गुरुवार, 1 फ़रवरी 2024

सूतांजली फ़रवरी 2024


 

संत इसलिए संत नहीं कि उनमें कोई बुराई  नहीं है,

बल्कि इसलिए है कि वे अपनी बुराइयों को जानते हैं,

उनसे बचना चाहते हैं, उन्हें छिपाते नहीं और उनसे मुक्त होकर

अच्छे बनने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।

------------------ 000 ----------------------

आत्मीय अहसास

 

श्री राम लक्ष्मण एवम् सीता मैया चित्रकूट पर्वत की ओर जा रहे थे, राह बहुत पथरीली और कंटीली थी कि यकायक श्री राम के चरणों में कांटा चुभ गया। श्री राम रुष्ट या क्रोधित नहीं हुए, बल्कि हाथ जोड़कर धरती माता से अनुरोध करने लगे। बोले - माँ, मेरी एक विनम्र प्रार्थना है आपसे, क्या आप स्वीकार करेंगी। धरती बोली - प्रभु प्रार्थना नहीं, आज्ञा दीजिए।

          प्रभु बोले, माँ मेरी बस यही विनती है कि जब भरत मेरी खोज में इस पथ से गुजरे, तो आप नरम हो जाना! कुछ पल के लिए। अपने आँचल के ये पत्थर और कांटा मेरे पैर में चुभा सो चुभा पर मेरे भारत के पाँव में आघात मत करना। श्री राम को यूँ व्यग्र देखकर धरा दंग रह गई। पूछा - भगवान, धृष्टता क्षमा करें। पर क्या भरत आपसे अधिक सुकुमार है? जब आप इतनी सहजता से सब सहन कर गये तो क्या कुमार भरत सहन नहीं कर पायेगें? फिर उनको लेकर आपके चित्त में इतनी व्याकुलता क्यों?

          श्री राम बोले – नहीं....,  नहीं माते, आप मेरे कहने का अभिप्राय नहीं समझीं भरत को यदि कांटा चुभा, तो वह उसके पाँव को नहीं उसके हृदय को विदीर्ण कर देगा। हृदय विदीर्ण !! ऐसा क्यों प्रभु,  धरती माँ जिज्ञासा भरे स्वर में बोलीं।

          अपनी पीड़ा से नहीं माँ बल्कि यह सोचकर कि ... इसी कंटीली राह से मेरे भैया राम गुजरे होंगे और ये शूल उनके पगों में भी चुभे होंगे। मैया, मेरा भरत कल्पना में भी मेरी पीड़ा सहन नहीं कर सकता, इसलिए उसकी उपस्थिति में आप कमल पंखुड़ियों सी कोमल बन जाना।

         अर्थात रिश्ते, अंदरूनी एहसास, आत्मीय अनुभूति के दम पर ही टिकते हैं। जहाँ गहरी आत्मीयता नहीं, वह शायद रिश्ता नहीं परंतु दिखावा हो सकता है। इसीलिए कहा गया है कि रिश्ते खून से नहीं, परिवार से नहीं, मित्रता से नहीं, व्यवहार से नहीं बल्कि सिर्फ और सिर्फ आत्मीय एहसास से ही बनते और निर्वहन किए जाते हैं। जहाँ एहसास ही नहीं, वहाँ अपनापन कहाँ से आएगा।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

भारतीय सभ्यता-संस्कृति एवं श्री राम                                     

          यह पृथ्वी कब बनी थी? मानव सभ्यता का उदय कब हुआ? यह अभी भी विद्वानों के लिए शोध का विषय है। लेकिन जब मानव सभ्यता का अस्तित्व शुरू हुआ तो उसमें कई संस्कृतियों, सभ्यताओं और साम्राज्यों का उदय हुआ और समय के साथ कई संस्कृतियों, सभ्यताओं और साम्राज्यों का अस्तित्व समाप्त भी हो गया जैसे ग्रीक, मिस्र, रोमन, मंगोलियाई, फारसी आदि। इस्लाम ने 621 ईस्वी में मिस्र पर, अरब शासक और खलीफा मोहम्मद उमर के नेतृत्व के तहत आक्रमण किया। 642 ईस्वी, यानी महज 21 वर्षों में उन्होंने वहां की संस्कृति और सभ्यता को नष्ट कर दिया और उसे इस्लाम में परिवर्तित कर दिया। इस्लाम ने 635 ईस्वी में मोहम्मद उमर के नेतृत्व में ईरान और इराक पर आक्रमण किया और 650 ईस्वी में ईरान और इराक के खलीफा सुलेमान ने 652 ईस्वी यानी महज 17 वर्षों में उन्हें एक इस्लामी राज्य बना दिया। 329 ई. में रोम के सम्राट कॉन्सटेंटाइन अपनी मां के साथ यरुशलम आए और वहां उन्होंने ईसाई धर्म की दीक्षा ली। फिर, उनके प्रयासों से 50 वर्षों के भीतर, संपूर्ण यूरोप को ईसाई बना दिया।

          भारतीय संस्कृति, सभ्यता राष्ट्रवाद को मिटाने की दृष्टि से विदेशियों ने उपमहाद्वीप पर 13 बार आक्रमण किया :

1.    460 ईसा पूर्व में फारसियों ने,

2.    327 ई.पू. सिकंदर ने,

3.    100 ई.पू. में कुषाण ने,

4.    79 ई. में शकों ने,

5.    535 ई. में हूणों ने,

6.    650 ई. में अरब ने आक्रमण किया।

इन 6 आक्रमणों में हमारी संस्कृति, सभ्यता और देश की सीमाओं की रक्षा हुई, फिर

7.    712 में मोहम्मद बिन कासिम ने सिंध पर हमला किया।  वहां भारतीय शासक आपसी विभाजन और गुटबाजी के कारण हार गई थी।

8.    1026 ई. में महमूद गजनवी ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण किया। ज्योतिष के भ्रम और शिवदर्शी नामक पंडित के चंगुल में फंस कर भारत हार गया था।

9.    मोहम्मद गौरी ने 1192 ई. में हमला किया था। भारत के सात राज्यों ने गौरी का समर्थन किया और सम्राट पृथ्वीराज चौहान की हार हुई।

10.  1526 में, बाबर ने भारत पर आक्रमण किया और मुगल साम्राज्य की नींव रखी।

11.  पुर्तगाली 1498 ई. में भारत आए और 1509 में दीव और 1510 में गोवा पर अधिकार कर लिया।  

