शनिवार, 1 जून 2019

सूतांजली, जून 2019


सूतांजली                ०२/११                                         जून २०१९
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

शीत युद्ध और संवाद

कई दशकों से सुबह की सैर के लिए लेक जाता हूँ। अभी पिछले कुछ महीनों से वहाँ एक बुजुर्ग दक्षिण भारतीय दंपत्ति सुबह इडली और ढोसा बेचने आने लगे हैं। कम दाम और बेहतरीन माल होने के कारण उनकी बिक्री बढ़ने लगी और अब तो रोज सुबह उनकी टेबल पर भीड़ जमा रहती है। एक सुबह मैं भी वहाँ उस भीड़ में शामिल हो गया। कुछ ही देर में आगे बढ़ते हुए मैं उसकी टेबल तक पहुँच गया। “मेरा ६ इडली कह कर मैं शांति से प्रतीक्षा करने लगा। तब तक मेरे बगल वाले सज्जन निकल गए और उनका स्थान लिया एक युवती ने मेरा १० इडली युवती ने कहा। लेकिन वह यहीं नहीं रुकी, बार बार मेरा १० दोहराने लगी। मुझे खीज होने लगी।  थोड़ी ही देर में मेरा १० और मेरा ६ की गोलियां चलने लगी। हम दोनों के बीच शीत युद्ध शुरू हो चुका था। मुझे यह भी अनुभव हुआ कि अगर विक्रेता ने उसे पहले दिया तो शायद मैं बर्दास्त नहीं कर पाऊँगा। मुझे कुछ करना चाहिए। संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मैंने कहा यह अपनी भाषा में गिनती कर रहा है। तमिल है या तेलुगू’? कोई जवाब नहीं मिला। लेकिन गोलीबारी एक बार रुक गई। मैंने देखा कि विक्रेता बार बार अपना हाथ झाड़ रहा है। अब मैंने उससे कहा लगता है इडली बहुत गरम है?’ उसने संक्षिप्त सा उत्तर दिया हाँ। मैंने फिर कहा आहिस्ता आहिस्ता, अंगुलिया-हाथ बचा कर। उसके बाद मेरे कानों मे आवाज पड़ी पहले इनका ६ फिर मेरा १०। युद्ध समाप्त हो चुका था। यह किसी की जीत हार नहीं थी। यह युद्ध का संवाद में विलय था। हृदय परिवर्तन।

कुछ दिन बाद वही युवती लेक पर घूमते हुए सामने से आते दिखी। पास आने पर मैंने हाथ जोड़ कर नमस्ते की। वह ठीक मेरे सामने आ कर चुपचाप खड़ी हो गई और आँखों में आँख डाल कर मुझे घूरने लगी। आज के माहौल और समय को देख मैं थोड़ा घबड़ाया लेकिन फिर सधे शब्दों में कहा नमस्कार आपको नहीं आपके भीतर छुपे गुण को, समझ को। अब वह भी मुस्कुराई हाथ जोड़े और हम अपने अपने रास्तों पर आगे बढ़ गए। पापी को नहीं पाप को मारो का मर्म समझ आया। गुणग्राही बनो।
                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
एकला चलो रे!

सत्याग्रह का प्रवेश द्वार दक्षिण अफ्रीका ही था। उस हथियार को गांधी ने पहली बार वहीं आजमाया और सफल रहे। उस पहले मुक़ाबले की याद करते गांधी लिखते हैं-

मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि इस काम में कोई भारतवासी अपूर्व वीरता प्रकट करेगा अथवा सत्याग्रह का आंदोलन इतना ज़ोर पकड़ेगा। मैंने यह बात उसी क्षण हिंदुस्तानी भाइयों से कही और बहुतेरे सत्याग्रह करने को तैयार हो गए। पहले युद्ध में लोग यह समझ कर सम्मिलित हुए कि थोड़े ही दिनों तक कष्ट सहने से हमारा उद्देश्य सिद्ध हो जाएगा। दूसरे युद्ध के समय आरंभ में थोड़े ही लोग सम्मिलित हुए। पीछे बहुत से लोग आ मिले। बाद में श्री गोखले के वहाँ पहुँचने पर दक्षिण अफ्रीका की सरकार से समझौते का वचन पा कर यह लड़ाई बंद की गई। परंतु सरकार ने फिर दगाबाजी की और अपना वचन पूरा करने से इंकार कर दिया। इस पर तीसरा सत्याग्रह युद्ध आरंभ करना पड़ा। उस समय गोखले ने मुझसे पूछा था कि आंदोलन में कितने आदमी सम्मिलित होंगे? मैंने लिखा कि 30 से 60 आदमी तक सम्मिलित होंगे। परंतु मुझे इतने भी साथी नहीं मिले। हम 16 आदमियों ने ही मुक़ाबला शुरू किया। हमने दृड़ निश्चय कर लिया था कि जब तक सरकार अपने अत्याचारी क़ानूनों को रद्द न करेगी अथवा कोई समाधानकारक समझौता नहीं करेगी, तब तक हम हर एक दंड भुगतेंगे पर सर न झुकाएँगे। हमें इस बात की बिलकुल आशा न थी कि हमें बहुत से साथी मिलेंगे पर एक मनुष्य के भी नि:स्वार्थ पूर्वक सत्य और देशहित के लिए आत्म-समर्पण करने के लिए तैयार होने का परिणाम अवश्य ही होता है। देखते-ही-देखते बीस हजार मनुष्य आंदोलन में सम्मिलित हो गए। जेलों में जगह न रही और समस्त भारत का खून खौलने लगा।

बहुत से लोग कहते हैं कि यदि लॉर्ड हार्डिंग बीच बचाव नहीं करते तो समझौता होना असंभव था। पर ये लोग यह भूल जाते हैं कि लॉर्ड हार्डिंग ने आखिर मध्यस्तथा क्यों की? दक्षिण अफ्रीका की अपेक्षा कनाडा के हिंदुस्तानी कहीं अधिक दुख पा रहे थे। उन्होने वहाँ मध्यस्तथा क्यों नहीं की? जिस स्थान पर हजारों स्त्री-पुरुष का आत्मबल एकत्र हो, जिस स्थान पर असंख्य नर-नारी प्राण हथेली पर लिए हुए हों, वहाँ कौन सी बात असंभव है? मध्यस्तथा करने के सिवा लॉर्ड हार्डिंग के लिए कोई उपाय नहीं था और ऐसा करके उन्होने बुद्धिमत्ता प्रकट की।
गांधी मार्ग, सितंबर-अक्तूबर 2018
1। निर्णय, संख्या बल पर नहीं बल्कि सत्य बल पर आधारित हो तो सफलता अवश्यंभावी है।
2। टिप्पणी करना सहज है लेकिन उसका सही आकलन करना कठिन होता है।
                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
रावण महान!

रावण का जन्म पुलस्त्य मुनि के वंश में हुआ था। यानि कुल का ब्राह्मण था। महान पराक्रमी और योद्धा था। जनता सुखी और धनवान थी। उसकी राजधानी लंका, सोने की थी। ब्रह्मांड के देवी-देवता उससे काँपते थे। असाधारण शिव भक्त था। तुलसी कृत मानस में तो इसका उल्लेख नहीं है लेकिन अन्यत्र यह उल्लेख मिलता है कि लंका पर आक्रमण करने के पहले जब राम ने शिव पूजन का मन बनाया तब रावण ही उनका पुरोहित बना था। इस प्रकार अपने ही विरुद्ध आक्रमण की  सफलता के लिए शत्रु यजमान का पुरोहित भी बना।

