शुक्रवार, 1 जनवरी 2021

सूतांजली जनवरी २०२१

सूतांजली

~~~~~~~~

वर्ष : ०४ * अंक : ०६                   🔊००.००-२६.३०                   जनवरी  * २०२१

अगर आप सचमुच चाहते हैं कि जीवन आबाद रहे, तो प्रेम को चुनें, चाहते हैं सपने साकार हों, तो प्रेम को चुनें, चाहते हैं सेहत और स्वास्थ्य बेहतरीन रहें तो प्रेम को चुनें, चाहते हैं रिश्तों 

से सुख ही सुख मिले तो प्रेम को चुनें, चाहते हैं समृद्धि आये तो प्रेम को चुनें

चाहे जो भी आपकी  तमन्ना हो, उसे पाने का सबसे सरल,

सहज और आसान रास्ता है प्रेम ।

------------------ 000 ----------------------

ध्यान कैसे करें? 

🔉 ००.००-०९.९०

ध्यान! ध्यान कैसे करें? यह प्रश्न हमें मथता रहता है। हम पूछते रहते हैं; मन बड़ा चंचल है, एकाग्र होता ही नहीं, इधर उधर भागता रहता है, ऐसे में ध्यान कैसे किया जाये? इस ‘कैसे’ के पहले एक दूसरा प्रश्न; ध्यान क्यों? ध्यान क्यों करना चाहते हैं? प्राय: इसका उत्तर एक ही होता है ‘शांति पाने के लिए’। इसी एक परिणाम की आशा में ध्यान करना चाहते हैं। समझते हैं कि किसी एक स्थान पर आँखें मूँद कर बैठ जाने से शांति मिल जाएगी।  प्राय: हम इस बारे में स्पष्ट नहीं होते कि ध्यान क्या है, क्यों करना है और इससे कैसे लाभ उठाया जाये।

मनुष्य अपने-आप में खंडित है, उसकी चेतना बिखरी हुई है। ध्यान के द्वारा हम अपने खंडों को जोड़ सकते हैं, अपने व्यक्तित्व को समग्र बना सकते हैं। अग्निशिखा की संपादिका श्रीमती वंदना जी ने अपना एक संस्मरण इस पत्रिका में साझा किया है। आइए, ध्यान की चर्चा पर आगे बढ़ने के पहले उनका वह संस्मरण पढ़ते हैं।

नवम्बर का महीना था, हमारा मसूरी जाने का कार्यक्रम बना। पर्यटकों के हिसाब से बेमौसम पहुंचे तो मसूरी के प्राकृतिक सौन्दर्य का भरपूर रसपान कर पाये। हफ्ते भर बाद यूं ही अकेली घूमने निकल पड़ी मैं और कुछ ही दूरी पर मैंने अपना लक्ष्य पा लिया।

वह छोटी सी दुकान चमत्कार के टुकड़ों से कम न थी – पारदर्शक काँच के छोटे-छोटे रंगीन  खिलौनों की दुनिया जहां ऊंट से लेकर बंदर तक की पंक्तियाँ सजी थीं।  मैं उस ओर बरबस खींची चली गई और देखती क्या हूँ, एक सुदर्शन किशोर गरम काँच से उसी समय उन खिलौनों को गढ़ रहा था। कितना मंत्र मुग्ध करने वाला दृश्य था वह। अभी अभी एक लौंदा पड़ा है और दूसरे ही पल वह सारस या हिरण, हाथी या खरगोश – न जाने किस-किस रूप में सजीव हो उठता है – मैं अपलक यह दृश्य देखती रही और निहारती रही उन गोरे हाथों की दक्षता को जिन्हें रचते समय सर्जनहार ने नि:संदेह कौशल के पुट की मात्रा को बढ़ा दिया था। लेकिन अचानक मुझे महसूस हुआ कि खिलौने गढ़ लेने के बाद वे हाथ टटोल-टटोल कर उन्हें यथास्थान रख रहे थे – मन में खटका हुआ, लेकिन फिर उन नीली, खूबसूरत आँखों को देख कर मैंने उस विचार को बहुत दूर खदेड़ दिया। तभी दुकान के दूसरे लड़के की आवाज सुनाई दी, “नीलू, वह खुले पंखोवाला मोर पकड़ाइयो जरा, नहीं उधर नहीं, नैक हट कर .......”

मेरे सिर में हथौड़े बजने लगे, शरीर में असंख्य कांटे उग आए, आँखें बिना रौशनी के चौंधियाने लगी .....क्या, क्या सचमुच यह लड़का अंधा है? नहीं, नहीं मेरा मन किसी भी तरह विश्वास करने को तैयार नहीं हुआ... । न जाने कितनी देर मैं वहीं पत्थर की मूरत बनी खड़ी रही।

खिलौनों के बजाय अब मेरी नज़रों को उस हस्त-कौशल, उस मुखड़े ने बांध लिया था और मैं बिना किसी भूमिका के बोल उठी, “भैया, तुम्हें दिखाई नहीं देता क्या?” 

“जी नहीं,” उस मुखड़े ने संक्षिप्त सा उत्तर दिया।

“लेकिन इत्ते सुंदर-सुंदर, प्यारे-प्यारे खिलौने कैसे गढ़ लेते हो?”

वह हल्के से मुस्कुराया। काम छोड़ दोनों हाथ मेरी तरफ बढ़ा कर बोला, “क्यों बहिन जी, ये देखते हैं न। ये दोनों मेरी दोनों आँखें हैं।” मैं निरूत्तर हो गयी।

यह उसका ध्यान ही तो था जिसे वह अपने हाथों में एकाग्र कर उनसे आँखों का काम लेता, सृजन करने में तल्लीन था। उसके ध्यान का एक केंद्र था, एक लक्ष्य था। 

कई बार ऐसा देखा गया है कि किसी असाध्य रोग से पीड़ित रोगी का इलाज करते चिकित्सक दुविधा में पड़ जाता है। उसे समझ नहीं आता कि क्या करें। तब, खुली आँखों से भी, जब वह ध्यान करता है तो उसे एक दवा सूझती है और रोगी स्वस्थ्य हो जाता है। कहते हैं श्री अरविंद आश्रम में एक चिकित्सक थे, जो बहुत अधिक पढे-लिखे नहीं थे। एक बार उनसे पूछा गया; वैद्यजी, आप क्या करते है?” उन्होंने कहा, मैं भगवान का ध्यान करता हूँ, जो दवा ध्यान में आती है, वही दे देता हूँ और रोगी ठीक हो जाता है”। उनके ध्यान का लक्ष्य रोगी का उपचार करना था। विश्व में कठिन परिस्थितियों में ध्यान द्वारा मार्ग जानने के उदाहरण भरे हुए हैं जिनमें मनीषी, महापुरुष और वैज्ञानिक भी शामिल हैं। उन सब के ध्यान करने का अपना अपना लक्ष्य था।

ध्यान, यानि अपने खंडों को जोड़ कर अपने व्यक्तित्व को समग्र बनाना। यदि हम दैन्य-भरा जीवन नहीं बिताना चाहते तो एक शक्तिशाली उपाय है ध्यान – चौबीस घण्टे ध्यान। परंतु आँखें मूँद कर ध्यान नहीं, हम आँखें मूँद कर आधे घण्टे के लिए ध्यान कर सकते हैं, परंतु खुली आँखों से चौबीस घण्टे ध्यान हो सकता है। हम ध्यान को जीवन के साधारण लक्ष्य से अलग नहीं कर सकते। पहले हमें अपने जीवन का ध्येय साधित करना होगा और फिर हर ध्यान के लिए एक विशेष लक्ष्य निश्चित करना होगा। आज हम रोगमुक्त होने के लिए, कल अन्तर्भासिक क्षमता विकसित करने के लिए, परसों कवि बनने के लिए और उसके बाद भागवत पथ-प्रदर्शक पाने के लिए।

हमें एक सहायक वातावरण चाहिये। हम चौबीस घण्टे ध्यान करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन  इन चौबीस घंटों में भी कोई निश्चित समय होना चाहिये। अगर हम नियमतता स्थापित कर सकें, तो वह निश्चित समय पर स्वयं-स्वचालित हो जाता है और कुछ समय के बाद उसके लिए प्रयास की जरूरत नहीं रहती है।

हमारा ध्यान सक्रिय होना चाहिये। निष्क्रिय ध्यान बहुत सहायक नहीं होता। हमारे सामने एक लक्ष्य होना चाहिये और उस लक्ष्य के लिए तीव्र अभीप्सा होनी चाहिये। अभीप्सा की तीव्रता और सच्चाई के अनुसार परिणाम धीमे या तेज़ आयेंगे।

(‘अग्निशिखा’ और ‘दिव्य शरीर में दिव्य जीवन’ पर आधारित)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