12.  5-6 सितंबर 1746 को फ्रांस ने मद्रास पर आक्रमण किया और 15 साल के संघर्ष के बाद 26 जनवरी 1761 ई. में पांडिचेरी पर अधिकार कर लिया।

13.  अंग्रेजों ने तेरहवीं शताब्दी में आक्रमण किया। 1601 में ईस्ट इंडिया कंपनी के जरिए अंग्रेज भारत आए। वे यहां की ऐश्वर्य, सुख-समृद्धि को देखकर बहुत प्रभावित हुए। भारत के कमजोर नेतृत्व और राजनीतिक अस्थिरता को समझते हुए उनके मानस में तीव्र इच्छा पैदा हुई। 23 जून 1757 ई. को, रॉबर्ट क्लाइव ने बंगाल के नवाब, सिराज उद-दौला के कमांडर मीर जाफर की गद्दारी के कारण प्लासी की लड़ाई जीती। इसके बाद, उन्होंने भारत के कुछ क्षेत्रों को अपने नियंत्रण में ले लिया। लेकिन पूरे भारत पर ब्रिटिश अधिकार 28 जून, 1858 ई. से 14 अगस्त, 1947 ई. तक रहा।

 

इस प्रकार इतिहास साक्षी है मिस्र ने 21 वर्षों में, ईरान ने 15 वर्षों में, इराक ने 17 वर्षों में और यूरोप ने 50 वर्षों में अपनी संस्कृति और सभ्यता को खो दिया। तब फिर भारत में ऐसी क्या विशेषता थी कि इतने आक्रमणों और अत्याचारों के बावजूद इसका सभ्यतागत अस्तित्व आज तक बना हुआ है। यदि अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश भारत देश से तीन इस्लामी राष्ट्र बन गए, तो नेपाल, श्रीलंका और म्यांमार भारतीय सभ्यता और संस्कृति का समर्थन करने वाले राष्ट्र भी बने। यदि इस्लाम और ईसाई संस्कृति भारतीय धरती पर प्रभाव डालने में सफल होती है, तो भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमिट छाप जापान, वियतनाम, भूटान, थाईलैंड, कोरिया, कंबोडिया, इंडोनेशिया आदि देशों पर देखी जा सकती है।

          भारतीय सभ्यता संस्कृति में वे अमृत तत्व हैं, ऐसे महापुरुष, संत, ऋषि, ज्ञानी और विद्वान हैं जिन्होंने भारतीय आत्मा को मरने नहीं दिया, इसकी ज्योति जन-मानस में अक्षुण्ण जाग्रत रखी। ऐसे अनेक चरित्रों में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम और उनके वंशजों का भारतीय संस्कृति और सभ्यता के अस्तित्व को पुष्पित करने और फलने-फूलने में एक अद्भुत योगदान रहा है। भगवान बुद्ध, बौद्ध धर्म के संस्थापक, जैन धर्म के विभिन्न भगवान, सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी, सभी क्षत्रिय थे। इन लोगों ने अज्ञानता से उत्पन्न होने वाले अंधविश्वासों और बुराइयों का जोरदार खंडन किया।

          मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम भारतीय संस्कृति और सभ्यता की आत्मा हैं। श्री राम के बिना एक भारतीय राष्ट्र की परिकल्पना निराधार है। श्रीराम के जीवन से बहुत कुछ सीख सकते हैं:

1.    अपने आप को सामर्थ्यवान बनाएँ। दूसरे खुद अपना दुख मिटाने के लिए आपसे समझौता करेंगे। सुग्रीव को राम में बाली से भयमुक्त होने, अपनी पत्नी तारा और अपना खोया राज्य वापस पाने का मार्ग दिखा और उन्हें प्राप्त किया तब उसने श्री राम की सहायता की। वैसे ही रावण द्वारा अपमानित कर राजदरबार से निष्काषित किए जाने पर विभीषण को शरण और जीवन का सम्मान वापस पाने का मार्ग राम में ही दिखा और श्री राम द्वारा लंका का राजतिलक किये  जाने के बाद विभीषण श्रीराम की सहायता के लिए तैयार हुए और राम की लंका पर विजय सुनिश्चित की।

2.    अपनी कठिनाइयों का सामना करने की क्षमता विकसित करें। किसी के मदद की अपेक्षा न रखें। जैसा कि श्री राम ने अपनी कठिनाइयों को दूर करने के लिए अयोध्या और जनक से कोई मदद नहीं मांगी, खुद नए संबंध बनाए।

3.    साम्राज्य की नींव अधर्म और बुराई पर न डालें, क्योंकि उनकी दीवारें कमजोर होती हैं। इसलिए सत्य और धर्म के मार्ग पर चलें, शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनें, क्योंकि लोग एक शक्तिशाली व्यक्ति से प्यार करते हैं।

4.    आदर्श स्थापित करें। सब कुछ कुर्बान करने के लिए तैयार रहें और समाज में हर वर्ग और व्यक्ति के महत्व को समझें, किसी की उपेक्षा न करें, बल्कि उनका प्रभावी ढंग से उपयोग करें। जैसे श्री राम ने किरीट, भील, जनजाति, वानर आदि सभी वर्गों का महत्व समझा।

5.    राष्ट्र प्रेम, पिता-पुत्र आदर्श, भाइयों में भक्ति, पति-पत्नी का प्रेम, शासक-शासित समीकरण और सत्य तथा निष्ठा के साथ बलिदान के लिए तैयार रहना आदि श्री राम की सच्ची भक्ति के रूप में आत्मसात करने के आदर्श हैं।

 

          किसी भी समाज-देश का स्वर्णिम भविष्य तभी सुरक्षित होगा जब उस के नागरिक वहां की संस्कृति और सभ्यता का सम्मान करेंगे। इसके लिए यूनेस्को ने भी सभी देशों को सुझाव दिया है:- 'शिक्षा की जड़ें अपनी संस्कृति में होनी चाहिए, लेकिन प्रगति के लिए प्रतिबद्ध'।