इसके विपरीत राम, क्षत्रिय वंश में थे, न उनकी राजधानी सोने के थी और न ही उनकी प्रजा रावण की तुलना में उतनी सुखी और धनवान थी। तब हम रावण को छोड़ राम का गुणगान क्यों करते हैं?  मैं फिलहाल केवल दो बातों की चर्चा करना चाहूँगा –
१. अंहकर का अभाव - राम ने रावण की तरह कभी किसी भी अन्य राज्य पर आक्रमण नहीं किया। कभी किया भी जैसे किष्किंधा, लंका तब उन राज्यों को अपने राज्य में न मिलाकर वहाँ का राजा वहीं के नागरिक को बनाया। राम से कोई डरता नहीं था। सब उनका आदर करते थे। और तो और उनके शत्रु बाली और रावण को भी उनसे डर नहीं लगता था। यह राम की सहज प्रकृति और दयालु स्वभाव के कारण था। जनता को राजा से डर नहीं लगना चाहिए। जनता का राजा के प्रति आदर भाव होना चाहिए। रावण को उसके घर वाले भी सम्मति देने में घबराते थे वहीं राम के विरुद्ध एक साधारण धोबी को भी अपनी बात कहने में डर नहीं लगा।
२. ध्येय की महत्ता - राम और रावण दोनों शिव भक्त थे। लेकिन शिव किनके भक्त थे? क्यों? राम और रावण की भक्ति का ध्येय अलग था। एक का ध्येय सृजनात्मक था और दूसरे का विध्वंसात्मक। रावण शिव से शक्ति प्राप्त कर तीनों लोकों का राजा बनने का ख्वाब पाल रहा था। सज्जनों-मुनियों  को भयभीत करके रखता था। वहीं राम का ध्येय रावण को परास्त कर सीता को मुक्ति दिलाना था। सज्जनों-मुनियों को भय मुक्त करना था। इसी कारण शिव राम के भक्त थे रावण के नहीं।

दुर्भाग्यवश आज हम तर्क नहीं कुतर्क में दक्ष हैं। ज्ञानी तर्क करता है, शिक्षित कुतर्क। आज शिक्षित ही ज्यादा हैं, ज्ञानी कम। ये शिक्षित वर्ग अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता का दुरुपयोग कर जनता में संदेहों और अविश्वासों का बीज बोते हैं। केवल शिक्षित मत बनिए, ज्ञानी भी बनिए
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
कौन जानता गांधी को  - मई  2019

मई 2019 के प्रारम्भ होते ही फनी चक्रवात ने पूर्वी भारत को इस प्रकार भयाक्रांत किया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने तत्काल सभी विद्यालयों में छुट्टी की घोषणा कर दी।  इस उठा पटक के कारण हम 3 के बजाय केवल एक ही स्कूल, हरियाणा विद्या मंदिर, साल्ट लेक में क्विज कर पाये। खुशी की बात यह है कि प्रदर्शन के समय स्कूल की कार्यकारिणी के कई सदस्य भी उपस्थित थे और सबों ने एक स्वर में हमारे प्रयास की सराहना की।
                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
हमें आपकी प्रतिक्रिया का इंतजार रहता है। - संपादक

गुरुवार, 2 मई 2019

सूतांजली मई, २०१९


सूतांजली          ०२/०१०                                                  मई २०१९
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
सरदारजी  की चाय और संस्कार