बोध कथा

🔉०९.९०-१६.११

बोध कथाएँ हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। हमारे पुराण, रामायण, महाभारत ऐसी कथाओं से भरी-पूरी हैं। कल्याण के २०२०का वार्षिक अंक ‘बोध कथा अंक’ ऐसी कथाओं-आख्यानों का खजाना है। इस विशाल अंक में ५०० से ज्यादा कथाएँ बहुत ही सरल और सरस भाषा में उपलब्ध हैं। इन कथाओं को अलग अलग ८ खंडों में विभाजित कर सजाया गया है, - १.महापुरुषों के जीवन प्रसंग, २.प्रेरणा दायक कथाएँ, ३.नीतिपरक कथाएँ, ४. कर्म सिद्धान्त कथाएँ, ५.आर्ष साहित्य की कथाएँ, ६.विभिन्न धर्म-संस्कृतियों की बोध कथाएँ, ७. लोक जीवन की कथाएँ और ८. आध्यात्मिक कथाएँ।

लेकिन बोध कथाएँ किसे कहते हैं और इनका क्या उद्देशय है? अंक के प्रारम्भ में संपादक श्री राधेश्याम खेमका ने इस पर प्रकाश डाला है, “समस्त पुराणों, रामायण एवं महाभारत के सुदीर्घ कलेवर में पदे-पदे कथा, आख्यान, उपाख्यान, दृष्टांत आदि के रूप में विन्यस्त बोधकथाओं की विशाल थाती प्राप्त होती है जो हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। बोध कथाएँ ‘ऐसा करो-ऐसा न करो’ इस प्रकार से आज्ञा नहीं देतीं, बल्कि एक सच्चे हितैषी मित्र की भांति ‘ऐसा करना चाहिए-ऐसा नहीं करना चाहिए’ यह बताकर कर्तव्याकर्तव्य का सहज ही ज्ञान करा देती है। इसी प्रकार संसार के महापुरुषों के जीवन के ऐसे प्रसंग, जो रोचक भी हों, विशेष उपयोगी होते हैं। नीरस अथवा बोझिल प्रतीत होनेवाले उपदेशों के स्थान पर महापुरुषों के छोटे छोटे प्रेरक प्रसंग कहीं अधिक सुबोध और प्रभावी सिद्ध होते हैं।

अपनी बात को श्री खेमकाजी ने एक छोटी सी कहानी के माध्यम से स्पष्ट किया है।  पाटलिपुत्र नगर  में सुदर्शन नाम का एक राजा था। उनके पुत्र युवा थे और राज पुत्र होने के कारण धन-संपत्ति से परिपूर्ण थे। इसके प्रभाव से उनके पुत्र अहंकारी, अविवेकी और मूर्ख थे। राजा ने सुना , “यौवनं धनसम्पत्ति: प्रभुत्वमविवेकिता। एकैकमप्यनर्थाय किमु यत्र चतुष्टयम॥” अर्थात युवावस्था, धन, प्रभुता और अविवेकिता – इस चारों में से एक भी किसी में आ जाय तो वह अनर्थ का कारण हो सकता है। परंतु जिसमें चारों बातें एक साथ हों, वहाँ का तो कहना ही क्या?” यह सुनकर राजा बेहद चिंतित हो उठा। उसने इस बारे में अपने दरबार के विद्वानों से अपने पुत्रों की उछृखंलता की चर्चा कर इसका उपाय पूछा। उनके सुझाए उपायों से कोई लाभ नहीं हुआ। तब विष्णुशर्मा नामक एक पण्डित ने राजा को आश्वस्त किया और उसके पुत्रों को पशु-पक्षी की कथाओं से सुबुद्ध बनाने का प्रयास किया। इस प्रकार जिन राजकुमारों को कोई भी व्यवहार-नीति का बोध न करा सका, उनको श्री विष्णु शर्मा ने बोधकथाओं के माध्यम से मात्र छ: मास में सहज ही सुमार्ग पर लाकर नीति विशारद बना दिया। हितोपदेश में इन्हीं कथाओं का संग्रह है। इस ग्रंथ की रचना लगभग ११वीं शताब्दी में माण्डलिक राजा धवलचंद्र के आश्रित नारायण पण्डित द्वारा की गयी।

इन बोध कथाओं के ग्रन्थों की चर्चा करते हुए श्री खेमकाजी बताते हैं कि लौकिक संस्कृत वाङ्ग्मय के प्राचीन ग्रन्थों यथा – श्री विष्णु शर्मा विचारित पंचतन्त्र (लगभग तृतीय शताब्दी), आचार्य  गुणाढ्य कृत बृहत्कथा (लगभग प्रथम शताब्दी), कश्मीर के पण्डित सोमदेव कृत कथासारित्सागर (११वीं शताब्दी), श्री नारायण पण्डित विरचित हितोपदेश (लगभग ११वीं शताब्दी), भोजप्रबंध, सिंहासनद्वात्रिंशिका (हिन्दी में सिंहासन-बत्तीसी के नाम से प्राप्त), वेताल पंचविंशति (हिन्दी में वेतालपच्चीसीके नाम से प्राप्त) हैं।

इन कथाओं और ग्रन्थों का वैश्विक भाषाओं में अनुवाद का इतिहास भी बताने में खेमकाजी नहीं चूकते। वे बताते हैं कि इस सांस्कृतिक थाती ने विदेशी यात्रियों एवं विद्वान लेखकों को भी अत्यन्त विस्मित एवं प्रभावित किया। इन ग्रन्थों में सबसे अधिक लोकप्रियता पंचतन्त्र को मिली। सर्वप्रथम ५३३ ईस्वी में इसका फारसी में, इसके बाद ५६० ईस्वी में सीरियन भाषा में, तत्पश्चात ७५०  ईस्वी में सीरियन अनुवाद के आधार पर अरबी में पंचतंत्र का अनुवाद हुआ। पुन: अरबी अनुवाद ७८१ ईस्वी में हुआ। वस्तुत: भारतीय बोध कथाओं के अनुवाद ग्रीक, लैटिन, स्पैनिश, फ्रेंच, जर्मन, सीरियन, फारसी, अरबी इत्यादि अन्यान्य भाषाओं में सतत होते रहे। उससे एक तरफ उन देशों की भाषा और साहित्य समृद्ध हुए तो दूसरी तरफ भारतीय जीवन मूल्यों और संस्कारों का विश्वव्यापी प्रचार-प्रसार हुआ।

ग्रंथ में संग्रहीत कथाएँ पाठक को केवल अभिभूत ही नहीं करती बल्कि उसे चरित्रवान, नीतिवान, कर्मवान बनाती है, कठिनाई में हमारा पथ-प्रदर्शन करती हैं, हमें अपने लक्ष्य तक पहुँचने  में प्रेरित करती हैं। ग्रंथ केवल पठनीय ही नहीं बल्कि एक उत्कृष्ट उपहार भी है।

(इस ग्रंथ की एक प्रति अपने घर में रखें। नव-वर्ष में यह संकल्प लें कि इसकी कहानियाँ बच्चों को पढ़ कर सुनाएँगे तथा ग्रंथ उन्हें उपहार में भी देंगे।)  

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

जनसम्पर्क

🔉१६.११-२०.१९

किसी की लोकप्रियता का कोई एक कारण नहीं होता। अनेक कारणों में एक कारण है, जनसम्पर्क  अभियान। निरंतर समाज के हर वर्ग के लोगों से बिना किसी भेदभाव के सम्पर्क बनाये  रखना। इसके लिए गांधी कई कार्य निरंतर करते थे। मसलन - पूरे भारत में सफर, कई भाषाओं में पत्र – पत्रिकाओं  का सम्पादन, बिना रोक टोक  के लोगों से मिलना, बिना नागा हर जगह जहां भी हों  प्रार्थना सभा और सबसे अहम पत्राचार। हर पत्र का उत्तर देना उनकी खासियत थी । लंबे-लंबे पत्रों का एक पंक्ति में ऐसा जवाब देना कि लेखक को उस एक पंक्ति से भी पूरा संतोष होता था। पत्र लिखने में गांधी को माहरत हासिल थी। अगर गांधी वाङ्ग्मय  पर नजर डालें तो पाते हैं कि उसका एक बड़ा हिस्सा उनके लिखे पत्रों का ही है। इन पत्रों का एक बड़ा भाग हाथ से पोस्टकार्ड में है  और एक ऐसी शैली में जो स्पष्टता और संक्षिप्तता का अद्भुत नमूना है।

उनकी प्रसिद्ध नमक यात्रा से मोतीलाल नेहरू सहमत नहीं थे। जब इस यात्रा का मसौदा तैयार हो रहा था तब मोतीलाल जी ने इस यात्रा के विरोध में गांधी को कई पन्नों का एक लंबा पत्र लिखा। उस पत्र के जवाब में गांधी ने एक पोस्ट कार्ड में केवल एक पंक्ति लिखी “करो तो समझो”। गांधी ने कहा तो मोतीलालजी ने किया और करने के बाद उनका विरोध समाप्त हो गया और लिखा “किया तो समझा”।