          जैसे इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम देश है। वहां के राष्ट्रपति जोको विडोडो, जो एक मुस्लिम भी हैं, 3 नवंबर 2019 को भारत आए। भारत के प्रधानमंत्री से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेटे का नाम नरेंद्र रखा है। भारत में रहते हुए कई बड़ी हस्तियों ने अपने बेटों का नाम गैर भारतीय रखा। इंडोनेशिया के मुसलमान अपनी प्राचीन संस्कृति और सभ्यता को श्रद्धांजलि देते हुए महाराजा सुग्रीव के नाम पर एक विश्वविद्यालय का निर्माण करते हैं। लेकिन भारत में कई समुदाय अपनी जड़ें अरब और यूरोप में ढूंढते हैं, जबकि इन समुदायों के पूर्वज अक्सर हिंदू थे। एक तरफ जहां कॉन्वेंट स्कूलों और मदरसों ने भारत में शिक्षा को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाई है; दूसरी ओर, उन्होंने भारतीय संस्कृति और सभ्यता की जड़ों को समाप्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसलिए मेरा उद्देश्य बस इतना ही है, ‘हमारी पूजा-पद्धति और मान्यताएं चाहे जो भी हों, लेकिन हमारी आस्था, संस्कृति और समर्पण भारत राष्ट्र के प्रति होनी चाहिये’।

          अपनी सभ्यता और संस्कृति को न भूलें उसे बनाए रखें और अपने राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें।

(स्वामी धर्मबंधु के लेखन पर आधारित) 

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

मन की माला                                             लघु कहानी - जो सिखाती है जीना

          बनारस के किसी मुहल्ले में एक पंडित जी और एक मुल्ला जी रहा करते थे। दोनों में गहरी मित्रता थी। दोनों अपने-अपने धर्म के महान विद्वान थे। दोनों अक्सर धर्म चर्चा किया करते थे, जिसे मुहल्ले वाले ध्यान से सुना व सराहा करते थे। वैसे तो सभी बातों में प्रायः एक जैसे मत रखते थे, पर माला फेरने को लेकर दोनों में अक्सर विवाद हो जाता था। पंडित जी, अपने धर्मग्रंथों के अनुसार सीधी माला फेरते थे और मुल्लाजी इस्लाम ग्रंथों के आधार पर उल्टी माला फेरते थे। दोनों एक-दूसरे की माला फेरने की रीति को गलत बताते और झगड़ पड़ते। एक दिन दोनों इसी बात पर झगड़ रहे थे कि तभी कबीरदास वहाँ से टहलते हुए निकले। उन्होंने थोड़ी देर ठहरकर दोनों का विवाद सुना और फिर जोर से हंस पड़े। ‘क्यों कबीर, मेरी बात पर तुम क्यों हंसे?', पंडित बोला। कबीर मुस्कुराये फिर बोले,

'माला फेरत जुग गया, फिरा न मन का फेर।

कर का मनका डार दे, मन का मनका फेर।।

"जरा समझाकर बताइए, कबीरदास जी।', मुल्ला ने कहा।

'अरे भाई, कबीरदास जी समझाते हुए बोले, 'तुम दोनों के माला फेरने का ढंग एक ही है। पंडित जी सीधी माला फेरते हैं, जिसका अर्थ है सारे सद्गुणों को अपने अंदर आत्मसात करना और उल्टी माला फेरने का अर्थ है अपने सारे अवगुणों को अपने घट रूपी शरीर से उलटकर बाहर निकाल देना। दोनों का उद्देश्य एक ही है पर ढंग अलग-अलग है, इसलिए अभी तुम माला फेरने से पहले अपने मन को फेरो तभी विवाद मिटेगा।' सुनकर दोनों नतमस्तक हो गए।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

अपने सुझाव ऑन लाइन  दें।

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/RLG-A3qpPCo


सोमवार, 1 जनवरी 2024

सूतांजली जनवरी 2024

 


अपने जीवन को सत्य की सच्ची खोज में परिणत कर दो,

जीवन जीने योग्य बन जायेगा।

------------------ 000 ----------------------

कर्म और ज्ञान

आज अचानक अपने एक सहपाठी से दशकों बाद मुलाक़ात हो गई। हमारा यह सहपाठी मेधावी था, लेकिन ‘सुशील’ नहीं। उसके जुबान पर गालियाँ रहती, गंदे शब्दों का प्रयोग करने में माहरत हासिल थी। मुक्त, मस्त, बिंदास। साधु, पंडित, पूजा, मंदिर से उसकी विशेष दुश्मनी थी, उन सब को जम कर गली देना और उनकी खिल्ली उड़ना उसकी दैनिक क्रिया थी। उसका यह मत था कि आदमी उम्र से नहीं दिमाग और शरीर से बूढ़ा होता है, अतः वह कभी बूढ़ा नहीं होगा इसलिए उसे इसकी जरूरत नहीं है। इन सब कारणों से न वह हमारे दल में था न ही शिक्षकों का प्रेम-पात्र।

          इन सब के बावजूद, उसमें एक खास बात थी। वह कभी तनाव में नहीं आता था। परीक्षा के समय भी वैसा ही निश्चिंत रहता। कहता, किस बात की चिंता? अपना काम पढ़ना और लिखना है, पढ़ रहा हूँ और परीक्षा में लिख दूँगा। अंक देने का काम किसी और का है, यह वह जाने, मुझे क्या मतलब! हम कहते, ‘और फेल हो गए तो?’ ‘फेल मैं नहीं, पढ़ाने वाला और नंबर देने वाला होगा मैं नहीं। और अगर नंबर कम आए, तब की तब सोची जाएगी, कल के बारे में सोच कर आज का दिन क्यों खराब करूँ?  उसकी बातें हमारी समझ में नहीं आतीं।  समय गुजरता चला गया। विद्यालय के बाद हम सब तितर-बितर हो गए।

          एक जमाने बाद फेस बुक-ट्वीटर-व्हाट्सएप आदि के चलते हम सब सहपाठी आपस में मिलते चले गए। इसी दौरान पता चला कि उसने काफी उन्नति की। उच्च शिक्षा पाई, अच्छे विश्वविद्यालयों में दाखिला मिला, बड़ी-बड़ी कंपनी में उसे नौकरी मिली। लेकिन कहीं भी एक जगह टिक कर नहीं रहा। अतः जब अचानक उससे मुलाक़ात हुई तो बात-चीत का सिलसिला शुरू हुआ। लेकिन वहाँ सड़क पर कितनी देर बात करते, फिर मिलने का समय और स्थान तय कर हम चल दिये। हम कई सहपाठी उससे मिलना चाहते थे और उसकी जिंदगी के सफर को जानने के उत्सुक थे। मैंने औरों से संपर्क किया और हम सब तय समय और स्थान पर एकत्रित हो गए।