क्या आप कभी कोलकाता आए हैं? यहाँ सुबह सरदारजी की चाय पीने का आनंद लिया है? गर्मी हो या सर्दी, बरसात हो या सूखा। कोलकाता के सरदार की चाय की अपनी अलग शान है। अगर इससे वंचित रहे हैं तो अगली बार किसी कोलकातावासी को पकड़ कर इसका आनंद लें और ठाठ देखें। अपनी इच्छानुसार गाड़ी में बैठे बैठे मजे लीजिये या फुटपाथ पर टूल लगा कर बैठ जाइए। ना... ना... ना..., आपको टूल नहीं ले जाना है, चाय वाला ही इसकी व्यवस्था रखता है। वैसे यह अलग बात है कि कई बड़े बड़े ग्रुप अपना टूल भी गाड़ी में डाल कर साथ ले आते हैं। इसी प्रकार अगर गाड़ी में पीना है तब भी न लेने उतरना है, न पेमेंट करने, न पत्तल-प्लेट-कुल्ल्हड़ फेंकने या वापस करने उतरना है। सब चायवाले की ही जिम्मेदारी है। चाय वाला पूरी व्यवस्था रखता है। कुल्ल्हड़ में चाय पीजिए, निमकी, गाठिया, समोसा, सब्जी कचोरी, टोस्ट, जलेबी जो इच्छा हो लीजिये। कोलकाता में ऐसे नुक्कड़ एक नहीं, कई हैं। कई कोलकातावासियों का तो दिन यहाँ बैठे बिना शुरू ही नहीं होता। यहाँ बैठे बैठे हम अपने शहर, राज्य और देश की ही नहीं बल्कि विश्व की राजनीति, अर्थ व्यवस्था, सामाजिक व्यवस्था, खेल-कूद, धर्म आदि सब की दिशा और दशा निर्धारित कर देते हैं।

चायवाले का लड़का चाय देता है, जूठे पत्तल, दोने, कुल्ल्हड़ फेंकता है और पेमेंट भी लेता है। ऐसे ही एक चाय वाले के यहाँ एक दिन एक नया लड़का दिखा। उसने हमें चाय दी, निमकी दी। पीने के बाद कुल्ल्हड़ और दोना फेंकने वापस लिया। फेंक कर उसने हाथ धोया और फिर दुकान पर पहुंचा। मैं देखता रहा गया। कहाँ से मिले होंगे उसे यह संस्कार, हाथ धोने के? परिवार में ही मिला होगा। क्या हम इस और ऐसे संस्कारों की रक्षा कर पाएंगे? इन लड़कों में हाथ धोने की प्रथा है ही नहीं। उसी हाथ से दूसरे, तीसरे .... ग्राहकों को चाय आदि पकड़ाते रहते हैं। और हम भी इस बात की जरा भी अपेक्षा नहीं रखते की वह बार बार पानी से हाथ धोये। 

याद आ गए  बचपन के वे दिन जब चौके या खुली छत पर जमीन पर बैठ कर खाना खाते थे। कोई दूसरा परोसता (डालता) था। खाते समय हाथ लगाना सख्त मना था। पका भोजन ठाकुर (इष्ट देव) को प्रसाद लगाया जाता था। बुजुर्ग, गणमान्य या ब्राह्मण-पंडित भी भोजन करते थे। अत: जूठ-कूठ का बहुत ध्यान रखा जाता था और बार बार हाथ धोते रहते थे। धीरे धीरे यह प्रथा उठ गई और अंग्रेजों की तरह टेबल कुर्सी पर बैठ कर खाने लगे। भगवान को भोग लगाना कहीं उठ गया, कहीं सीमित हो गया और कहीं जंजाल लगने लगा। यह काम घर के बुजुर्ग तक सीमित रह गया। खाना टेबले पर ही रख दिया जाता है। खाना-खिलाना बिना किसी भेदभाव के चलते रहता है, बिना किसी सोच विचार के। जूठ का विचार ही उठ गया।

चाय की दुकान का वह नया लड़का भी कितने दिन हाथ धोयेगा? कितने दिन यह संस्कार ढो पाएगा। सबों को देख कर उसका यह संस्कार अपने आप मिट जाएगा। हम संस्कार न तो दे पा रहे हैं, न उसका संरक्षण कर पा रहे हैं । संस्कार को धकेलकर सुविधा को अपना रहे हैं