इसी प्रकार आश्रम के बच्चों को अलग अलग पत्र न लिख कर वे उन्हे सामूहिक पत्र लिखा करते थे। आश्रमवासियों के पत्र प्राय: प्रश्न के रूप में ही हुआ करते थे और गांधी अपनी आदतानुसार उन सब पत्रों के प्रश्नों के उत्तर सामूहिक रूप में एक संक्षिप्त पत्र में ही दिया करते थे। गांधी के इस प्रकार के संक्षिप्त प्रश्नों से महादेव भाई को संतोष नहीं होता था। अत: उन्होंने एक बार प्रश्न किया कि  गीता में अर्जुन कृष्ण से संक्षिप्त प्रश्न करते हैं और कृष्ण उसका विस्तार से उत्तर देते हैं, तब आप हमारे प्रश्नों का उत्तर इतना संक्षेप में क्यों देते हैं? गांधी ने खासतौर से उन्हे अलग से पत्र लिखा “क्या तुम नहीं देखते कि कृष्ण के पास केवल एक अर्जुन था लेकिन मेरे पास बहुत से हैं”। इसी प्रकार जब महादेव भाई के पिता ने उन्हें पढ़ने के लिए एक ‘नियमित’ स्कूल में भेजा तब महादेव भाई ने इसका विरोध किया और गांधी को हर बात विस्तार से लिखी। उन्हे गांधी का एक शब्द का पत्र मिला “शाबाश”। लेकिन उन्होंने उसे यहीं  नहीं छोड़ा बल्कि उनकी शिक्षा का उत्तरदायित्व अपने ऊपर ले लिया। गांधी उत्तर खुद लिखते थे, मन से लिखते थे और सामने वाले की पूरी इज्जत के साथ उसका समाधान करते जिससे उसे संतोष मिलता था।

(डिजिटल प्रेजेंस का अनुवाद किया गया है – आभासीय उपस्थिती। हाँ, डिजिटल मैसेज आभास ही दर्ज कराते हैं, उपस्थिती नहीं। फोन पर बात करें, पत्र लिखें। इनका प्रभाव अलग है जिसका अनुभव किया जा सकता है।)

                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कारावास की कहानी

🔉२०.१९-२६.३०

(पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल बंद में थे। जेल के इस जीवन का, श्री अरविंद ने ‘कारावास की कहानी’ के नाम से, रोचक वर्णन किया है। ‘अग्निशिखा’ में इसके रोचक अंश प्रकाशित हुए थे। इसे हम इस माह से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। यहाँ इसका पहला अंश है।)

(१)

मेरे निर्जन कारावास का भूगोल

मेरा निर्जन कारागृह था नौ फीट लंबा और पांच-छ: फीट चौड़ा, इसमें कोई खिड़की नहीं, सामने था एक वृहत् लौह-कपाट; यह पिंजरा ही बना मेरा निर्दिष्ट वासस्थान । कमरे के बाहर था एक छोटा-सा पथरीला आंगन और ईंट की ऊंची दीवार, सामने लकड़ी का दरवाजा । उस दरवाजे के ऊपरी भाग में मनुष्य की आँख की ऊंचाई पर था एक गोलाकार छेद, दरवाजा बंद होने पर संतरी उसमें आँख सटा थोड़ी-थोड़ी देर में झांकता था कि कैदी क्या कर रहा है । किंतु मेरे आंगन का दरवाजा प्रायः खुला रहता । ऐसे छ: कमरे पास-पास थे, इन्हें कहा जाता था छ: 'डिक्री' । डिक्री का अर्थ है विशेष दण्ड का कमरा, न्यायाधीश या जेल सुपरिण्टेण्डेण्ट के हुकुम से जिन्हें निर्जन कारावास का दण्ड मिलता था, उन्हें ही इन छोटे-छोटे गह्वरों में रहना होता था । इन निर्जन कारावासों की भी श्रेणी होती है । जिन्हें विशेष सजा मिलती है उनके आंगन का दरवाजा बंद रहता है; मनुष्य संसार से पूर्णतया वंचित हो जाते हैं, उनका जगत् से एकमात्र संपर्क रह जाता है संतरी की आंखों और दो समय खाना लानेवाले कैदी से । सी.आई.डी.  की नजरों में हेमचन्द्र दास मुझसे भी ज्यादा आतंककारी थे, इसीलिये उनके लिये ऐसी व्यवस्था की गयी । इस सजा के ऊपर भी सजा है, हाथ-पैर में हथकड़ी और बेड़ी पहन निर्जन कारावास में रहना । यह चरम दण्ड केवल जेल की शांति भंग करनेवालों या मारपीट करनेवालों के लिये नहीं, बार-बार काम में गफलत करने से भी यह दण्ड मिलता है । निर्जन कारावास के मुकदमे के आसामी को दण्ड-स्वरूप ऐसा कष्ट  देना नियम के विरुद्ध है परंतु स्वदेशी या 'वंदेमातरम्'-कैदी नियम से बाहर हैं, पुलिस की इच्छा से उनके लिये भी सुव्यवस्था होती है।

बहु प्रयोजक थाली और कटोरा 

हमारा वासस्थान तो था ऐसा, लेकिन साज-सरंजाम  में भी हमारे सहृदय कर्मचारियों ने आतिथ्य सत्कार में कोई त्रुटि नहीं की। एक थाली और एक कटोरा आंगन को सुशोभित करते थे । खूब अच्छी तरह मांजे जाने पर मेरा सर्वस्व थाली और कटोरा चांदी की तरह इस कदर चमकते कि प्राण जुड़ जाते और उस निर्दोष किरणमयी उज्ज्वलता के 'स्वर्गजगत्' में विशुद्ध ब्रिटिश राजतंत्र की उपमा पर  राजभक्ति के निर्मल आनंद का अनुभव करता था । दोषों में एक दोष था कि थाली भी उसे समझ कर आनंद में इतनी उत्फुल्ल हो उठती थी कि अंगुली का जरा-सा जोर पड़ते ही वह घुमक्कड़ अरब-दरवेशों की तरह चक्कर काटने लगती, ऐसे में एक हाथ से खाना और एक हाथ से थाली पकड़े रहने के सिवा कोई चारा नहीं रहता। नहीं तो चक्कर काटते-काटते जेल का अतुलनीय मुट्ठी-भर अन्न लेकर वह भाग जाने का उपक्रम करती । थाली की अपेक्षा कटोरा था और भी अधिक प्रिय और उपकारी । जड़ पदार्थो  में मानों यह था ब्रिटिश सिविलियन । सिविलियनों में जैसे सब कार्यो में स्वभावजात निपुणता और योग्यता होती है, जज, शासनकर्ता, पुलिस, शुल्क-विभाग के कर्ता, म्युनिसपैलिटी के अध्यक्ष, शिक्षक, धर्मोपदेशक जो चाहो वही, कहने-भर से ही  बन सकते हैं, जैसे उनके लिये, एक शरीर में, एक ही साथ अनुसंधाता,  अभियोगकर्ता, पुलिस, विचारक और कभी-कभी वादी के परामर्शदाता का भी प्रीति सम्मिलन सहज-साध्य था, वैसा ही था मेरा प्यारा कटोरा भी । कटोरे की जात नहीं, विचार नहीं । कारागृह में उसी कटोरे से पानी ले शौच किया, उसी कटोरे से मुंह धोया, स्नान किया, कुछ देर बाद उसी में खाना पड़ा, उसी कटोरे में दाल या तरकारी डाली गयी, उसी कटोरे से पानी पिया और कुल्ला किया। ऐसी सर्वकार्यक्षम मूल्यवान् वस्तु अंग्रेजों की जेल में ही मिलनी संभव है । कटोरा, मेरे ये सब सांसारिक उपकार कर योग-साधना में भी सहायक बना । घृणा परित्याग कराने का ऐसा सहायक और उपदेशक कहां पाऊंगा?                                                                ......आगे अगले अंक में

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों, नीचे दिये गये ‘एक टिप्पणी भेजें’ पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


मंगलवार, 1 दिसंबर 2020

सूतांजली दिसंबर २०२०

सूतांजली

