक्ष और समय से परे शाश्वत हैं।” तुलसीदास उत्तर देते हैं, “मैं उस परम पुरुष के दर्शन राम के रूप में करना चाहता हूं।” हिंदू धर्म में इष्ट देवता का यही अर्थ है, एक सीमित व्यक्तिगत देवता नहीं, बल्कि पारलौकिक और सार्वभौमिक दिव्यता का एक नाम और रूप।

          गुरु या अवतार भी इष्ट देवता हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में भक्त या शिष्य को अपने गुरु या अवतार को केवल मनुष्य के रूप में नहीं बल्कि स्वयं परमात्मा को मानव रूप में देखना होता है। एक प्रसिद्ध श्लोक है –

गुरुर्ब्रह्मा ग्रुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः।

गुरुः साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥

गुरु ब्रह्मा है, गुरु विष्णु है, गुरु ही शंकर है; गुरु ही साक्षात् परब्रह्म (परमगुरु) है;

उन सद्गुरु को प्रणाम।

          ईश्वर को तीन अवस्थाओं में मानते हैं: पारलौकिक, सार्वभौमिक और वैयक्तिक। राम, कृष्ण, क्राइस्ट और बुद्ध जैसे दिव्य अवतार पारलौकिक और सार्वभौमिक दिव्य के अवतार हैं। प्रत्येक मनुष्य उस वैयक्तिक को परमात्मा के अवतार के रूप में देख सकता है, जो एक दिव्य उद्देश्य के लिए पृथ्वी पर अवतरित हुआ है। हममें से अधिकांश लोग इसके बारे में या अचेतन अवतार से अवगत नहीं हैं। जो लोग अपने भीतर परमात्मा के बारे में पूरी तरह से जागरूक हो गए हैं और उनके साथ एकजुट हो गए हैं, वे पृथ्वी पर रहने वाले देवता हैं।

          लेकिन यह सिद्धांत पूरी तरह से केवल आत्म-साक्षात्कार या ईश्वर-प्राप्त आत्माओं जैसे श्रीअरविंद, श्री रामकृष्ण या श्री रमण महर्षि आदि पर लागू होता है। लेकिन, ऐसे सैकड़ों गुरु हैं जिन्होंने ईश्वर को महसूस नहीं किया होगा, लेकिन चेतना के कुछ उच्च स्तरों या सामान्य मानव चेतना से परे एक उच्च शक्ति के साथ उनका कुछ आंतरिक संपर्क है, जो शिष्यों को आकर्षित करता है। ऐसे मामलों में भी, यदि शिष्य अपना ध्यान गुरु की ईश्वरीयता पर केंद्रित करता है, गुरु में मानव के दोषों को अनदेखा करता है, तब गुरु में अवस्थित ईश्वर उसे सही रास्ते का मार्गदर्शन करेगा भले ही गुरु में मानवीय खामियां हों। उदाहरण के लिए, एक प्राचीन भारतीय ग्रंथ शिष्य से कहता है, “अपने गुरु की खामियों को मत देखो। उनमें से सत्य को लो, और बाकी को छोड़ दो।”

          यदि हमारे एक इष्ट देवता हैं, तो हमारी आंतरिक आकांक्षा को परम ईश्वर के संपर्क में आना होगा और बाहरी रूप के पीछे उनकी उपस्थिति को अनुभव करना होगा।

(दुर्भाग्य से पिछले कुछ समय में कुछ ऐसे गुरुओं की खामियां अपराध के दायरे तक पहुँच गई। जिसका परिणाम उन्हें तो भोगना हो पड़ा हमें भी उसकी तपन महसूस हुई।)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

अपने सुझाव कोम्मेंट्स ऑनलाइन दें।

 

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/6mZM5KEn8g4


मंगलवार, 1 अगस्त 2023

सूतांजली, अगस्त 2023



धन्यवाद

इस माह हम छह वर्ष पूर्ण कर सातवें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं।

यह आपके स्नेह और सुझावों के कारण ही संभव  हो सका है।

आप से एक ही अनुरोध है, मेल,  ब्लॉग या  व्हाट्सएप्प पर संपर्क बनाए रखें और

अपने सुझावों से हमारा मार्गदर्शन करते रहें।

*****

गलतियों को मुद्दा बना कर टकराव को बढ़ाने के बजाय

गलतियों का अहसास करवाकर

स्वस्थ्य मिसाल कायम करना ही शुभ होता है।

------------------ 000 ----------------------

सुख की खोज में कोलंबस                                                       चिंतन