यह ठीक वैसे ही है जैसे सदियों से चली आ रही जैविक खेती (ओरगनिक फ़ार्मिंग) हटा कर रसायनिक खेती की गई, कागज-पत्तल-कपड़े के दोने और झोलों को हटा कर प्लास्टिक थैले प्रारम्भ हुए। अब पर्यावरण की दुहाई देते हैं। क्या इस पर विचार करने का समय हमारे पास है?
                        ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
सम्मान के पीछे क्या है?
लाओत्से का नाम आपने सुना होगा। चीन के जानेमाने दार्शनिक थे। उनके दर्शन को बहुत कम लोगों ने समझा। एक बार चीन के सम्राट ने लाओत्से को अपने देश का प्रधान मंत्री बनाने का निश्चय किया। लाओत्से को जैसे ही यह पता चला वह भाग खड़ा हुआ। वह भागता फिरता था एक गाँव से दूसरे गाँव। जैसे ही सम्राट के लोग दूसरे गाँव पहुँचते उन्हे पता चलता लाओत्से तीसरे गाँव भाग गया। सम्राट हैरान। वह उसे देश का प्रधान मंत्री बनाने के लिए बहुत उत्सुक था। तब फिर लाओत्से भाग क्यों रहा है? आखिर सम्राट ने एक दूत लाओत्से के पास भेजा और कहलाया तुम भागो मत। तुम नाहक परेशान मत होओ। सम्राट ने कहलाया कि वह तो लाओत्से को एक महान सम्मान देना चाहता है। वह लाओत्से को राष्ट्र का सर्वोच्च पद प्रधान मंत्री बनाना चाहता है। फिर वह भाग क्यों रहा है? लाओत्से ने खबर भिजवाई कि मैं सम्मान से नहीं भाग रहा हूँ। मैं उस अपमान से भाग रहा हूँ जो उस सम्मान के पीछे छिपा है  वह दूसरा हमें दिखाई नहीं पड़ता। उस दूसरे को देख लेना ही बुद्धिमानी है।

लाओत्से नहीं कहता कि सुख वासना छोड़ दो वह तो बस इतना कहता है कि वासना के पीछे जो उसका विपरीत है उसे भी देख लो। सुख के पीछे का दुख समझ लो, फूल के पीछे का कांटा भी देख लो।

बड़ा रुपया और बड़ी नौकरी के पीछे छूटता अपना परिवार, समाज, भाषा, वेश-भूषा, साहित्य-संस्कृति,  संस्कार को भी देख लो। कहीं ऐसा तो नहीं कि अपने साध्य के लिए हम जिस साधन का इस्तेमाल कर रहे हैं  उस साधन के लिए साध्य को ही भूल गए। साधन ही प्रमुख हो गया साध्य पीछे छूट गया?
ताओ उपनिषद 2/146 ओशो
                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~


कौन जानता गांधी को
अप्रैल 2019 में गांधी क्विज कौन जानता गांधी को का सफर शानदार रहा। दक्षिण कोलकाता के विद्यालयों का ही बोलबाला रहा। गरियाहाट स्थित   बीएसएस विद्यालय (बालीगंज शिक्षा सदन), भारतीय विद्या मंदिर की भवन्स गंगाबक्स कानोरिया विद्यामन्दिर साल्ट लेक, बिड़ला हाइ स्कूल (हिन्दी हाई स्कूल) मोयरा स्ट्रीट और लक्ष्मीपत सिंघानिया अकादमी, अलीपुर में हमने अपना परचम लहराया। छात्र-छात्राओं का जोश और उत्साह देखते ही बनाता था। शिक्षकों का सहयोग अभूतपूर्वक था। विद्यालय के प्राध्यापक, निर्देशक भी उपस्थित रहे और हमारे प्रयास की सराहना की।  
                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
हमें आपकी प्रतिक्रिया का इंतजार रहता है। - महेश

मंगलवार, 2 अप्रैल 2019

सूतांजली अप्रैल 2019


सूतांजली                            ०२/०९                                                   अप्रैल  २०१९
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
प्रश्न पूछने का हक और फर्ज

अभी कुछ दिन पहले एक कहानी पढ़ी। बड़ा सदमा लगा। अभी तक उस सदमे से उबर नहीं पाया हूँ। सोचा आप से साझा करूँ शायद थोड़ी राहत मिले। यूं तो कहानी लम्बी है लेकिन मैं इसे आपके लिए संक्षिप्त में लिख रहा हूँ –