~~~~~~~~

वर्ष : ०४ * अंक : ०५                   👂🔊 (00.00-24.24)                       दिसंबर * २०२०

आप जो कर रहें हैं वही सोच रहे हैं या जो सोच रहे हैं वही कर रहे हैं?

कौन हैं आप?

वह, जो कर रहा है या वह, जो सोच रहा है?

------------------ 000 ----------------------

मैं कौन हूँ?

(00.00-06.03)

मैं कौन हूँ? यह एक शाश्वत प्रश्न है। अनादि काल से यह प्रश्न ऋषियों, मुनियों, संतों, चिंतकों, दार्शनिकों, मनोवैज्ञानिकों को मथता रहा है, भारत में ही नहीं पूरे विश्व में। अलग-अलग देश-काल में अलग-अलग लोगों ने अपने ज्ञान और अनुभव के आधार पर अपने अपने ढंग से इसका उत्तर दिया भी है। लेकिन  इनमें एक्य तो है ही नहीं विरोधाभास भी है। और यह प्रश्न आज भी जस-का-तस-खड़ा है।

 इसका यह अर्थ नहीं है कि कोई भी इसका उत्तर ढूंढ नहीं पाया। अनेकों ने अपने अपने ढंग से इसे व्याख्यायित किया है। किसी एक की सुनें तो वही सटीक लगता है; लेकिन दो विरोधाभासी व्याख्या सुनें तो असमंजस की स्थिति पैदा हो जाती है। लेकिन दोनों ही अपनी अपनी जगह पर सही हैं; जब तक एक सर्वमान्य व्याख्या ढूंढ न ली जाये। आज हम इसी विषय पर कुछ विरोधी व्याख्याओं की चर्चा करेंगे।   

 मैं ईश्वर हूँ 

एक व्यक्ति को ईश्वर से मिलने की तीव्र इच्छा थी। वह ईश्वर को ढूँढता रहता था। ऋषियों, मुनियों, साधुओं के चक्कर लगाता रहता था, कोई उसे ईश्वर से मिला दे! अचानक उसे पता चला, एक पहाड़ी की कन्दरा में एक मुनि रहते हैं वे उसकी मुलाक़ात ईश्वर से करा सकते हैं। वह व्यक्ति भागा भागा उनके पास पहुंचा। हाथ जोड़ कर प्रणाम कर चुपचाप उनके नजदीक बैठ गया। मुनि के पूछने पर उसने बताया ‘मैंने सुना है आप ईश्वर से साक्षात मुलाक़ात करा सकते हैं। मैं ईश्वर से मिलने के लिए भटक रहा हूँ। क्या आप मेरी मुलाक़ात ईश्वर से करा सकते हैं’?” मुनि सहर्ष तैयार हो गए, “यह कौन सी बड़ी बात है, बोलो तुम कब मिलना चाहते हो”? व्यक्ति बहुत खुश हुआ और कहा कि जब मुनि चाहें, वह प्रस्तुत है। मुनि ने उसे निश्चित दिन, समय और स्थान पर आने के लिए कहा। तय समय पर वह व्यक्ति स्नान कर, शुभ्र वस्त्र धारण कर, प्रसन्न हृदय बताए हुए स्थान पर पहुँच गया। उसने देखा मुनि पहले से ही वहाँ विराजमान हैं। श्रद्धा पूर्वक मुनि को प्रणाम कर, हाथ जोड़ वह शांति पूर्वक बैठ गया। मुनि ने उसे आशीर्वाद दिया। और बोले, “इसके पहले की ईश्वर तुम से मिलें  मुझे उन्हें तुम्हारा परिचय देना होगा। अत: बताओ तुम कौन हो”? व्यक्ति ने अपना नाम बताया। मुनि ने कहा, नहीं यह तो तुम्हारा नाम है। ईश्वर को तुम्हारे नाम से कोई मतलब नहीं, तुम कौन हो, यह बताओ। व्यक्ति ने बताया कि वह एक बड़ी संस्था का संचालक है। मुनि ने फिर कहा ‘यह तो तुम्हारा ओहदा है, तुम कौन हो’?

‘मैं सरल हृदय हूँ, आस्तिक हूँ, ईश्वर का आराधक हूँ, व्यापारी हूँ,  .......”

“ये तो तुम्हारे कार्य हैं। तुम कौन हो?”

व्यक्ति पसीने से तर बतर हो गया। उसने एक एक कर बताया कि वह पुरुष है, इंसान है, जीव है, आदि आदि। लेकिन मुनि इस सब उत्तरों को खारिज कर उसी प्र्शन पर अटके रहे ‘तुम कौन हो’? व्यक्ति को मौन देख मुनि ने कहा कोई बात नहीं, अभी वापस जाओ, समझो कि तुम कौन हो। जब समझ जाओ तब फिर से आ जाना।

 व्यक्ति लौट आया। बहुतों से मिला, पढ़ा, सुना और फिर से मुनि के पास पहुंचा। लेकिन मुनि ने फिर से सब उत्तरों को खारिज कर वहीं पर डटे रहे, “तुम कौन हो?” निराश, व्यक्ति लौट आया। चिंतन करता रहा। एक दिन अचानक मुनि की एक प्रवचन में उस व्यक्ति से मुलाक़ात हो गई। मुनि ने पूछा, “तुम फिर आए नहीं? ईश्वर से मिलने की इच्छा नहीं रही?’ व्यक्ति ने आदरपूर्वक मुनि को प्रणाम किया और हाथ जोड़ कर बोला, “नहीं मुनिवर ऐसी बात नहीं है। मैं पहचान गया कि मैं कौन हूँ। और जब मैं अपने को जान गया तब ईश्वर से मुलाक़ात हो गई”।

मैं परमेश्वर हूँ – श्री अरविंद   (06.03-07.14)

प्रत्येक मनुष्य की सनातन और विराट आत्मा स्वयं परमेश्वर है; उसकी व्यक्तिगत आत्मा भी परमेश्वर का ही अंश है,  ममैवांश:, जो निश्चय ही  परमेश्वर से कट कर अलग हुआ टुकड़ा नहीं है, क्योंकि परमेश्वर के संबंध में ऐसी कोई कल्पना नहीं की जा सकती कि वे छोटे छोटे टुकड़ों में बंटे हुए हों, बल्कि वे परम चेतना की आंशिक चेतना हैं, परम शक्ति का शक्त्यांश हैं, सत्ता के आनंद के द्वारा जगत-सत्ता का आंशिक आनंद –उपभोग हैं, और इसलिए व्यक्त रूप में या जैसा कि हम कहते हैं, प्रकृति में यह सत्ता उसी परम अनंत तथा असीमित सत्ता का ही एक सान्त तथा सीमित भाव है।

-       ‘गीता प्रबंध’

मेरे विचार ही मैं हूँ – डॉ.वेन डायर  (07.14-10.39)

(डॉ.वेन डायर एक अमेरिकन स्वयं-सहायता (सेल्फ हेल्प), आध्यात्मिक और प्रेरक लेखक हैं)

“मैं कौन हूँ” इसका उत्तर तो मिला, लेकिन इसे कैसे समझें, कैसे मानें? यह बहुत सरल भी है और अत्यंत कठिन भी।