          पूरी दुनिया का चक्कर लगाने के बाद कोलंबस इसी नतीजे पर पहुंचा, “सुख पाने के लिए हमें कुछ और नहीं बस सही स्याही चाहिए”। नहीं समझे! जिस सुख को खोजने हम दर-दर भटकते हैं, उसे खोजने बड़ी यात्रा पर जाने की जरूरत नहीं है, वह हमारे इर्द-गिर्द ही है। आइए, समझने का प्रयत्न करते हैं, अलग-अलग माध्यम से। 

          कम्युनिस्ट दौर का एक पुराना किस्सा है। पूर्वी जर्मनी से एक आदमी को साइबेरिया भेजा गया। उसको मालूम था कि उसके पत्र-व्यवहार पर विरोधियों की नजरें रहेगी। इसलिए उसने अपने मित्रों से कहा कि क्यों न एक कोड बना लिया जाये। मैं अपनी चिट्ठी अगर नीली स्याही से लिखूं, तो समझना कि जो कुछ भी मैंने लिखा है, वह सब सच है और अगर काली स्याही से लिखूं, तो समझना कि मेरी लिखी हर बात झूठ है। कुछ समय बाद उसने अपने दोस्त को नीली स्याही से चिट्ठी लिखी, 'यहां हर चीज़ भव्य है। दुकानें, खाने-पीने की उम्दा चीजों से भरी हुईं हैं। सिनेमाहॉलों में बढ़िया फ़िल्में दिखाई जाती हैं। मकान बड़े-बड़े और शानदार हैं और उनमें रहने वाले लोग सहृदय हैं। यहां मुझे कोई असुविधा नहीं है, सिवाय इसके कि लाख चाहूं, तो भी लिखने के लिए काली स्याही नहीं ख़रीद सकता...'।

          हमारा समय ऐसा ही है। हमारे पास सत्य, न्याय, नीति, नैतिकता और आदर्शवाद का ढेर है, पर उन्हें लिखने के लिए सही स्याही नहीं है, पढ़ने के लिए सही भाषा नहीं, समझने के लिए सही मस्तिष्क नहीं। अध्यात्म  हमें इस सही स्याही को जुटाने और जीवन की चिट्ठी को एक बार फिर से लिखने का अवसर देता है। देखना यह कि हममें से कितने इस ख़त को लिखने के लिए सही स्याही चुनते हैं, पढ़ने के लिए सही भाषा इस्तेमाल करते हैं और समझने के लिए सही मस्तिष्क रखते हैं।

          चेखव की एक कहानी है – “वार्ड नंबर सिक्स”। इस कहानी के दो प्रमुख पात्र हैं- रेगिन और ग्रोमोव। मेडीकल रिपोट्र्स के मुताबिक़ ग्रोमोव विक्षिप्त है, लेकिन उसकी बातें उसे बुद्धिमान साबित करती हैं। वह अन्याय, झूठ, पिछड़ेपन और आडंबर से घिरे जीवन को लेकर दुख और आक्रोश से भरा है। वह डॉ. रेगिन से कहता है कि देखो, हर ओर कैसी घुटन है। जो सक्षम हैं, वे निष्क्रिय और दुराग्रही हैं। जो कमज़ोर हैं, वे अज्ञान और पाश्विकता से भरे हैं। हम महज कंगाल हैं, क्योंकि भीड़ग्रस्त हैं। पतनशील हैं। नशे में, दिखावे में और झूठ में आवृत्त हैं। फिर भी घरों और सड़कों पर ख़ामोशी है। हजारों लोग हैं, पर इस सब के लिए कोई नहीं चीखता। लोग ख़रीदारी कर रहे हैं, खा रहे हैं, सो रहे हैं, मूर्खतापूर्ण बातें बना रहे हैं, ब्याह शादी रचा रहे हैं, बूढ़े हो रहे हैं। ख़ुद को लगातार क़ब्रों की ओर ढो रहे हैं, पर जीवन की तकलीफ़ों को नहीं सुन पा रहे...। तब रेगिन उससे कहता है कि अगर सुखी रहना चाहते हो, तो हर बुराई को नजरंदाज (इग्नोर) करो। अन्याय को भी और झूठ को भी, पाप को भी। लेकिन उसका यही दर्शन एक रोज ख़ुद उसे वार्ड नंबर सिक्स का मरीज बना देता है। क्या आपको नहीं लगता कि जिसे महत्व देना चाहिए उसे ही नजरंदाज कर रहे हैं?