“पति, पत्नी और ननद देर रात मूवी देख कर निकले तो 1 से ज्यादा का समय हो रहा था। गाड़ी के पास पहुंचे तो  पाया कि टायर पंक्चर है। पति जब तक टायर बदली करता तब तक जगह वीरान हो गई। तीन बाईक पर कुछ लोग पहुँचे,  छुरा दिखा ननद को बाईक पर बैठने कहा। पुरुष ने मुंह मांगे रुपये देने की पेश कश की। लेकिन उन्होने पैसे लेने से इंकार कर दिया पैसे हमारे पास हैं लेकिन हमें अच्छी छोकरी नहीं मिलती, उसी के लिए ये सब करते हैं। पुरुष हतप्रभ, परेशान, सोचने लगा क्या करूँ! तभी युवती के मुंह से हठात निकल पड़ा तुम्हें औरत ही तो चाहिए, मेरी बहन बच्ची है उसे  छोड़ दो मैं तुम्हारे साथ चलती हूँ। युवकों ने युवती को घूरा और यह प्रस्ताव स्वीकार कर  लिया। दूसरी रात पत्नी वापस घर पहुँचा दी गई। पूरा परिवार शोकाकुल और सदमे में। पति लगातार पत्नी के साथ रहा और उसे हिम्मत बंधाता रहा। पूरा परिवार पत्नी के साथ खड़ा था और उसे सदमे से निकालने की कोशिश कर रहा था। तभी कहीं से किसी ने एक प्रश्न किया पत्नी ने कहीं अपनी अतृप्त वासना को शांत करने के लिए तो यह नाटक नहीं किया’? पति को, परिवार को बुरा भी लगा, क्रोध भी आया लेकिन शांत रहे।  इन पर कोई असर न होता देख दूसरा प्रश्न आया कहीं पति में कोई कमी तो नहीं? और फिर एक के बाद एक नए नए प्रश्नों और शंकाओं का शोर उठने लगा। धीरे धीरे मुहल्ले और समाज से इतने प्रश्न उठने लगे कि सब चकरा गए। इन प्रश्नों के शोर गुल में घर वालों का विश्वास डगमगा ने लगा। परिवार और युवती के साथ जो खड़े थे वे भी कन्नी काटने लगे। सहानुभूति घृणा या विरक्ति में बदलने लगी। और तो और ननद ने भी मुंह मोड़ लिया। पत्नी ने आत्महत्या कर ली और पति ने दूसरा विवाह। सब सामान्य हो गया।

पत्नी का बलात्कार किसने किया?” गुंडों ने, परिवार ने, समाज ने ........

इस कहानी से मुझे लगे सदमे को क्या आप दूर कर सकते हैं? इसे दूर करने के दो ही उपाय हैं – १ला, कोई ऐसा न्यायालय बताएं जो असली बलात्कारी को सजा दे सके या २रा, ऐसा वकील बताएं है जो किसी भी न्यायालय में बलात्कारी को सजा दिला सके?

हमारे ग्रन्थों में, शास्त्रों में, वेदों में, प्राचीन काल से प्रश्न पूछने का हक ही नहीं दिया गया है बल्कि उसे प्रोत्साहित भी किया है। लेकिन प्रश्नकर्ता के लिये उत्तरदायित्व भी निर्धारित है। प्रश्न पूछने का उद्देश्य क्या है? यह प्रमुख है। प्रश्न सृजनात्मक हो। प्रश्न का उद्देश्य अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान के प्रकाश को फैलाना, भ्रम मिटा कर विश्वास पैदा करना, संदेह हटा कर आस्था के बीज बोना होना चाहिए। लेकिन अगर उद्देश्य इसके विपरीत हो, विध्वंसात्मक हो, अज्ञान फैलाना हो, भ्रम पैदा करना हो, संदेह बोना हो, तब? ऐसे व्यक्ति को कुपात्र कहा गया और उसके लिए प्रश्न पूछने का हक ही नहीं बल्कि ज्ञान प्राप्ति भी वर्जित है। उसे प्रश्न पूछने के अधिकार से वंचित किया गया है। सुपात्र को ही उच्च ज्ञान का अधिकारी बताया गया है। हम जानते हैं, अणु विस्फोट का ज्ञान सबों को नहीं दिया जा सकता।