          देखते ही अपने अंदाज़ में बोला, अबे! ...तूने तो पूरी क्लास जमा कर ली। मैंने लक्ष्य किया, वह अब भी वैसा ही है, बिंदास, लेकिन पहले से थोड़ा गंभीर। गालियाँ तो अब भी उसकी जुबान पर थीं, लेकिन कभी-कभार अच्छे शब्द भी उच्चरित हो रहे हैं। हम सबों को झटका तब लगा जब अचानक उसने ‘गीता’ की बात की। वह, और गीता! ये क्या हुआ? यह चिरयुवा बूढ़ा हो गया? हम सबों के चेहरे पर लटके सवाल को समझ उसने फिर अपने अंदाज़ में कहा, ‘अबे, क्या बताऊँ, अचानक एक दिन एक ढोंगी ने बड़ा झटका दे दिया’। हमने समझा जिंदगी में ठोकर लगने पर टेढ़े-से-टेढ़ा आदमी भी सीधा हो जाता है, तब यह किस खेत की मूली है। लेकिन बात कुछ और ही थी। उसने आगे बताया।

          एक दिन कहीं जा रहा था, अचानक तेज बरसात और तूफान के चलते एक परिचित के घर में घुस गया। घुसते ही उसे लगा कि वह गलत समय पर आ गया है। कोई साधु बैठा था, पूरा परिवार जमा था, उनका स्वागत सत्कार चल रहा था। मेरे हाव-भाव को समझ इसके पहले कि चाचा कुछ कहते, साधु ने मुझे बैठने कहा। बैठते-बैठते मैंने कहा, ‘तुम्हारा ज्ञान और नाटक इन बूढ़ों को ही दिखाओ, मैं न बूढ़ा, न मूर्ख,  तुम्हारा  नाटक मुझे नहीं देखना। साधु ने चाचा को रोकते हुए कहा, ‘इस अंधी-तूफान में कहाँ जाओगे? जब बंद हो जाये चले जाना। तब तक थोड़ी देर बैठ जाओ।  मेरे पास भी कोई चारा नहीं था, उपेक्षा से वहीं सोफ़े पर बैठ गया।

साधु मुझसे मुखातिब हुआ, ‘गीता का नाम सुना है?’

“कौन सी गीता? गीता चौधरी, दास, खन्ना, जालान या वो कमसिन गीता?’

“महाभारत वाली गीता”, साधु ने बिना परवाह के पूछा।

‘हाँ, नाम सुना है, बुढ़ऊ लोग बैठे-बैठे सुनते-पढ़ते रहते हैं’, मैंने कहा।

 साधु ने फिर पूछा, ‘क्या तुम बता सकते हो, यह गीता किसने किससे कही थी?’

“एक ग्वाले ने एक क्षत्रिय से कही थी जो हिंजड़ा बना जा रहा था”, मैंने उसे चिढ़ाने के लिए कहा।

वह शांत बना  रहा, ‘अच्छा यह भी बताओ कि गीता कहाँ पर और क्यों कही गई?’

मुझे लगा बात मेरी गिरफ्त से बाहर होती जा रही है। मैं सीधा बैठ गया और बोला, ‘युद्ध के मैदान में, अर्जुन को युद्ध के लिए उकसाने के लिए।’

‘गीता सुन कर अर्जुन युद्ध छोड़ कर भाग गया और सन्यासी हो गया या युद्ध कर, विजयी हुआ,’ उनका अगला प्रश्न था।

मैं सोफे से उतर कर परिवार के साथ दरी पर बैठ गया और बोला, ‘अर्जुन लड़ा और युद्ध में विजयी हुआ।’

          अब साधु ने कहा, ‘तुमने अभी-अभी कुछ बड़ी बातें कही हैं। पहला, गीता युद्ध के मैदान में कही गई। ऐसी जगह जहां निरंतर सतर्क और गतिमान रहना होता है। घात से बचना और प्रतिघात करना। दूसरा, गीता सन्यासी नहीं बनाती बल्कि युद्ध के लिए तैयार करती है। युद्ध बूढ़े और बुजुर्ग नहीं लड़ते, युवा-वयस्क-तरुण लड़ते हैं। जीवन भी रण-क्षेत्र है। शिक्षा के बाद जब मनुष्य संसार में प्रवेश करता है तब भी उसे पल-पल इस संसार से युद्ध करना पड़ता है। तब गीता किसके लिए है – युवा के लिए या वृद्ध के लिए। गीता कब चाहिए जीवन से विरक्ति के समय या जीवन में प्रवेश करते समय?’  इसके पहले कि मैं कुछ कहता उसने बताया तूफान समाप्त हो चुका है और अब मुझे निकल जाना चाहिए। मुझे उठता न देख अपने मिलने की जगह और समय बता उसने हाथ जोड़ लिए।

          सहपाठी ने बात आगे बढ़ाई। मुझे उससे मिलने की उत्सुकता पैदा हो गई थी। दूसरे दिन मैं उसके पास पहुंचा। कई चमचे उसको घेरे बैठे थे। इशारे से उनको विदा कर मुझे बैठने कहा। मेरे कुछ कहने के पहले ही उसने कल वाली बात आगे बढ़ाई, ‘तुम कह रहे थे कि तुम ज्ञानी हो? ज्ञानी किसे कहते हैं?’ उसने एक प्रश्न मेरी तरफ उछाला। मैंने बढ़ी होशियारी से उसका प्रश्न उसी की तरफ फेंक दिया, ‘आप ही बताओ’।

          वह कहने लगा, “तुमने अपने जीवन में बहुत धन कमाया। रखने की सुरक्षित स्थान न होने के कारण तुमने एक बैंक में बड़ा सा लॉकर लिया और बहुत सा धन उस में रख दिया। वह धन भले ही लॉकर में हो लेकिन है तो तुम्हारा ही न!’

‘हाँ, एकदम मेरा ही है, तुम्हारा नहीं’, मैंने तपाक से कहा।

‘कालांतर में धीरे-धीरे तुम उस बैंक, लॉकर और उस में रखे धन के बारे में बिलकुल भूल गए। यहाँ तक की कई बार उसकी चाबी भी तुम्हारे सामने आई लेकिन तुम यह याद नहीं कर पाये कि यह चाबी किस की है। क्या अब वह धन तुम्हारा है?’ उसने पूछा।

मैं असमंजस में पड़ गया और दुविधा में धीरे से लेकिन होशियारी से बोला, ‘जब तक मुझे उसकी याद नहीं आती उसका होना नहीं होना मेरे लिए बराबर है, लेकिन जब भी याद आ जाए मेरा ही होगा, तुम्हारा नहीं’।  मुझे लगा यह मुझे फँसा रहा है।

‘ठीक है चलो यह भी मान लेते हैं कि किसी प्रसंग वश शायद याद आ भी जाए। लेकिन, व्यापार में एक समय तुम्हें बड़ा अच्छा अवसर मिला जिसके लिए तुम्हें धन की आवश्यकता थी। तुम बहुत खोजते रहे, मांगते रहे, लेकिन न किसी से मिला और न ही इस लॉकर में रखे धन की तुम्हें याद आई। अंततः वह अवसर हाथ से निकल गया, उसके बाद अचानक इसकी याद आई। ऐसे धन का होना-न-होना क्या एक जैसा नहीं है?’