          न्यूरोसाइंस के मुताबिक़ जीवन की वे सभी बातें जिन्हें हमने अपनी उथली प्रगति और आधुनिकता बोध के कारण अकल्पनीय-सा बना लिया है, अब वक़्त आ गया है कि उन्हें जीवन को लौटाया जाए। अंधेरों की खाई में गिरते जीवन की रक्षा के लिए अब यही एक उपाय है कि हम अपने मनुष्यत्व के खोए हुए अर्थ तलाशें। अपनी सहजता की ओर लौटें। उन छोटी-छोटी चीजों से जुड़ें, जिन्हें बड़ा बनने की आपाधापी में हम झटककर चले आए हैं। न्यूरोसाइंस दरअसल हमें उस चरवाहे की याद दिलाना चाहता है, जो हमारे पुरखों की कहानियों में अब तलक मजे से बांसुरी फूंक रहा है।

एक रोज उस चरवाहे से किसी ने पूछा कि बताओ आज मौसम कैसा रहेगा? सवाल सुनकर चरवाहा मुस्कुरा दिया, मानो यही जवाब हो। पूछने वाले ने दोबारा पूछा, 'हंसो मत ये बताओ आज मौसम कैसा रहेगा?" चरवाहा बंसी में सुर फूंकते-फूंकते रुका और बोला, 'जैसा मैं चाहूंगा, वैसा।'

'मतलब?'

'मतलब ये कि मौसम तो हर हाल में वैसा रहेगा जैसा धरती चाहेगी, पर मेरे मन का मौसम वैसा रहेगा, जैसा मैं तय करूंगा।'

उस दिन पूछने वाले को एक नया सबक मिला कि अगर तुम भीतर का मौसम बदल सको तो बाहर का मौसम अपने आप बदल जाता है।

         

          गोर्की ने न्यूयॉर्क को देखकर जिस सोना निगलने वाले एक पीले दैत्य की कल्पना की थी, वह दैत्य भारत के मन में भी आकार ले रहा है। हम एक ऐसा समाज बन रहे हैं, जिसके मन में पूंजी की भूख निरंतर गहरा रही है। लोग धरती, आकाश, समुद्र, हवा, वनस्पति, सब-कुछ को मसलकर पूंजी के ढेर में बदल रहे हैं और जीवन को एक नितांत रूखी, ठंडी, संवेदनहीन चीज में। और सबसे दुखद बात यह है कि हम, प्रगतिशील दुनिया के लोग, यह भी नहीं जानते कि हम चाहते क्या हैं, पर अपनी अनिश्चित मांग को पूरा करने के लिए हमने अपने जीवन को नरक बना रहे हैं।

          इन दिनों जीवन इसलिए जटिल है, क्योंकि अपनी प्रगतिशीलता को हांकने की जल्दबाजी में हमने सच्चाई और सरलता को हाशिए पर रख दिया है। आधुनिक होने की आतुरता में हमने पुरातनता को तो बड़ी तेजी से विस्मृत किया, पर कुछ नया नहीं रच पाए। हमने शिल्प और कलाओं से लेकर प्रकृति और पर्यावरण तक हर चीज का विनाशकारी दोहन किया, पर उनकी नई पौध रोपने की मोहलत नहीं तलाशी। नए समय ने सब के हाथों में मोबाइल तो दे दिया, पर ऐसा कोई आदर्श, कोई मूल्य वह नहीं दे पाया, जिसे सवा अरब आबादी का मन अपना पाता।

          स्टीवेन लेविट अपनी पुस्तक 'फ्रेकोनोमिक्स' में लिखते हैं कि नैतिकता या आदर्श वे चीजें हैं, जिनसे हम समाज को सजा हुआ देखना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक जगत उस संसार का चित्र दिखाता है, जैसा हमने इसे बना लिया है। एक ऐसे समाज में जहां हर चीज बिकाऊ है, यह एक बड़ा मुद्दा है कि ज्यादा धन से ज्यादा खुशियां मिलती हैं या खुशियों का अभाव होता है? सरलता आती है या जटिलता आती है?

          अपनी अर्थव्यवस्था को अगर उदात्त अर्थों से भरना चाहते हैं तो उसके लिए हमें एक नया पूंजीवाद चाहिए, जो स्वार्थी नहीं सहृदय हो। आज दुनिया भर के अर्थशास्त्री पूंजी के नए मायने तय कर रहे हैं। उनकी इस नई परिभाषा में सबसे ऊपर है- मानवीय पूंजी यानी मनुष्य। दूसरे नंबर पर है- सामाजिक पूंजी यानी रिश्ते, तीसरे पर है- प्राकृतिक पूंजी यानी पर्यावरण, चौथे पर- मानवनिर्मित पूंजी यानी इंफ्रास्ट्रक्चर और सबसे निचले पायदान पर आर्थिक पूंजी यानी मुद्रा । 2010 में हुए एक शोध में यह निष्कर्ष दिया गया कि किसी भी समाज के सुख का मुख्य कारण वैयक्तिक पूंजी नहीं, सामाजिक जुड़ाव है। पर विडंबना यह है कि हमारी दौड़ इस आख़िरी पायदान, पूंजी पर आकर ठहर गई है।