बेतुके प्रश्न और कुतर्क से बचें। सृजनात्मक दृष्टिकोण अपनाएं।
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
चलो तो सही

कई लोग घूमने के बहुत शौकीन होते हैं। वायु मार्ग, रेल मार्ग, सड़क मार्ग या पैदल जैसे भी हो कहीं न कहीं घूमते रहते हैं। लेकिन कई लोग, ज़्यादातर, कहीं नहीं जाते, अपने घर या शहर में ही रहते हैं। वहीं कुछ लोग बस बैठे बैठे हर जगह की कल्पना करते हैं, कार्यक्रम बनाते हैं, ज्ञान अर्जित करते हैं और मानसिक यात्रा करते रहते हैं। किसी से सुन लिया, कहीं पढ़ लिया, कहीं देख लिए और पंडित हो गए। उन्हे शहर से बाहर निकलना जोखिम भरा लगता है।

दो घुमक्कड़ मित्र एक यात्रा पर साथ साथ निकले। एक मोड़ पर आकर रुक गए। किधर जाएँ? पूछने पर किसी ने बाएँ जाने कहा तो किसी ने दाहिने। दोनों ने विचार किया गंतव्य तो एक ही है दोनों अलग अलग रास्ते से चलते हैं और गंतव्य पर मिलते हैं। वहाँ पहुँच कर अपने संस्मरण साझा करेंगे। एक बाएँ मुड़ा और दूसरा दाहिने। 

पहले को रास्ते में बीहड़ जंगल भी मिले, खूबसूरत बगीचे भी। दुर्गम नदियां भी मिलीं शीतल सरोवर भी। शराब घर भी मिले और शांत आश्रम भी। इन सबको पर करता हुआ वह चलता रहा और आखिर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचा। गंतव्य पर पहुँचने का आनंद, सुख और शांति उसे मिली। वहाँ पहुँचने पर उसे समझ आया कि हाँ सब रास्ते एक जैसे ही हैं

दूसरा लोगों को पूछता पूछता आगे बढ़ने लगा।  एक गाँव मिला, गाँव वालों ने उसे अलग अलग रास्ते बताए। वह वहीं ठहर गया। और सब रास्तों का विश्लेषण करने लगा। जिस रास्ते से कोई आता दिखाई पड़ता उससे उस रास्ते के बारे में पूछता और समझता। विचार कर उस पर चलना शुरू करता। कुछ दूर चलने पर उसे लगता दूसरा रास्ता ही ठीक था और वापस मुड़ जाता। रास्ते में कहीं कोई बाधा या असुविधा दिखती उसे लगता यह रास्ता सही नहीं है और वापस लौट कर दूसरे रास्ते पर चलना शुरू करता। उस पर भी थोड़ी दूर चलने के बाद वापस लौट पड़ता। वह उसी गाँव में बस गया। औरों की तरह वह भी आने वालों को रास्ते के बारे में ज्ञान देना शुरू कर दिया। अब वह पथ-प्रदर्शक बन लोगों को रास्तों के बारे में ज्ञान देना शुरू कर दिया।