मैं कौन हूँ? क्या मैं यह शरीर हूँ? बाहर से दिखने वाली त्वचा, बाल, कान, आँख आदि का हाड़-मांस से बनी यह देह। नहीं केवल इतना नहीं। यह तो केवल बाहरी खोल है। इसके अंदर भरा है मांस, नसें, रक्त, हड्डी, फेफड़ा, हृदय, किडनी, लीवर और भी बहुत कुछ। तो क्या, यह स्थूल रूप में जो कुछ दिखता है वही मैं हूँ। अगर हाँ, तब यह सब तो आप भी है। हाँ, बाहर की चमड़ी का रंग थोड़ा अलग हो सकता है, आकार-प्रकार अलग है लेकिन मूलत: ये सब एक ही है। तो क्या मैं और आप एक ही हैं? आप ही क्यों पृथ्वी के सब मानव भी ऐसे ही है। क्या सब मानव एक ही हैं? मानव ही क्यों, पशु, पक्षी, जानवर भी तो कमोबेश इन्ही के बने हुए हैं। तो क्या हम सब और ये सब एक ही हैं? कतई नहीं। तब फिर क्या अलग अलग है? कैसे? सही बात बात तो यह है कि 99% हम वह नहीं हैं जो हमें स्थूल रूप से दिखता  है। बल्कि वह है जिसे हम देख नहीं पाते, सूंघ नहीं पाते, छू नहीं पाते। हम मुख्यरूप से उसके बने हैं जो इन सब से अलग है, स्थूल नहीं है, हर मानव को मानव से अलग करता है, पशु और मानव को अलग करता है। वह है हमारा दिमाग, हमारी भावनाएँ, हमारे विचार, हमारा ज्ञान, हमारी चेतना। तब, अब मैं  दो भागों में बाँट गया - एक मेरा यह स्थूल भाग और दूसरा मेरा अदृश्य भाग। अब अगर मैं थोड़ा प्रयत्न करूँ, अभ्यास करूँ  तो इन दोनों को अलग अलग देख सकूँगा, अनुभव कर सकूँगा। पता चलेगा मेरे शरीर कुछ और कर रहा है लेकिन असली मैं कुछ और। हमें अनुभव होने लगेगा हमारा शरीर कई गलत काम कर रहा है लेकिन मैं नहीं। अगर अभ्यास करते रहें तो जल्दी ही वह समय भी आ जाएग जब हमारा शरीर भी वही करने लगेगा जो मैं करना चाहता हूँ। और तब परम शांति, सुख और आनंद का अनुभव होगा। उसकी अनुभूति बताई नहीं जा सकती केवल महसूस की जा सकती  है। यह पथ अपने आप हमें अपने असली ‘मैं’ तक पहुंचा देगा। हम अपने को पहचान लेंगे कि “मैं” मैं नहीं मेरे विचार हैं।   

क्या मेरे विचार ही मैं हूँ?  – जे.कृष्णमूर्ति   (10.39-13.29)

विचार से आपका क्या तात्पर्य है? आप विचार कब करते हैं? स्पष्टत: विचार किसी प्रतिक्रिया का परिणाम होता है, चाहे वह तंत्रिकीय प्रतिक्रिया हो या मनोवैज्ञानिक – है वह संगृहीत स्मृति की प्रतिक्रिया ही। किसी अनुभूति के प्रति तंत्रिकाओं में तत्काल प्रतिक्रिया होती है और संचित स्मृति मनोवैज्ञानिक प्रतिक्रिया करती है जो जाति, वर्ग, गुरु, परिवार, परंपरा आदि-आदि से प्रभावित रहती है – और आप इस सब को विचार कह देते हैं। इस प्रकार विचार–प्रक्रिया स्मृति की प्रतिक्रिया है, है न? यदि आपकी कोई स्मृति नहीं है तो विचर भी नहीं होंगे। किसी परिस्थिति के प्रति स्मृति की प्रतिक्रिया ही विचार-प्रक्रिया को गति प्रदान करती है।

यह बात बिलकुल साफ है कि सारी विचारणा अतीत के प्रति होने वाली प्रतिक्रिया ही है – अतीत अर्थात स्मृति, ज्ञान, अनुभव। सारी विचारणा अतीत का परिणाम होती है। अतीत अर्थात काल, बीता हुआ काल। बीता हुआ काल जो अतीत में अनंत छोर तक विस्तार पा गया है – उसी को काल मान लिया गया है, काल अतीत के रूप में, काल वर्तमान के रूप में, काल भविष्य के रूप में, काल को इस तीन खंडो में विभाजित कर दिया गया है लेकिन काल तो नदी की तरह है – प्रवाहमान। इसे इन खंडों में हमने बांटा है और विचार इन खंडों में अटकता-भटकता रहता है। अत: हमको यह स्पष्टत: समझ लेना चाहिए कि हमारे विचार स्मृति का प्रत्युत्तर होते हैं और स्मृति यंत्रवत होती है। ज्ञान सदैव अपूर्ण रहता है और इसलिए इससे उपजी सारी अवधारणा सीमित व आंशिक रहती है, कभी स्वतंत्र नहीं होती। अत: विचार की कोई स्वतन्त्रता नहीं होती। परंतु हम ऐसी स्वतन्त्रता का अन्वेषण आरंभ कर सकते हैं जो विचारों की प्रक्रिया न हो और जिसमें मन अपने समस्त द्वन्द्वों और अतिक्रमण कर रहे समस्त प्रभावों के प्रति केवल सजग रहे।

श्री अरविंद, श्री जे.कृष्णमूर्ति, श्री सद्गुरु, डॉ वेन डायर

मैं जीवन हूँ – सद्गुरु    (13.29-24.24)

यह एक सच्चाई है कि हमारे पास सबसे विकसित स्नायु-प्रणाली (न्यूरोलॉजिकल सिस्टम) है, किसी कीड़े मकोड़े या जानवर किसी की भी तुलना में। पर हमारी एक मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया भी है। आपकी मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया चाहे कुछ भी हो, आपके विचार और भवनाएं सिर्फ इसलिए घटित  हो रही हैं क्योंकि आपने एक खास मात्रा में जानकारी इकट्ठी की हैं। अगर आप सोचते हैं कि वह एक अच्छा इंसान है तो एक तरह का विचार, अगर सोचते हैं कि वह एक अच्छा इंसान नहीं है तो दूसरे तरह का विचार। ये सब जानकारी जो आपने इकट्ठा की हैं वो चाहे सही हो या गलत इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आपने जिस तरह की जानकारियाँ इकट्ठा की हैं वे आपकी भावनाओं और विचारों का ढंग निर्धारित करती हैं। आप इन्सानों को समझा दें कि उनकी यह मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया उनका अपना नाटक है, इसका सच्चाई से कोई लेना देना नहीं है।

यहाँ सौ लोग बैठे हो सकते हैं और हर कोई अपनी एक अलग मनोवैज्ञानिक स्थिति में हो सकता है। और वे सब अपनी अलग अलग दुनिया में हैं। वे इस दुनिया में नहीं हैं। लोग प्राय: मेरे पास आकर कहते हैं कि सद्गुरु मैं ध्यान करना चाहता हूँ लेकिन मेरे मन में विचार आते हैं। मैं पूछता हूँ, “देखिये मैं आपको एक दूसरे तरह का ध्यान सिखा दूँगा जिससे आपका गुर्दा, कलेजा, दिल काम करना बंद कर देगा। क्या आप सीखना चाहेंगे?”

“नहीं, नहीं, नहीं”।

“तो आप सिर्फ अपने दिमाग का ही काम बंद करना चाहते हैं, क्यों? जब आप बैठ कर ध्यान करते हैं तब आपका दिल, गुर्दा, कलेजा सब काम करते हैं, आपको कोई दिक्कत नहीं है। सिर्फ दिमाग के काम करने पर आपको दिक्कत है?”

ऐसा क्यों है? क्योंकि आपकी पहचान आपके किडनी के काम करने से जुड़ी हुई नहीं है लेकिन अपनी विचार प्रक्रिया और भावनाओं से आपकी पहचान बुरी तरह जुड़ी हुई है। आप उससे इतने ज्यादा जुड़े हुए हैं कि आपको लगता है आप खुद वही हैं। और इस वजह से जीवन का अनुभव इसके पीछे छुप गया है। बताइये पिछले चौबीस घंटों में ऐसे कितने पल थे जब आपने विचारों से परे जाकर, बिना किसी पूर्वाग्रह के, किसी चीज को देखा? क्या आप सिर्फ आकाश की तरह मौजूद हो सकते हैं? सिर्फ जीवन। क्या आप जीवन हैं? हाँ। आप ठीक से विचार कीजिये, क्या आप वाकई जीवन हैं? हाँ। आप जीवन हैं। मैं एक जीवन हूँ इसलिए मेरा एक शरीर है। मेरे पास विचार हैं, भावनाएं हैं, घर है, मेरा ..... और न जाने क्या क्या है। ये सब साजो सामान है। आप साजो समान का अनुभव कर रहे हैं, क्या आप रोज जीवन का अनुभव कर रहे हैं?