‘हाँ, वह मौका तो निकल गया। लेकिन ऐसा तो नहीं कि वैसा मौका फिर नहीं आयेगा,’ मैंने शब्दों को चबाते हुए कहा।

उसने अपनी बात स्पष्ट की, ‘वह धन जब तुमने कमाया, तुम्हारा था। फिर जब उसे भूल गए तब तुम्हारा नहीं रहा, और अगर वह वक्त पर काम न आया तो उसका होना-न-होना बराबर है। यही बात ज्ञान का है। ज्ञान को ग्रहण करना, उसे धारण करना, समय पर उसका स्मरण होना ये तीनों आवश्यक हैं। इसके बिना ज्ञान भी अज्ञान बराबर ही है।’

मैं विचारों में उलझ गया।

मुझे शांत देख वह आगे बोला, ‘श्रवण और पाठ से ज्ञान आता है, चिंतन और मनन से ज्ञान धारण होता है, और ध्यान तथा पुनरावृत्ति से वक्त पर स्मरण होता है। ये बातें मैं नहीं कह रहा। यह गीता के ज्ञान में श्रीकृष्ण ने अर्जुन को बताया।’

          मैंने गाली देते हुए सोचा, ....ले इसने मुझे अच्छी पटकनी दी है। यह कह सहपाठी चुप हो गया। लेकिन हमारी कोलाहल भरी गोष्ठी में, सब विचारमग्न हो गये और  एकबारगी सन्नाटा छा गया।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

मुरिएल लेस्टर

(ब्रिटेन की मुरिएल लेस्टर विश्व की जानी-मानी महिला शांतिवादी और समाज सुधारक थीं, जिन्हें नोबेल पुरस्कार के लिये दो बार नामित किया गया। विश्व शांति के लिये कई आंदोलनों से जुड़ी मुरिएल महात्मा गांधी के अहिंसा-दर्शन से बहुत प्रभावित थीं। अपनी 85 वर्ष की आयु तक मुरिएल ने महात्मा गांधी की अनुयायी रहते हुए बहुत गहराई से उनके अहिंसा और शांति को समझा तथा उसको कलमबद्ध किया।)

 

          ८ फरवरी १८८३ के दिन इंग्लैंड में एक धनवान परिवार में मुरिएल का जन्म हुआ था। जब गांधी इधर दक्षिण अफ्रीका और भारत में अपने हक की लड़ाई, स्वतन्त्रता संग्राम और समाज सुधार में लगे थे उसी समय मुरीएल लेस्टर ने लंदन में स्वेच्छा से गरीबी को अपनाया; धन, घर, संपत्ति को छोड़ लंदन के एक अत्यंत गरीब इलाके में आ कर बस गई। अपने पिता की सहायता से एक पुराने से प्रार्थना-घर को खरीदा – ‘किंग्सले हौल’। इधर भारत में गांधी दलितों-अछूतों से होने वाले व्यवहार से पीड़ित और किसानों की दुर्दशा से दुखी होकर उनके अधिकारों के लिए मुहिम चला रखे थे। स्वेच्छा से भंगी बस्ती में ठहरते थे, कम से कम वस्त्र पहनते थे, मिष्ठान्न का त्याग कर आवश्यक अन्न ही ग्रहण करते थे।   

लेस्टर और गांधी की कार्य प्रणाली में काफी समानता थी, सोच भी निराली थी लेकिन दोनों को एक दूसरे की खबर नहीं थी। न गांधी को मालूम था कि उधर लंदन में भी कोई महिला अकेली गरीबों की ताकत बढ़ाने के काम में लगी है और न उधर लेस्टर को गांधी की कोई खबर थी। जब अपने एक मित्र से उन्हें गांधी के बारे में खबर मिली तो वे उनसे मिलने १९२६ में भारत पहुँच गई, उस गांधी से मिलने जो वही सब कुछ, उन्हीं सब तरीकों से कर रहा था  जिसे वे लंबे समय से इंग्लैंड में कर रही थीं। वे भारत आईं, तेरह सप्ताह रहीं, गांधी से मिलीं और उनसे गहरा रिश्ता  बनाया। ऐसा रिश्ता जिस कारण जब गांधी गोल मेज परिषद में भाग लेने लंदन पहुंचे तब लेस्टर के निमंत्रण पर, सुरक्षा की परवाह किए बिना, वहाँ की सरकार से लड़ झगड़ कर, हर प्रकार की असुविधा की चिंता किए बिना किंग्सले हाल में ही ठहरे।

इधर गांधी बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के देशभक्त छात्रों को संबोधित करते हुए कह रहे थे, ‘आप लोग अपने विश्वविद्यालय पर गर्व करते हैं और खुश हैं। आप यह सोच कर खुश हैं कि आपको यहाँ जो कुछ भी मिल रहा है, उसके लिए आप विदेशी सरकार के कर्जदार नहीं है क्योंकि यह सब आपके देशवासियों द्वारा प्रदत्त है। लेकिन मैं बता दूँ कि आप गलती पर हैं। आप अपने सर्वाधिक गरीब किसान के कर्जदार हैं। ये रैयत हैं जो आपको यहाँ रखते हैं, खाना-कपड़ा देते हैं। इन भव्य सभा-भवनों को गरीबों ने बनाया है। यह स्थान कामगारों के खून पसीने से बना है। आप इनके ऋण से तभी मुक्त हो सकते हैं, जब यहाँ से निकलने के बाद आप अपना शेष जीवन उनकी सेवा में लगा दें।’