          महात्मा गांधी ने जब कहा कि यंत्र और उद्योग की परवशता और उससे जन्मी अर्थ पिपासा का इलाज होना चाहिए, तब वे भी हमें विकास, प्रगति और सुख के उन्हीं मायनों पर पुनर्विचार के लिए ही आगाह कर रहे थे जिनके लिए आज विज्ञान कह रहा है। शायद वे समय से काफी आगे चल रहे थे। आदर्श और व्यवहार को दो अलग-अलग चीजें मानकर हम जीवन का खेल यह सोचकर खेले जा रहे हैं कि हम बड़े बुद्धिमान हैं, लेकिन ऐसा करते हुए हम महज ‘वार्ड नंबर सिक्स’ का विस्तार ही कर रहे हैं।

          अगर हम आदर्श और अर्थ के बीच की खाई (गैप) को भरना चाहते हैं, तो उसके लिए जरूरी है कि हम देना शुरू करें। पूरे दिन को छोटी-छोटी देनों से भर दें। जरूरत पड़ने पर खुद का नुकसान कर के भी दें। पर याद रखें कि दान का सरोकार सिर्फ़ धन से नहीं है। ज्ञान, अनुभव, प्रज्ञा, भावना, कलाएं, पर्व, भाषाएं यहां तक कि समय, स्पर्श, विश्वास और क्षमा भी... जीवन में सब-कुछ लेना-देना ही तो है। पेड़ लगाना भी देना ही है। किसी को सड़क पार करा देना भी। किसी की तक़लीफ़ को सुन लेना भी देना है और मुस्कराना भी...

        

मैं अपनी बात समाप्त करना चाहूंगा द्वितीय विश्वयुद्ध की एक घटना से। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान, लिथुआनिया में एक जापानी राजनयिक चिउनेसुगिहारा तैनात थे। एक सुबह उनकी नींद दूतावास के बाहर जमा हुए हजारों लोगों के शोर से खुली। उन्हें बताया गया कि वे यहूदी थे जो हिटलर के हाथों मौत से बचने 

के लिए पोलैंड से भाग गए थे और जापान जाने के लिए वीज़ा चाहते थे। एक बार में हजारों वीजा देना और वह भी शरणार्थियों को, एक गंभीर मुद्दा था और इसलिए उन्होंने अपनी सरकार से सलाह ली। वे टेलेक्स संदेशों के दिन थे। पहला संदेश, उत्तर था 'नहीं'; दूसरा संदेश, उत्तर 'नहीं' था; तीसरे संदेश में, जैसा कि अपेक्षित था, उत्तर अभी भी 'नहीं' था। उनका आधिकारिक कर्तव्य अपनी सरकार के निर्देशों का पालन करना था। लेकिन उनकी आंतरिक आवाज ने उनसे कहा कि वह अपने पद का उपयोग इन लोगों को मौत से बचने में मदद करने के लिए करें। उन्हें वीज़ा जारी किया गया, जापान वापस बुलाया गया, लेकिन वे हज़ारों लोगों की जान बचाने में सफल रहे। उन्हें जापान में अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्हें जो मिला वह माप से परे था - देने की खुशी, स्थायी मानसिक शांति और संतुष्टि।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

हिसाब, पर्यावरण का                                    लघु कहानी - जो सिखाती है जीना

कस्तूरी सारे शहर में जहां-तहां घूमता रहता था, जैसे कुछ ढूंढ रहा हो। फिर आ गया और बोला, “दुनिया पर मेरा कुछ निकलता है, कोई हिसाब कर दें’।

          कस्तूरी पागल था, इसलिए कोई उसका हिसाब नहीं करता था। बस खाने-पीने को कुछ दे दिया जाये, तो वह चला जाता। एक दिन मैंने मज़ाक में कहा, ‘कस्तूरी आज मैं तुम्हारा हिसाब करूंगा, बोलो क्या बाकी है दुनिया पर?’ निकालो रुक्का, लालकिला चाहिये, की ताजमहल?’

          वह खुश हो गया और बोला, ‘मेरे पास एक नदी थी, वह कहाँ गई? एक जंगल था। कौन ले गया? मेरे पाखी-परेबा कहाँ गये?’

मैं अकबकया, ‘यह कोई कैसे बताएगा?’

‘फिर मेरा हिसाब रहने दो’, वह दुखी होकर बोला।

कुछ पल कि चुप्पी के बाद मैंने कहा, ‘अच्छा तुम्हारा घर कहाँ है, कस्तूरी?’