आप अपने मनोवैज्ञानिक नाटक को जीवन समझने की गलती कर रहे है। आपका मनोवैज्ञानिक नाटक आपका नाटक है। शायद उसका निर्देशन बुरा है। जब इसका निर्देशन बुरा होता है तब कष्ट होता है, लेकिन जब निर्देशन अच्छा होता है तब आनंद लेते हैं। तब आपका मनोवैज्ञानिक नाटक आपका अपना है। आप इसे चलने दें। इसमें कुछ गलत नहीं है। यह ऐसा है जैसे हम एक खेल खेलना शुरू करते हैं। आपको टेनिस खेलना पसंद है, आनंद आता है। मान लीजिये आपने टेनिस खेलना शुरू किया और आप रुक नहीं पा रहे हैं ....... 24 घंटे, तो आप टेनिस से कैसा दुख पाएंगे? अभी बस यही हो रहा है। आपकी मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया बेलगाम हो गई है। वो बस चलती ही जा रही है...... बिन रुके। तो इसका आसान हल ये है कि आप इसे रोकने की कोशिश न करें। आपको  दिमाग के काम करने से परेशानी है, क्योंकि उससे आपकी पहचान है। आपने गलती से समझ लिया है कि आपके विचार आप हैं। आप जो भी सोचते हैं, आप समझते हैं कि वो आप हैं। मगर आपके विचार एक खास सूचना से पैदा हो रहे हैं जो आपने बाहर से इकट्ठा किए हैं। अगर मैं आपकी सारी याददाश्त मिटा दूँ तो...... क्या आप विचार पैदा कर पाएंगे? नहीं। यह केवल आपके द्वारा इकट्ठा की गई जानकारी से ही आ रहा है।  आपने जो जानकारियाँ इकट्ठा की हैं वो सब अपनी मर्जी से इकट्ठा नहीं की हैं। जब आप सड़क पर चलते हैं तब वह हर चीज जो आप देखते, सुनते, सूंघते, चखते, पढ़ते और छूते हैं वो आपके मन में दर्ज हो जाती हैं। आप इससे बच नहीं सकते। आपके अंदर जानकारी के रूप में जो जाता है वो पूरा आपके हाथ में नहीं है, 90 फीसदी आपके हाथ में नहीं है। इसमें कुछ भी अच्छा, बुरा, बदसूरत, सुंदर नहीं है। ये बस जानकारी हैं। आप इसे अपनी तरह से पहचान कर कहते हैं कि अरे ये अच्छा है, और वो अच्छा बन जाता है। आप कहते हैं ये बुरा है और वो बुरा बन जाता है। यह दरअसल आपका किया धरा है। मगर जानकारी बस बरस रही है सिर्फ दर्ज हो रही है। आप जो भी इकट्ठा कर रहे हैं वो आपका हो सकता है, पर वो आप नहीं हो सकते। 

मैं इसे अपनी कुर्सी कह सकता हूँ। लेकिन अगर मैं यह कहूँ कि यह मैं हूँ तो आप सोचेंगे कि मैं पागल हो गया हूँ। फिलहाल हम सब के साथ यही हुआ है। इसे थोड़ा आसान तरीके से समझाता हूँ। हमारा शरीर, ये शरीर, क्या आप ऐसे ही पैदा हुए थे? नहीं आप छोटे से आए थे लेकिन आप अब इतने बड़े हो गए हैं। ये कैसे हुआ? बस उस भोजन से जो आपने खाया। यह धरती पर जिस पर आप चल रहे हैं वो भोजन बन गई है और अब ऐसी है। मेरे और आप जैसे अनगिनत लोग इस धरती पर आ चुके हैं। अब वो लोग कहाँ हैं? वे सब अब मिट्टी की परत हैं। तो यह सिर्फ मिट्टी है जो भोजन में बदल गई है। इस भोजन को खा कर हमने यह शरीर बना लिया। यह सच है कि यह शरीर भी समय के साथ इकट्ठा किया गया है। जो आप इकट्ठा करते हैं वो आपका हो सकता है पर क्या वो आप हो सकते हैं? ज्यादा से ज्यादा आप अपने द्वारा इकट्ठा की  गई चीज को अपनी कहने का दावा कर सकते हैं लेकिन आप यह नहीं कह सकते कि यह “मैं” हूँ। आप जो भी इकट्ठा करते हैं वो कभी आप खुद नहीं हो सकते।  अगर आपने जानकारी के रूप में जो भी इकट्ठा किया है उसे आप साफ साफ जान लें कि मैं यह नहीं हूँ, तब  जीवन को बस जीवन की तरह देखने लगेंगे। बिना किसी चीज से प्रभावित हुए। बिना किसी चीज से पहचान जोड़े। बिना किसी पूर्वाग्रह के। बस एक जीवन। क्या यह सच है कि आप मूलरूप से बस एक जीवन हैं? आपने एक शरीर एकत्रित किया तो हमने आपको आदमी कहा, फिर आपने अपने अंदर कुछ चीजें इकट्ठा की तो हमने आप को ये-वो और सब कुछ कहा। लेकिन मुख्य रूप से क्या आप सिर्फ एक जीवन हैं? और क्या यह सबसे महत्वपूर्ण है कि आप जीवित हैं। क्या आप अभी जीवित हैं? आपके ज़िंदगी में अभी सबसे महत्वपूर्ण यही है कि आप जीवित हैं। लेकिन दुर्भाग्य से इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आप जो सोच रहे हैं वो आपके अपने जीवित होने से ज्यादा अहं हो गया है। मेरी छोटी सी भावना मेरी जीवित होने से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है।

इस ब्रह्मांड में यह सौर मण्डल एक कण की तरह है। कल सुबह पूरा सौरमंडल गायब हो जाए तो कोई ध्यान नहीं देगा। उस कण में पृथ्वी, एक बहुत छोटा कण है। उस सूक्ष्म कण में हमारा शहर एक उससे भी अतिसूक्ष्म कण है। इसमें आप एक बड़े आदमी  हैं? यही एक गंभीर समस्या है। यही आपका एक मनोवैज्ञानिक नाटक है। हमारा मनोवैज्ञानिक नाटक सूरज का रास्ता रोकने वाले बादल की तरह है। हम जीवन का अनुभव नहीं करते, हम सिर्फ उन विचारों, भावनाओं, पूर्वाग्रहों और फालतू चीजों का अनुभव करते हैं  जिन्हें हम पैदा करते हैं। स्रष्टा की सृष्टि में रहने के बजाय हम अपनी बनाई हुई तुच्छ सृष्टि में रहते हैं, यह एक बड़ी बात है। मैंने कोई रचना नहीं की इसलिए मैं इस सृष्टि में हूँ, इस दुनिया में हूँ, जीवित हूँ। मैं जीवन हूँ।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों, नीचे दिये गये ‘एक टिप्पणी भेजें’ पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