उधर लोगों ने लेस्टर के कार्यों के बारे में ध्यान से सुना, जो उनकी स्वैच्छिक गरीबी का नतीजा थी, कि एक सम्पन्न उत्तराधिकारी ने कैसे अपना सब कुछ गंवा कर जमीन का एक टुकड़ा खरीद कर पड़ोस के लोगों को भेंट कर दिया तथा उस पर लगी तारों की बाड़ तथा ‘अनधिकार प्रवेश दंडनीय है’ की तख्ती हटाकर उसे ‘सब के लिए खुला’ कर दिया; कि कैसे एक अन्य ने वयस्क होने पर अपने उस हिस्से को उस अखबार को बचाने में लगा दिया जिसकी आर्थिक हालत इसलिए बिगड़ चुकी थी कि वह सत्य को प्रकट करने का संघर्ष कर रहा था; कि कैसे एक अन्य सदस्य ने इसलिए अपना हिस्सा कामगारों को सौंप दिया कि एक या दो पीढ़ी पहले उसे उनके इलाके से ही कमाया गया था। इसे ‘प्रत्यर्पण कोश’ का नाम दिया गया तथा दानपत्र में कहा गया कि ‘कोष –दाता का यह विश्वास है कि इस आय को स्वीकार करने का उसे कोई हक नहीं है जबकि उसके पड़ोसी अपनी जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं।  उनका  यह मानना है कि अपनी जरूरतों से बहुत ज्यादा रखने की  इजाजत देने  वाले इस सांसारिक कानून के बजाय सबों को मुक्त हस्त से देने वाला ईश्वरीय कानून ज्यादा विवेक पूर्ण  तथा उदार है; इसलिए यह संपत्ति लोगों को लौटाई जा रही है ताकि उनका सामूहिक जीवन अधिक सम्पन्न और विस्तृत हो सके।’

श्रीअरविंद भी यही मानते थे कि हमें अपनी आवश्यकता से अधिक रखने का कोई अधिकार नहीं बल्कि यह चोरी है। और इसलिए अपने मासिक वेतन से आवश्यकतानुसार धन अपने लिए रख बाकी वहीं एक मेज पर खुला छोड़ देते थे ताकि जिसे जरूरत हो वह वहाँ से बिना संकोच और बिना किसी से पूछे उठा सके।  

विश्व में हर इंसान के लिए  आवश्यक संसाधन, खाद्यान्न, निवास, वस्त्र, जल तथा वायु उपलब्ध है। फिर भी यहाँ का अधिकतर इनसान इससे महरूम क्यों है?

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

खुश हैं बॉडी बनकर?                                     बातें जो सिखाती है जीना

जिस पल आपकी मृत्यु हो जायेगी है, उसी पल से आपकी पहचान एक बॉडी बन जायेगी। अरे बॉडी लेकर आइये, बॉडी को उठाइये, बॉडी को सुलाइये, ऐसे शब्दों से आपको पुकारा जायेगा। वे लोग भी आपको आपके नाम से नहीं पुकारेंगे, जिन्हें प्रभावित करने के लिये आपने अपनी पूरी जिंदगी खर्च कर दी। इसीलिए इधर-उधर से ज्यादा इकट्ठा करने की जरूरत नहीं है। अच्छे से कमाओ, अच्छे से खाओ, अच्छे से सोओ, जीवन में आने वाले हर चुनौती को स्वीकार करो और अच्छे से बांटो। परवाह अपने शरीर (भौतिकता) की नहीं आत्मा (आध्यात्मिकता) की करो।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

अपने सुझाव ऑन लाइन  दें।

 यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/M5pkrBJSciM

शुक्रवार, 1 दिसंबर 2023

सूतांजली दिसम्बर 2023


 अहंकार से प्राप्त ज्ञान अहंकार पैदा करता है,

विनय और नम्रता से प्राप्त ज्ञान नम्रता प्रदान करती है।

स्वामी तेजोमयानंदजी (गीता)

------------------ 000 ----------------------

छुटकारा – पाप से या दुःख से?                                             मैंने पढ़ा

मनुष्य बड़ा विचित्र प्राणी है!

अपराध खुद करता है, लेकिन चाहता है दंड किसी और को मिले!

जीत का सेहरा खुद के सिर पर, लेकिन हार का ठीकरा किसी और के सिर पर।

पुण्य का फल खुद के लिए लेकिन पाप का दंड किसी और के लिए?

है न विचित्रिता!

          हम कोई तरकीब चाहते हैं कि पाप तो कर लिये, लेकिन पाप के फल से बच जाऊँ। कोई मंत्र, कोई चमत्कार, कोई पूजा-पाठ, कोई दर्शन, कोई स्नान, कोई दान हमें छुटकारा दिला दे। कौन छुटकारा दिलायेगा? और ऐसा भी नहीं है कि समझदार पुरुषों ने हमें बार-बार, हजारों बार न कहा हो कि ठहरो, रुक जाओ। यही नहीं, ऐसा भी नहीं है कि आज भी वे हम से कह रहे हैं तो, मैं रुक जाऊंगा, हम करते ही रहेंगे। पिछले जन्मों में करते रहे हैं, अभी भी कर रहे हैं और आगे के जन्मों में भी करते रहेंगे। और फिर यह विचार करेंगे कि क्या अनंत जन्मों तक किये हुए पाप का फल क्या अनंत जन्मों तक भोगने पड़ेंगे? हम निरंतर करते चले  जाते हैं और फिर असंभव की आकांक्षा करते हैं। पाप तो हम करें और फल हमें न मिले, फल किसको मिलेगा फिर? अगर दुःख मैंने बोया है तो उसकी फसल कौन काटेगा? और यह तो सरासर अन्याय होगा कि फसल किसी और को काटनी पड़े। फसल तो मुझे ही काटनी पड़ेगी!

          इस बात की चिंता छोड़ो कि कितना समय बीत चुका। जब जागो तभी सवेरा। ऐसा नहीं है कि जितने समय दुःख बोया है उतने ही समय दुःख भोगना पड़ेगा। लेकिन दुःख भोगने के लिए तैयार तो होना पड़ेगा। इस सोच से तो निकलना पड़ेगा कि दुःख भोगना ही न पड़े। इस तैयारी में ही छुटकारा है। कहना तो यही चाहिए कि ‘चाहे कितना ही समय लगे, जो मैंने किया है उसे भोगने के लिए मैं राजी हूँ, चाहे अनंत काल लगे’। अपनी तरफ से तैयारी तो दिखानी ही होगी और यही हमारा सौमनस्य होगा, सद्भाव होगा, ईमानदारी होगी, प्रमाणिकता होगी। हमें यह कहना ही चाहिए कि जब मैंने फसल बोई है, तो मैं कटूँगा, और जितनी बोई है उतनी काटूंगा। इसमें किसी और पर मैं जिम्मेवारी नहीं देता। और न कोई ऐसा सूक्ष्म रास्ता खोजना चाहता हूँ कि किसी तरह बचाव हो जाए। किसी रिश्वत से नहीं, किसी दबाव से नहीं, किसी की प्रार्थना से नहीं, मेरे किये का फल मुझे मिलना ही चाहिए।