‘मालूम नहीं भूल गया हूँ।’

‘घर में और लोग थे?’

‘थे, बहुत लोग थे बाबू।’

‘वे लोग अब कहाँ हैं?’

‘क्या पता! उसने हाथ हिलाया।’

‘पागल कैसे हो गये?’, मैं असली सवाल पर आया।

‘दुनिया की चाल से’, उसने कुछ सोचकर कहा।

‘ठीक कैसे होगे?’

‘हिसाब मिलने पर।’

कस्तूरी एक समय के बाद काफी बूढ़ा हो कर मर गया। वह पागल क्यों हुआ? ठीक-ठीक कोई अनुमान नहीं कर सका। वैसे मुहल्ले के बड़े-बुजुर्ग आज भी यही कहते हैं कस्तूरी की तरह आदमी सोचने लगे तो ...................

(संजय सिंह)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

 

आपको सूतांजली पसंद आ रही है, आप चाहते हैं दूसरों को भी पढ़ना चाहिए।

तो इसे लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

अपने सुझाव  ऑन लाइन दें।

 

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/BK32xEl52L4


शनिवार, 1 जुलाई 2023

सूतांजली जुलाई 2023

 


खुद को बेहतर बनाना ही

बेहतर गाँव, बेहतर शहर, बेहतर देश और बेहतर दुनिया

बनाने की ओर पहला कदम होता है।

पहला कदम उठाइये।

------------------ 000 ----------------------

आध्यात्मिक जीवन - लौकिक जीवन                                              एक चिंतन

हम जब आध्यात्मिक और लौकिक जीवन की चर्चा करते हैं तो प्रायः हमारे खयाल में  यही आता है कि ये एक-दूसरे से पृथक जीवन हैं। लौकिक जीवन हम अपने जीवन की रोज़मर्रा की क्रियाओं को मानते हैं और आध्यात्मिक जीवन में आध्यात्मिक गतिविधि, चर्चा, पठन-पाठन को मानते हैं। लेकिन थोड़ा विचार करें तो समझ आता है कि हमारी यह अवधारणा त्रुटिपूर्ण है और मूलतः  हमारे अज्ञान पर आधारित है।  वास्तव में आध्यात्मिकता हमारे श्वास की भांति पूर्णतः एक स्वाभाविक, सामान्य और दैनिक जीवन का कार्यकलाप ही है।

क्या हमारे ऋषियों, मुनियों, साधुओं ने केवल आध्यात्मिक जीवन जिया? क्या उनके जीवन में लौकिक जगत नहीं था? इनमें से कोई भी हिमालय की कन्दराओं या गुफाओं के निवासी नहीं थे, ये  प्रायः एक सामान्य गृहस्थी थे। उनका अपना एक भरा-पूरा परिवार था। हाँ, तपस्या आदि के लिए एकांतवास करते थे, ठीक वैसे ही जैसा हम आज शिक्षा, व्यापार के लिए दूर-दराज जाते हैं।  ये ऋषि-मुनि जीवन के हर पहलू पर ग्रन्थों की  रचना करते थे तथा गुरुकुल में छात्रों को जीवनोपयोगी अनेक विषयों की शिक्षा देते थे जिनमें अध्यात्म भी एक विषय हुआ करता था। इन सब गुरुकुलों में प्रायः रहने-खाने की सुविधा उपलब्ध रहती थी और आज ही की तरह ये प्रायः शहरों से दूर हुआ करते थे। छात्रों और उनके परिवार से वे गुरु-दक्षिणा के रूप में धन या अन्य सामग्री के अलावा अनुदान भी लिया करते थे।

अब आगे बढ़ने के पूर्व हम यह समझने की कोशिश करें कि हम किसे ‘अध्यात्म’ जीवन मानते हैं? हम सब की अलग-अलग मान्यता हो सकती है, विचार हो सकते हैं। हमारे लिए इसे परिभाषित करना भी एक कठिन कार्य है। हमारे मन में इसकी एक धुंधली सी तस्वीर भी हो सकती है, जो सब के लिए अलग-अलग है। अतः बजाय यह बताने के कि आध्यात्मिकता क्या है? मैं कुछ प्रश्न करता हूँ, आप इनके उत्तर दें – केवल ‘हाँ’ या ‘ना’ में, शायद आपकी तस्वीर कुछ स्पष्ट  हो जाए।

क्या पूजा और उपवास ही आध्यात्मिकता है?                                           हाँ / ना

क्या मंदिर जाना और अनुष्ठान करवाना ही आध्यात्मिकता है?                      हाँ / ना

केवल भगवत चर्चा करना ही आध्यात्मिकता है?                                       हाँ / ना

क्या जरूरतमंदों की मदद करना आध्यात्मिकता है?                                   हाँ / ना