रविवार, 1 नवंबर 2020

सूतांजली, नवम्बर 2020

 सूतांजली

~~~~~~~~

                     

वर्ष : ०४ * अंक : ०४                         👂 🔊 (18.55)                                    नवम्बर * २०२०

       


तमसो मा ज्योतिर्गमय

दीपोत्सव के वंदन

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

माँ से प्रार्थना

(00.00 - 03.03)

माँ, मुझे मेरे क्रोध से, अकृतज्ञता और मूर्खता भरे दर्प से मुक्त कर। मुझे शान्त, विनम्र और कुलीन बना। वर दे कि मैं अपने कर्म और अपनी सभी गतिविधियों में तेरे ही दिव्य नियंत्रण का अनुभव करूँ।

 मैं प्रार्थना करता हूँ कि मैं सभी हठधर्मिता और स्वाग्रही-भाव से मुक्त हो जाऊँ ताकि मैं तुम्हारा  विनीत तथा आज्ञाकारी सेवक बन सकूँ, तुम्हारे कार्य के लिये उपयुक्त यंत्र बन सकूँ और मैं प्रार्थना करता हूँ कि माँ, मैं जो कुछ करूँ तुम्हारे प्रति समर्पित होकर करूँ और सदा तुम्हारा पथ-प्रदर्शन पाता रहूँ।

माँ, वर दे कि आज से मैं एक सुदृड़ निश्चय के साथ अपने अन्दर से सभी भूलों को निकाल बाहर फेंक दूँ और मुझे वर दे कि मैं इस कार्य में ऊर्जा तथा अध्यवसाय के साथ तब तक लगा रहूँ जब तक कि मैं इसमें पूरी तरह सफल न हो जाऊँ। वर दे कि मैं समस्त घमण्ड, झगड़ालू-प्रवृत्ति, आत्म-अहंकार और दर्प से पिण्ड छुड़ा लूँ; वर दे कि मैं तुम्हारा विरोध कभी न करूँ, हमेशा तुम्हारी आज्ञा का पालन करूँ; वर दे कि मैं न कभी दूसरों से ईर्ष्या करूँ, न विद्वेष, अपशब्द, अभद्र व्यवहार, मिथ्यात्व, आत्म-ख्याति, माँग, असंतोष और शिकायत के चंगुल से निकल जाऊँ। वर दे कि मैं सबके साथ मैत्री का व्यवहार करूँ, किसी के भी प्रति कभी दुर्भावना न रखूँ।

माँ, वर दे कि मैं तुम्हारा सच्चा बालक बन सकूँ।

(श्री अरविंद सोसाइटी की पत्रिका अग्निशिखा में प्रकाशित प्रार्थना पर आधारित)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

वंश या धर्म?

(03.03 - 5.39)

वंश के नष्ट होने से धर्म का नाश होता है या धर्म के नष्ट होने से वंश समाप्त होता है?

कई बार मन में यह दुविधा उत्पन्न हो जाती है। पहले क्या नष्ट हुआ कौरव वंश या धर्म? धर्म के नष्ट होने से अधर्म आ कर उस स्थान को भर देता है। फिर यह अधर्म ही उस कुल को नष्ट कर देता है। जैसे वायुमंडल में ऐसी कोई जगह नहीं जहां वायु न हो, वैसे ही धर्म या अधर्म किसी एक का वास रहता है। जिस प्रकार गरम हवा के ऊपर उठ जाने से शीतल हवा उस रिक्त स्थान को भर देती है उसी प्रकार अधर्म के नष्ट होने पर धर्म और धर्म के हट जाने से अधर्म आ उपस्थित होता है। कितने ही काले-अँधियारे बादल हों रात नहीं होती। रात होती है सूर्य के अस्त होने से। अत: हमें धर्म कृत्य नित्य करते रहना चाहिए। धर्म का अभाव, अधर्म उत्पन्न कर देता है।

‘ब्राह्मण’ का कार्य है धर्म की स्थापना करना और राजा का कार्य है अधर्म का नाश करना।  इस प्रकार दोनों ही धर्म राज्य की स्थापना करते हैं। धर्मात्मा राजा वही है जो अधर्म के नाश के साथ साथ ब्राह्मण को संरक्षण दे, धर्म की स्थापना में भी सहयोग दे। संन्यासी भी कर्म विहीन नहीं होते। उनका कार्य केवल भिक्षाटन पर जाना और अपनी कुटी में आराम करना नहीं है। उनके लिए भी करने योग्य कर्म करने का विधान है। धार्मिक कार्य में प्रवृत्त न रहने से संन्यासी का संन्यास अधूरा ही कहा जाएगा।

अत: धर्म का समर्थन करें, अधर्म का विरोध भी।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कैसे थमाएं परम्परा अगली पीढ़ी को

(5.39-11.55)

हमारी मान्यता, हमारी परम्परा, हमारी संस्कृति, हमारे संस्कार। ये वे तत्व हैं जिसे हमने अपने बुजुर्गों से पाया है और हमारा यह दायित्व बनता है कि हम इन्हें और समृद्ध कर भावी पीढ़ी को थमायें। यह हमारे जीवन का रिले रेस है। जाने-अनजाने हम सब इस दौड़ में शामिल हैं। हमारी जीत इसी बात पर निर्भर करती है कि कितनी सावधानी से हमने इस दौड़ की छड़ी को पकड़ा, निभाया और फिर आगे पकड़ाया। इन तीन प्रक्रियाओं में हमें इन्हे जस-का-तस आगे नहीं बढ़ाना है। जब ये हमारे हाथ में होती है तब हमें इसे और परिष्कृत करना है, सजाना है, सँवारना है। जिसने अपना अर्थ खो दिया है उसे छोड़कर नये मूल्यों और अर्थों को जोड़ना है। इसलिए यह जरूरी है कि लेते समय और देते समय इसका अर्थ भी समझें और समझाएँ। अगर समझने - समझाने का कार्य साथ साथ न चला तो यह निश्चित है कि ये खुद अपनी मौत मर जाएंगे। इसका अस्तित्व बनाये  रखने के लिए जितना ‘छोड़’ रहे हैं उतना ही ‘जोड़ना’ भी होता रहे। इस जोड़-घटाव में हमें सावधान रहना होगा। हम अपने सांस्कृतिक मूल्यों तथा मान्यताओं को अंधविश्वास मान कर छोड़ रहे हैं और पश्चिम को बिना समझे ‘सुविधा’ के नाम पर अपना रहे हैं। हमें अपनी धरती से जुड़े प्रगतिशील जीवन-मूल्यों को, स्वाभिमान को साथ लिए नये कीर्तिमान गढ़ने हैं? हिमालय सा उत्तरदायित्व है हम पर और इस युवा पीढ़ी पर।

श्री सुदर्शन बिड़ला ने कहा कि हम अगली पीढ़ी को क्या दे कर जाएंगे? कितना भी धन दें, उसका कोई भरोसा नहीं, वह रहेगा या नहीं। हम सबसे महत्वपूर्ण वस्तु जिसे अपने बच्चों को दे कर जा सकते हैं वह है संस्कार। जीवन पर्यंत ये उसके साथ रहेंगे। बाकी सब नष्ट हो सकते हैं, खो सकते हैं। खो कर वापस पा सकते हैं। लेकिन मिले हुए संस्कार जीवन पर्यंत हमारे साथ रहते हैं। इसे हम खो नहीं सकते और अगर छोड़ दिया तो फिर पाना आसान नहीं। जीवन के संगीत की इस छड़ी को बहुत संभाल कर लेना, चलना और आगे बढ़ाना है। हम इस रेस में हैं या इससे बाहर हो गए यह इसी बात पर निर्भर करता है कि हमने अपने उत्तरदायित्व का निर्वाह कितनी ज़िम्मेदारी से किया है। सही ढंग से निर्वाह न कर पाने के कारण विश्व की अनेक महान सभ्यताओं का नामों निशान मिट गया, लेकिन  ‘कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी’। जब तक इस ‘कुछ बात’ को समझते और समझाते रहेंगे हम बने रहेंगे नहीं तो हम भी इतिहास के पन्नों तक सीमित रह जाएंगे। 

ऑस्ट्रेलिया, सिडनी एवं अन्य कई शहरों से एक पत्रिका निकलती है – इंडियन लिंक, अँग्रेजी में। बिना किसी मूल्य के प्राय: हर भारतीय स्टोर में मिल जाती है, ऑस्ट्रेलिया में। इसकी संपादिका हैं श्रीमती रजनी आनंद लूथरा। वे लिखती हैं कि उनकी सास नियम से, हर दिवाली पर पूजा की थाली से एक रुपये का एक सिक्का 

निकाल कर अलग से, इसी प्रकार दिवाली पर निकाले गए सिक्कों के साथ रख देती थीं। पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा ने अजीबो गरीब सिक्कों का एक खजाना तैयार कर दिया जिसमें अनमोल और अनेक तरह के सिक्के थे। हर वर्ष एक सिक्का जुड़ता रहा। कालांतर में रजनी के साथ रहने वे भारत से ऑस्ट्रेलिया आ गईं। उन्होंने अपना वह खजाना हम दो बहुओं में बाँट दिया। उन्होने कुछ कहा नहीं लेकिन हम दोनों हर वर्ष दिवाली पर एक डॉलर उसमें जमा करने लगे। दिवाली हमारा एक पारम्परिक त्यौहार है। देश-काल के अनुसार इसमें अनेक रंग भरते जा रहे हैं। दीयों के बदले अब छोटे बच्चे अनेक रंग और आकार की मोमबत्ती प्रयोग करना चाहते हैं। कई वही मिट्टी के दिये ही प्रयोग करते हैं, तो कोई दान-उपकार-पुण्य कार्यों से जुड़ी संस्थाओं द्वारा बनाये गए विशेष दीपक प्रयोग करना पसंद करते हैं। लोग दिवाली की मिठाई के बदले मेवे और पौधे बांटने लगे हैं। गांधीजी ने दिवाली पर पटाखे पर समय और पैसे के साथ वातावरण को दूषित करने के बजाय उस धन और समय का उपयोग बच्चों के लिए खेल या चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित करने या फिर