हम तैयारी तो दिखाएँ। अगर हमारी तैयारी सच्ची है, निर्मल हृदय से है, तो एक बात समझ लेनी चाहिए, दुःख का संबंध विस्तार से नहीं, गहराई से है। दुःख के दो आयाम हैं - लंबाई और गहराई। बात सरल और सीधी सी है, अगर एक कटोरी जल को एक छोटी-सी शीशी में डाल दें तो जल की गहराई बढ़ जाती है लेकिन अगर उसे फर्श पर फैला दें तो उसकी गहराई समाप्त हो जाती है। लेकिन वह पूरे फर्श पर फैल जाती है और उसकी लंबाई बढ़ जाती है। हमने जो पाप लंबे समय तक किए हैं, कई जन्मों तक किये हैं। लेकिन अगर हम तैयार हैं झेलने को, तब उसका दर्द हम लंबे समय तक न भोग कर गहरा भोग कर,  झेल कर समाप्त कर सकते हैं। साल भर का सिरदर्द एक क्षण में भी झेला जा सकता है। पीड़ा सघन हो सकती है, प्राणांतक हो सकती है।

          यह एक बड़े आश्चर्य की बात देखने-सुनने में आती है कि रामकृष्ण कैंसर से मरे, रमण भी कैंसर से मरे, महावीर बड़ी गहन उदर की बीमारी से मरे, बुद्ध शरीर के विषाक्त होने से मरे, ऐसे महापुरुष, ऐसे पूर्णज्ञान को उपलब्ध लोग ऐसी संघातक बीमारियों से मरे? जँचता नहीं। और यहां करोड़ों है, महापापी, जो बिना कैंसर के मरेंगे। तो उनके भाग्य में ऐसा क्या लिखा है? अक्सर ऐसा हुआ है कि जिस व्यक्ति का आखिरी क्षण आ गया, इसके बाद जिसका जन्म नहीं होगा, यह उनका शरीर से आखिरी संबंध है। तब उनकी पीड़ा सघन हो जाती है, ताकि एकत्रित सारे पाप का दुःख गहरा हो जाये और फिर जनम न लेना पड़े, अन्यथा सिर्फ उन दुःखों को भोगने के लिए फिर से जनम लेना पड़ेगा। हम वर्षों-वर्षों और जन्मों-जन्मों तक भोगते हैं, वे क्षण में भोग लेते हैं। क्योंकि तीव्र पीड़ा को झेल लेना मुक्त हो जाना है। यह जरूरी नहीं कि हमें उतने ही जन्म लेने पड़ेंगे जितने जन्म तक हमने पाप किए हैं। और अगर हम तटस्थ भाव से इसे भोग सकें तो एक क्षण में जन्मों-जन्मों की कथा समाप्त हो जाती है।

          प्रार्थना मत कीजिये। अगर करनी ही है तो दुःख हरने या कम करने के लिए नहीं बल्कि ‘पाप’ न करने की कीजिये। दुःख परिणाम है और पाप कारण। अगर कारण मिट गया तो परिणाम स्वतः मिट जायेगा। प्रार्थना में क्षमा मत मांगिये, दंड मांगिए। अगर पाप करते समय उसे नहीं बुलाया तो अब भोगते वक्त किस मुंह से उसे बुलाओगे? पाप करने से रोकने नहीं बुलाया तो अब दंड भोगते समय उसे क्यों बुला रहे हो। उचित यही है कि उसे अब दंड देने बुलाओ।

         एक बात और कहूँगा, दंड का विरोध मत करो, उसके आगे समर्पण करो। विरोध में  शक्ति लगेगी; अवसाद, क्रोध, अशांति घेर लेंगी। समर्पण में सहजता आ जाएगी; निश्चिंतता, क्षमा, शांति का निवास होगा। हम सोचते हैं कि एक तो पुनर्जन्म अपने आप में एक कारा-गृह का दंड है और फिर ये दुःख? ये क्या सजा के साथ-साथ जुर्माना है? लेकिन सत्य तो यही है कि किसी ने हमें कारा-गृह में नहीं डाला है। हम खुद बेहोश हैं। मोक्ष कहीं आकाश में, क्षीर सागर में, सात-समुंदर पार नहीं है, हमारे भीतर ही है। बस बेहोश मत होइये, जागृत रहिये। अपने कर्मों को भोगने के लिए तैयार रहिए।  ‘मोक्ष’ पाने की नहीं, ‘मोक्ष’ धरा पर अवतरित करने की आकांक्षा रखिये।

(ओशो पर आधारित)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

रचना-कार

आड़े-तिरछे, टेढ़े-मेढ़े, गोल-लंबे आकृतियों को जब एक विशेष क्रम में सजाते हैं तो उससे उत्पन्न होता है ‘अक्षर’।

अलग-अलग अक्षरों को किसी विशेष क्रम में सजाते हैं तब जो आकृति उभर कर आती है वह कहलाती है ‘शब्द’।

इन शब्दों को एक अनुशासन में बांधने से बनता है ‘वाक्य’।

और जब इन वाक्यों को पिरोते हैं खूबसूरती से तब निर्माण होता है एक ‘रचना’ का।

लेकिन बात यहाँ समाप्त नहीं होती, आगे चलती है।

जब यह रचना लोगों तक पहुँचाने की व्यवस्था करते हैं तब रचना का वितरण होता है,

और सही ढंग से वितरित होने से यह रचना पहुँचती है सही पाठकों के हाथों में।

तब वह रचना सार्थक होती है।

मैंने अपने एक फ्रांसीसी परिचित को एक हिन्दी रचना भिजवाई। मिलने पर उसने भी मुझे एक फ्रांसीसी रचना  भिजवाई साथ में बताया कि ‘आड़ी-तिरछी महीन रेखाओं से बनाई हुई कलाकृतियों की पुस्तक उसे मिली और पसंद आई लेकिन उसे ऐसा प्रतीत हुआ कि उसमें कला कृतियों की  बार-बार आवृति की गई है यह समझ नहीं पाया कि ऐसा क्यों है?’