क्या बुरे इरादे रखना आध्यात्मिकता है?                                                 हाँ / ना

क्या स्वार्थी होना आध्यात्मिकता है?                                                      हाँ / ना

क्या स्वार्थ पूर्ति के लिए बेईमानी करना, झूठ बोलना आध्यात्मिकता है?         हाँ / ना

क्या मन का कलुषित होना आध्यात्मिकता है?                                          हाँ / ना

क्या ईमानदार होना आध्यात्मिकता है?                                                  हाँ / ना

क्या प्रेमभाव रखना आध्यात्मिकता है?                                                   हाँ / ना

इसी प्रकार के अपने प्रश्न तैयार करते जाइए और सच्चाई से इनके जवाब देते जाइए। आध्यात्मिक जीवन की तस्वीर साफ होने लगेगी। 

          किसी समय लौकिक जीवन के कार्यकलापों को आध्यात्मिक जीवन के कार्यकलापों से अलग नहीं माना जाता था। ये दोनों आपस में गूँथे हुए थे, माला में मोती और धागे की तरह। लेकिन कालांतर में हमने इन्हें अलग-अलग ही नहीं किया बल्कि यह धारणा भी धारण कर ली कि किसी भी मानव का जीवन या तो आध्यात्मिक है या लौकिक है। इस कारण से हमारा और हमारे देश का पराभव हुआ। हमने लौकिक जीवन से आध्यात्मिक जीवन को अलग कर दिया। यह कब-कहाँ हुआ इसका सटीक ज्ञान नहीं है लेकिन कइयों का यह मानना है कि इसका प्रथम उदाहरण, जिसका व्यापक प्रभाव पड़ा, वह है पृथ्वीराज चौहान के समय ‘जयचंद’। इसके बाद से हमारे लौकिक जीवन से अध्यात्म का लोप होना प्रारम्भ हुआ और हमारा अधोपतन होता रहा।

          शनैः-शनैः हम इस मनः स्थिति में पहुँच गए हैं जहाँ हमारे लौकिक में अनैतिकता का प्रवेश ही नहीं हुआ बल्कि मान्यता भी प्राप्त हो गई। एक साधारण व्यक्ति भी गाहे-बगाहे अनैतिकता का सहारा लेता है, यह सर्व-मान्य है,  इसमें हमें कोई दोष भी नहीं दिखता और इसका ठीकरा हम ‘सरकार’ के सिर पर फोड़ देते हैं। ऐसे नियम-कानून हैं, शासन-प्रशासन हैं कि दैनिक व्यवहार में बिना अनैतिकता के हम रह ही नहीं सकते!

          यह ‘सरकार’ कौन है? शासक-प्रशासक-विधायक? यह हम खुद ही हैं? ‘अमूल’ के जनक स्वर्गीय वर्गीज़ कुरियन का नाम तो आपने सुना ही होगा। प्रधान मंत्रियों से उनके अच्छे संबंध थे। बिना किसी विशेष रोक-टोक के वे उनसे मिलने उनके कार्यालय में पहुँच जाते थे। इसके बावजूद उनकी फाइल, योजनाएँ, आवेदन पर विचार कर निर्णय लेने में अप्रत्याशित समय लगता था। अपनी आत्मकथा में वे लिखते हैं कि एक बार इस विलंब के कारण वे बुरी तरह झुँझला गए और खुद अपने आवेदन की फ़ाइल लेकर संबन्धित अधिकारी के पास जा पहुंचे। अधिकारी ने पूरे मनोयोग से उनकी फ़ाइल देखी, उनकी पूरी बात सुनी और फिर अंत में कहा, ‘आप यह फ़ाइल छोड़ जाइए, सरकार इस पर विचार करेगी।’ कुरियन साहब भरे हुए तो थे उन्होंने तपाक से प्रश्न किया, ‘यह सरकार कौन है?’ अधिकारी एक बार तो सकपका गए लेकिन फिर धीरे से उच्च-अधिकारी की ओर इंगित किया। उन्होंने भी पूरी बात सुनने के बाद ‘इस पर सरकार’ विचार करेगी’ का जुमला उछाल दिया। कुरियन साहब भी कहाँ मनाने वाले थे। उनके प्रश्न पर उस उच्च-अधिकारी ने भी उन्हें आगे भेज दिया। उस प्रकार अधिकारियों, विभागों, मंत्रियों के चक्कर लगाते-लगाते आखिर वे प्रधान मंत्री के सम्मुख पहुँच गए।  उन्होंने उनका स्वागत किया, उनकी पूरी बात सुनी लेकिन अंत में उन्होंने भी यही कहा ‘आप यह फ़ाइल छोड़ जाइए, सरकार इस पर विचार करेगी।’ कुरियन साहब को आश्चर्य हुआ और बोले, ‘पिछले छ: महीने से मैं ‘सरकार’ को खोज रहा हूँ। मैंने सोचा था कि मैं अब सरकार के पास पहुँच गया। लेकिन आप भी ‘सरकार’ नहीं है? आखिर यह ‘सरकार’ है कौन? दरअसल यह सरकार और कोई नहीं खुद हम ही हैं।  जिस दिन हम यह समझ जाएंगे, उस दिन हम, हमारा देश बदलने लगेगा।