श्रीमती रजनी लूथरा 


पारिवारिक पिकनिक जिसमें घर के बने भोजन और मिठाइयों का सेवन हो
, का सुझाव दिया। रजनी लूथरा लिखती हैं दिवाली जितना पारम्परिक है उतना ही क्रमानुसार उन्नति का प्रतीक भी है। परम्परा का निर्वाह आवश्यक है लेकिन साथ ही मूल्यों, ज्ञान और बुद्धिमत्ता को सँभाल कर रखना भी जरूरी है। समय, स्थान और वातावरण के अनुसार उनमें नये और सार्थक बदलाव और जुड़ाव भी आवश्यक है। परम्परा के नाम पर हम अपने बच्चों को एक नई और स्वस्थ्य संस्कार की छड़ी पकड़ा सकते हैं जिससे नये  संगीत का संचालन हो सके, रिले रेस में आगे रहने का अंदाज़  मिले।

अपनी हस्ती को बचाए रखने के लिए हमें परम्परा को निरन्तर क्रमिक विकासोन्मुख बनाये रखना है। कौन जनता है कई पीढ़ियों बाद दिवाली पर सँजोये गए सिक्कों में अनेक देश-काल के विविध प्रकार के सिक्के जमा हों।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

निष्काम कर्म और कर्म-संन्यास

(11.55-17.09)

(रामायण और महाभारत पर अनेक कहानियाँ और उपन्यास लिखे गए हैं और अभी भी लिखे जा रहे हैं।  फिल्म और टीवी सिरियल भी बने हैं और अभी भी बन रहे हैं। नाटकों का भी मंचन होता रहा है। गीता पर भी अनेक व्याख्याएँ हैं, टीकाएँ हैं, प्रवचन हैं। कृष्ण और भागवत की तो अनगिनत कहानियाँ और उपन्यास हैं। लेकिन गीता पर; मेरी जानकारी में, नरेंद्र कोहली की ‘शरणम’ गीता पर रचा गया पहला उपन्यास है। प्रस्तुत है इसी उपन्यास से लिया गया है यह उद्धरण।)

          “अर्जुन, तुम्हें स्मरण है कि जब तुम लोग इंद्रप्रस्थ में थे तो एक रात तुम्हारे पास एक ब्राह्मण आया था। उसकी गाय कोई चुरा कर ले गया था। वह ब्राह्मण चोर को पकड़ने और गाय को लौटा लाने में तुम्हारी सहायता चाहता था। और तुम उसकी सहायता के लिए गए थे”। श्रीकृष्ण ने पूछा।

          “हाँ, स्मरण है मुझे, मैं अपना गाँडीव लेने के लिए शस्त्रागार में गया था और संयोग से धर्मराज और पांचाली भी वहाँ उपस्थित थे”। अर्जुन ने उत्तर दिया, “परिणामत: चोर को पकड़ने और ब्राह्मण की गाय लौटा लाने के पश्चात, मैं अपने ही बनाए हुए नियमों के अनुसार बारह वर्षों के वनवास के लिए चला गया था”।

          “चोर को पकड़ने से तुम्हें क्या लाभ हुआ”?

          “वह काम मैंने अपने लाभ के लिए नहीं, शासन के दायित्व के रूप में किया था”।

          “यदि तुम चाहते तो क्या ब्राह्मण तुम्हें कोई पारिश्रमिक नहीं देता”?

          “किन्तु वह काम तो मैंने अपने कर्त्तव्य के रूप में किया था। उसमें पारिश्रमिक का प्रश्न ही कहाँ था। और ब्राह्मण के पास था ही क्या कि वह एक राजकुमार को पारिश्रमिक देता”।

          “अर्थात तुम जानते थे कि उस सारे परिश्रम के बदले में तुम्हें कुछ नहीं मिलने वाला”?

          “मैंने कहा न, वह मेरा कर्तव्य था, मेरा शासकीय दायित्व था, मेरा धर्म था। वह कुछ अर्जित करने के लिए नहीं था”।

          “यदि तुम चाहते तो वह चोर भी गाय चुरा ले जाने की सुविधा पाने के लिए तुम्हें उत्कोच दे सकता था”, श्रीकृष्ण बोले।

          “मैंने आपसे कहा न कि मैंने अपने धर्म का निर्वाह किया था”।

          “इसी को निष्काम कर्म कहते हैं और यही कर्म-योग है। .........।” कृष्ण बोले, “उस घटना के पश्चात उस ब्राह्मण से न सही, किन्तु धर्मराज से कोई पुरस्कार मांग सकते थे; किन्तु तुम तो पांचों भाइयों में हुए एक संधि के निर्वाह के लिए वनवास के लिए चले गए”।

          “....... किन्तु कर्म-संन्यास मेरे मन में, अब भी बहुत स्पष्ट नहीं है। इस विषय में अनेक विद्वान अनेक प्रकार के मत प्रस्तुत करते हैं”, अर्जुन ने कहा।

          “हाँ, विद्वानों का तो काम ही है, विभिन्न प्रकार के मत प्रस्तुत करना”। कृष्ण बोले, “वह उनके अपने स्वभाव, अपने अनुभव और अपने गुरुओं की विभन्नता के कारण है”।

          “कई विद्वान कामनाओं से पूर्ण कर्मों के त्याग को संन्यास मानते हैं”। अर्जुन ने कहा, “क्या, इसका अर्थ है कि जिस कर्म के साथ कामना जुड़ी हो, उस कामना को त्यागने के स्थान पर कर्म को ही त्याग दिया जाए”?

          “अनेक मनीषी कहते हैं कि कर्म को उसके दोष के कारण नहीं, कर्म मात्र को दोष मान कर उसका त्याग कर देना चाहिए”।

          “किंतु यह तो संभव ही नहीं है”। अर्जुन ने आतुरता से कहा, “आप तो यह नहीं मानते न”?

          “बात तो विद्वानों की है। पहले उसकी चर्चा कर लें”। श्री कृष्ण बोले, “क्योंकि कुछ विद्वान तो यह भी कहते हैं कि यज्ञ, दान और तप रूपी कर्त्तव्य-कर्मों का त्याग नहीं करना चाहिए”। श्री कृष्ण बोले, “क्या विचार है तुम्हारा”?

          “मैं आपका विचार पूछ रहा हूँ”।

          “तो पहले हम त्याग को जान लें। श्री कृष्ण बोले, “यज्ञ, दान और तप मनीषियों को पवित्र करने वाले हैं। उनके त्याग से सृष्टि का कोई लाभ नहीं होगा। आसक्ति और फलाकांक्षा कर्म को दूषित करते हैं। उनका त्याग कर्म को पवित्र करता है। इसलिए नियत कर्म का त्याग उचित नहीं है। यह मोहपूर्ण त्याग है, अत: वह तमस त्याग है”।

          “कर्म दुखरूप है। परिश्रम के भय से मैं कर्म का त्याग कर दूँ तो”?

        “वह राजस त्याग है”। श्री कृष्ण बोले, “कर्तव्य मान कर कर्म को करना और उसके फल का त्याग, सात्विक त्याग है”।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

त्यौहारों पर अभिनंदन

(17.09-17.51)

जाते जाते दिवाली के वार्षिक पर्व पर अभिनंदन / बधाई संदेश के लिए फिर से एक सुझाव। दूसरों के बनाये गए संदेशों को ‘अंगुली के झटके’ से मत भेजिये। अपना पारिवारिक संदेश खुद बनाएँ या बनवाएँ और उसे ही औरों के पास भेजें। नये युग में, नयी तकनीक अपनाएं लेकिन समझदारी से; संस्कार और संस्कृति से ओत-प्रोत। अपनी पहचान बनाएँ। अनुकरण मत करिये, अनुकरणीय बनिये।

 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

ज़ूम पर ‘सूतांजली के आँगन में’

(17.51-18.55)

अक्तूबर    

अक्तूबर माह में एक  प्रसारण हुआ। रविवार 11 अक्तूबर को श्री आशीष करनानी ने ‘गुड वेजिटेरियन फूड ऑफ कोलकाता’ के बारे में बताया। वक्तृता में आशीष ने कोलकाता में उपलब्ध लजीज़ स्ट्रीट फूड्स की जानकारी दी। साथ ही दुर्लभ शाकाहारी भोजन के सम्बंध में भी बताया। इस कार्यक्रम को यू ट्यूब के निम्नलिखित लिंक पर देखा जा सकता है  ->  

https://youtu.be/HsB2o5TKNaw

 नवम्बर

नवंबर माह  के प्रसारण की जानकारी यथा समय व्हाट्सएप्प एवं मेल पर दी जायेगी।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको सूतांजली कैसी लगी और क्यों, नीचे दिये गये ‘एक टिप्पणी भेजें’ पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

 

सूतांजली नवंबर द्वितीय 2026 - अनंत शक्ति का प्रतीक

  भय ही तेरा नाम है , हर  श्वास में मृत्यु का वास ; तेरे थरथराते चरण , कर सकते हैं ; संसार का विनाश।                                      ...