यह पूरा कार्य जब उत्तम एवं सही तरीके से, मेहनत और पूरी लगन के साथ की जाती है तब वह बनती है कालजयी रचना। इनमें से एक में भी गड़बड़ हुई, आलस हुआ, छूट गया, समुचित ढंग से नहीं हुआ तो वह सार्थकता उपलब्ध नहीं होती जो उस रचना के उपयुक्त है।

          यह कोई पुस्तक हो, संगीत हो, कला हो, वार्ता हो, खेल हो, फल हो, पुष्प हो, वस्तु हो, निर्माण हो, प्रकृति कृत हो या मानव कृत सब पर कमोबेश लागू होती है। अंदाज़ लगायें किसी की भी सफलता के लिए कितना कुछ करना पड़ता है, यही नहीं यह सब आदि से अंत तक हमारे हाथ में नहीं है, यह एक संयोग से होता है। यह संयोग क्या होता है, कैसे होता है, क्यों होता है? इसका कोई एक निश्चित उत्तर नहीं है। विज्ञान और अध्यात्म दोनों इसके उत्तर खोज रहे हैं, अपने-अपने ढंग से, कोई विश्लेषण से कोई संश्लेषण से, कोई जोड़ कर कोई तोड़ कर। अनेक उत्तर हैं, सब के अपने-अपने। किस को सही मानें किसको गलत यह आपकी प्रवृत्ति है। 

          कोई जोड़ किसी तोड़ की तैयारी थी या कोई तोड़ किसी जोड़ की, इसका तो पता चलता है पूर्णाहुति पर ही है। आज अपनी पत्रिका को अंतिम रूप देकर समाप्त करना था। प्रायः इसे सम्पन्न करने में रात 8-9 बज जाते हैं। लेकिन आज कार्य समय के पूर्व ही सम्पन्न हो गया, 6 बजे। इत्तिफ़ाक से! पत्रिका में एक पुस्तक, ‘द ग्रेट अडवेंचर’  से एक पन्ना दिया करता हूँ, आज भी दिया लेकिन बंद करते-करते उस पुस्तक के अंतिम पन्ने पर, जिसे नहीं भेजना था, अचानक ध्यान चला गया जिसमें एक छोटा सा एक पन्ने का उद्धरण पढ़ने लगा और मुझे वह बहुत अच्छा लगा। इसके बावजूद भी समय काफी था, अतः सोचा की चलूँ शाम की सैर कर लूँ, थोड़ी लंबी सैर करके वापस आऊँगा। निकलने के पहले एक आवश्यक फोन करना था, सोचा उनसे बात करके ही निकलूँ। लेकिन शायद वे उस समय व्यस्त थे अतः उन्होंने कहा कि वे दस मिनट बाद फोन करेंगे। इत्तिफ़ाक से! मैं 10 मिनट कमरे में नहीं रहना चाहता था अतः छोटा हलका वाला (बेसिक) फोन के बदले बड़ा भारी वाला (स्मार्ट) फोन लेकर निकल पड़ा क्योंकि फोन इसी से किया था तो फोन इसी पर आता। सैर के दौरान बात हो गई। सैर समाप्त होने के बाद साधारणतया मैं कमरे में जाकर थोड़ा आराम कर, पानी वगैरह पीकर आता हूँ। लेकिन आज वैसा कुछ महसूस नहीं हुआ और ध्यान-केंद्र में  जाने की इच्छा हुई तो सीधे उसी तरफ आगे बढ़ गया। मैं रोज वहाँ नहीं जाता और फोन भी लेकर नहीं आता लेकिन आज सीधे आया था अतः फोन जेब में ही था। इत्तिफ़ाक से! सोचा कि प्रवेश करने के पहले फोन बंद कर दूँगा। कक्ष में प्रवेश करने के पहले फोन बंद करने ही वाला था कि फोन कि घंटी बज उठी। कुछ क्षणों का हेर-फेर होने पर फोन बंद होकर जेब में आ चुका होता। आज की भजन गायिका का फोन था, बता रही थी कि वह ट्राफिक में फंसी है अतः आने में देर होगी। आज यह फोन साथ में था और बंद भी नहीं था।  साधारणतया मैं यह भरी फोन साथ में नहीं रखता लेकिन आज संयोग ही कुछ ऐसा बैठा कि यही फोन साथ था। अगर वैसा संयोग नहीं होता तो फोन मेरे पास नहीं होता, बात नहीं हो पाती। खैर कक्ष में प्रवेश करते-करते विचार किया कि आज भजन और वार्ता का क्रम उल्टा कर दूँगा। आज की वार्ताकार से अनुरोध करूंगा कि गायिका को आने में कुछ विलंब होगा अतः वार्ता प्रारम्भ करें तब तक गायिका आ जाएगी।

          लेकिन कक्ष में प्रवेश किया तो पाया कि आज की वार्ताकार अनुपस्थित है। मतलब कि आज का पूरा मोर्चा मुझे ही संभालना पड़ेगा। सोचने लगा कि क्या बोलूँ?  तभी याद आया कि आज ही शाम को जो एक पन्ना पढ़ा हूँ उस पर बोला जा सकता है। और मैंने माईक संभाल लिया। मेरी वार्ता समाप्ति के नजदीक ही थी कि मैंने देखा कि आज की गायिका कक्ष में प्रवेश कर रही है। आज के इस दिन भर की परिचर्या में कई जोड़-तोड़ हुए लेकिन मुझे छोड़ और किसी को पता नहीं चला और सब कार्यक्रम सुचरू रूप से सम्पन्न हो गया।

          कितने तोड़ हुए और कितने जोड़? हर तोड़ पर उद्विग्न हुआ और हर जोड़ पर संतोष। सब जोड़-तोड़ ऐसे हुए कि किसी भी न तोड़ का भान हुआ न जोड़ की प्रतीति। कार्यक्रम बिना व्यवधान के सम्पन्न हो गया।

          कौन जोड़ता है – कौन तोड़ता है हम समझ नहीं पाते। ‘जोड़’ पर प्रसन्न और ‘तोड़’ पर हताश मत होइये। हम नहीं जानते कि रचनाकार क्या कर रहा है। जो भी है उसे स्वीकार कीजिये और उस रचयिता के अहसानमन्द बने रहिए, वह तोड़ को ठीक से जोड़ सकता है, कुछ जोड़ने के लिए ही तोड़ रहा है। 

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

अपने कोममेंट्स ऑन लाइन  दें?

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/HMI2u-pRwDA

सूतांजली नवंबर द्वितीय 2026 - अनंत शक्ति का प्रतीक

  भय ही तेरा नाम है , हर  श्वास में मृत्यु का वास ; तेरे थरथराते चरण , कर सकते हैं ; संसार का विनाश।                                      ...