          लौकिक जीवन हमें ‘स्व’ की तरफ मोड़ता है और आध्यात्मिक जीवन ‘सर्व’ की तरफ। सैद्धांतिक रूप में हमें आध्यात्मिकता का विचार आकर्षित करता है लेकिन व्यावहारिक रूप में हम उसे अमल में नहीं लाते। अगर हमारे जीवन में आध्यात्मिकता का समावेश केवल सैद्धान्तिक रूप में है तो ऐसी आध्यात्मिकता निरुद्देश्य है।  लौकिक और आध्यात्मिक जीवन एक दूसरे के पूरक हैं। एक को अपनाने का अर्थ दूसरे को छोड़ना नहीं है।

          विशेषकर, युवाओं के जीवन में आध्यात्मिकता का विकास महत्वपूर्ण है, सिद्धांत रूप में नहीं, व्यावहारिक रूप में।  जीवन में निर्दिष्ट लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु प्रयास आवश्यक है। स्वामी विवेकानंद सेवा की पवित्र भावना से प्रेरित थे। स्वामीजी मानते थे कि मानव सेवा ही सच्ची सेवा है। मानव के प्रति निश्छल प्रेम से यदि आपका हृदय परिपूर्ण है तो वही ईश्वर की सच्ची पूजा है। ‘प्रेम’ अपने आप में पूर्ण है, यह महत्वपूर्ण नहीं है कि इसका स्रोत क्या है। अगर आप अपने आप को बदलना चाहते हैं, अपने परिवार को बदलना चाहते हैं, अपने समाज को बदलना चाहते है, अपने देश को बदलना चाहते हैं तो अपने लौकिक जीवन में आध्यात्मिकता, सैद्धान्तिक रूप में नहीं, व्यावहारिक रूप में अपनाइये। शुरुआत अपने से कीजिये, दूसरों की प्रतीक्षा मत कीजिये।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

स्वयं से संवाद

          किंवदंती है, ‘एक अच्छा श्रोता ही एक अच्छा वक्ता बन सकता है’। अगर हम ध्यान से सुन नहीं सकते, समझ नहीं  सकते तब हम अपनी बात भी दूसरों तक नहीं पहुंचा सकते। प्रायः यह देखने में आता है  कि हम आतुर हैं, बोलने के लिए, अपने बारे में। बिना यह सोचे समझे कि सामने वाला मुझ में कितना रुचि रखता है। इसके बजाय अगर हम सामने वाले के बारे में बात करें तो उसके दो अद्भुत लाभ होंगे। हम अहंकार से मुक्त होंगे और सामने वाला भी यह जान कर प्रसन्न होगा कि हम उसके बारे में जानना चाहते हैं, हमें उसकी चिंता है। उसके लिए हम उसके शुभचिंतकों की श्रेणी में आ जाएंगे। वह हमारी प्रशंसा करने लगेगा। अगर हमारी प्रशंसा कोई दूसरा करता है तो उसका कोई अर्थ भी होता है। अपने मियां मिट्ठू बनने का तो कोई अर्थ नहीं और नकारात्मक भी है।  इस पद्धति से हमारे मित्रों की संख्या भी बढ़ेगी।  यही नहीं जानकारी और सूचना देने के बजाय, मिलने लगेगी।

          व्यक्तित्व निर्माण का यह बहुत महत्वपूर्ण पहलू है कि हम किसे ज्यादा महत्व देते हैं – स्वयं को या अन्य को। यही स्वभाव हमारे बोलने का ढंग तय करती है और समाज में हमारा स्थान तय करती है। हम क्या हैं, यह हम तय नहीं करते, समाज तय करता है। सब अच्छे कार्य मैंने किए और  सब गलत कार्यों का ठीकड़ा किसी और के सर पर फोड़ने वाला अपने आप के प्रति ईमानदार नहीं हो सकता। और जो स्वयं के प्रति ईमानदार नहीं वह दूसरों के प्रति ईमानदार कैसे हो सकता है? अपनी गलतियों को मान लेने का अर्थ है, अपने सुधार का मार्ग खुला रखना। इससे अपने सुधरने की  संभावना हर समय बनी रहती है।

          हम अपने जीवन क्रम में बहुत व्यस्त हैं। सुख की तलाश में, जीवन भर दौड़ते-भागते रहते हैं, परेशान रहते है। इसी भाग दौड़ में पूरा जीवन व्यतीत कर देते हैं। क्या इस भाग दौड़ से हमें वह सुख मिला जिसके लिए हम परेशान रहे? या फिर हमें पता ही नहीं चला, हम कब सुख को पीछे छोड़, दुख के पीछे ही भागने लगे? इस संदेह का निराकरण जरूरी है। जो मिल रहा है उसका आकलन करना आवश्यक है। और जो नहीं मिल रहा है – क्या नहीं मिल रहा है और वह कैसे मिलेगा – का चिंतन-मनन करना भी आवश्यक है। साधारण भाषा में इसे ही हम “स्वयं से संवाद” भी कह सकते हैं।

          स्वयं से वार्तालाप बहुत ही आसान और सहज है। लेकिन फिर भी हम इससे बचते हैं, कतराते हैं। क्योंकि अपने से बात करने में सबसे बड़ी असहजता है “हम दुनिया से झूठ बोल सकते हैं, स्वयं से नहीं बोल पाते। दुनिया से भाग लेते हैं, लेकिन खुद से भाग नहीं पाते।” सत्य को देख कर हम चौंक जाते हैं, हमारा परिचय बदल जाता है। हमारी हमसे मुलाक़ात होती है, और हम जैसे हैं वैसे अपने को देखना नहीं चाहते। अपने परिचय को सही करने के लिए दृड़ता पूर्वक संकल्प लेना पड़ता है।   हमारा सारा दिन दूसरों की बातें करने में गुजरता है, वैश्विक व्यापार-राजनीति, गुण-अवगुण, की बातें करने और उन पर नज़र रखने में गुजर जाता है। दूसरा क्या कर रहा है, इसको लेकर हम ज्यादा चिंतित रहते हैं, हमें क्या करना है इसका हमें भान ही नहीं होता। जब हम स्वयं से बातचीत करते हैं तब हमें एक ही शरीर में दो अलग-अलग लोग नज़र आते हैं, जिनके बीच संवाद होता है। और तब हमें अपने दायित्व का बोध होता है, क्या किया और क्या नहीं इसका पता चलता है। जो किया कैसे किया, क्या वह सही था? जो रह गया, वह क्यों छूट गया, क्या वह हमारा दायित्व था, उसके लिए कौन जिम्मेदार है, हमारे लक्ष्य प्राप्ति में उसकी क्या भूमिका थी? हमें अपने कार्यों में नीति-अनीति के दर्शन होते हैं, उन्हें बदलने और सही करने की प्रेरणा भी मिलती है। ये सब प्रश्न हम अपने आप से करते हैं, और इसके उत्तर भी हम ही देते हैं।

          इस प्रकार के निरंतर चिंतन से हमारा परिचय बदल जायेगा। रात्री सोने से पहले, आज क्या किया इस पर विचार करें। प्रातः उठने पर बिस्तर छोड़ने के पहले, आज क्या करना है इस पर विचार करें। रात की बातों को याद करें, अपने लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपने संकल्प को दोहराएँ। हाँ शुरू- शुरू में बड़ी दिक्कत होगी, बार-बार छोड़ कर भागने की इच्छा होगी। लेकिन दृड़ता से बने रहें।  याद करें बालपन में दो पैरों पर खड़ा होना कितना कष्ट साध्य लगा होगा, पढ़ना कितना खराब लगा होगा, गाड़ी चलाने में रक्तचाप बढ़ा होगा, घुड़सवारी में गिर कर हड्डियाँ तोड़ी होंगी, माँ-बाप-शिक्षक से मार-डांट पड़ी होगी। लेकिन इन सब बाधाओं को पार कर हम आज यहाँ तक पहुँच गए। अब अगर हम एक और बाधा पर कर लें, अपने से बातचीत करने लगें तब हम उस सुख का, उस शांति का, उस चैन का रसास्वादन कर लेंगे जिसके लिए हमने अपनी नींदें हराम की।

                    ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

आपको सूतांजली पसंद आ रही है, आप चाहते हैं दूसरों को भी पढ़ना चाहिए।

तो इसे लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

अपने सुझाव  ऑन लाइन दें।

 

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/YyI9FPZZtxU

सूतांजली नवंबर द्वितीय 2026 - अनंत शक्ति का प्रतीक

  भय ही तेरा नाम है , हर  श्वास में मृत्यु का वास ; तेरे थरथराते चरण , कर सकते हैं ; संसार का विनाश।                                      ...