आज ऐसे विद्वानों की संख्या बहुत हो गई है। वे कहीं नहीं चलते। बैठे बैठे ज्ञान जरूर देते हैं। ये कहते हैं ईसाइयत ठीक है, हिन्दू ठीक है, मुसलमान ठीक है, सिक्ख ठीक है या कोई ठीक नहीं है। ये मानते हैं कि कुरान, बाइबिल, गीता ठीक है, या सब बेकार हैं। ये वे लोग हैं जो चल ही नहीं पाते। क्योंकि सब रास्ते ठीक हैं या खराब हैं, तब पैर उठते ही नहीं। ये एक रास्ते पर चलते हैं तो उन्हे दूसरा रास्ता ठीक लगने लगता है, दूसरे पर चलते हैं तो तीसरा रास्ता ठीक  लगता है। चलने वाले के लिए एक ही रास्ता ठीक है, सोचने वाले के लिए सब रास्ते ठीक हो सकते हैं।  जो पहुँच जाता है वह ही समझ पाता  है कि सब रास्ते ठीक हैं, अगर चलो तो।
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
कौन जानता गांधी को

दुर्गा पूजा, नवरात्रि, दिवाली, वार्षिक उत्सव, वार्षिक खेल कूद, बड़ा दिन, क्रिसमस और नव वर्ष, इन सब के पश्चात परीक्षा के दौर के में विद्यालयों की व्यस्तता के कारण कम्प्युटर के हार्ड डिस्क में  बंद पड़ा गांधी प्रश्नोत्तरी कौन जानता गांधी को मार्च के उत्तरार्ध में फिर से बाहर निकल विद्यालयों के दौरे पर चल पड़ा और इसका प्रारम्भ हुआ जे.डी.बिड़ला इंस्टीट्यूट, मैनेजमेंट विभाग से। डाइरेक्टर डॉ.मुखोपाध्याय  की उपस्थिती में छात्र-छात्राओं के मध्य गांधी प्रश्नोत्तरी के  खेल का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया।
    ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

शुक्रवार, 1 मार्च 2019

सूतांजली, मार्च २०१९


सूतांजली                            ०२/०८                                                    मार्च  २०१९
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
आजा मेरी गाड़ी में....!
मैंने खीज कर कहा, “आजा, मेरी गाड़ी में बैठजा। बैठेगी”?
उसने गाड़ी खोलने की कोशिश की। लेकिन खोल नहीं पाई। उसने मेरे स्वाभिमान को ललकारा बैठती हूँ, हिम्मत है तो दरवाजा खोल”? मेरा स्वाभिमान भी फुफकार उठा और गाड़ी का दरवाजा खोल दिया। बिना देर किए वह तुरंत गाड़ी में बैठ गई, जैसे उसी की गाड़ी हो। तब तक चौराहे की लाल बत्ती हरी हो गई और मैंने गाड़ी आगे बढ़ाई। लेकिन तब तक मेरे मस्तिष्क में भयंकर झंझावात उठ खड़ा हुआ। यह मैंने क्या किया? और अब क्या करूँ?’ मैंने गाड़ी वापस घर की तरफ मोड़ ली। रास्ते भर यही उधेड़-बुन, करूँ तो करूँ क्या? क्या इसके हँसते खेलते शैशव को, उन्मुक्त जीवन को अपने घर की चाहर दीवार में बंद कर नौकरनी बना लूँ, नहीं! इसकी रोटी की व्यवस्था तो हो जाएगी लेकिन पराधीन हो जाएगी। घर पहुँचने के पहले मैंने निश्चय कर लिया। रास्ते से कपड़े, जूते, चप्पल लिये और घर पहुँची। उसे गुसलखाने में धकेल दिया। नहलाया, धुलाया, खिलाया और सुला दिया। घंटों बात सहमी सी उठी। उसे मैंने उसे अपनी बाहों में भर लिया और कहा अब से मैं तुम्हारी माँ हूँ और तू मेरी बेटी।

अब वह एक शिक्षित जिम्मेदार युवती है। सामाजिक उत्सवों में शरीक होती है, मेरे पूरे परिवार में जाती है। उसके लिए समुचित वर खोज रही हूँ। सोच सोच कर आंखे गीली हो जाती है। कल तक चौराहे पर भीख मांग रही थी। अभी मेरे जिगर का टुकड़ा है। कल फिर मेरा हाथ छोड़ किसी और का हाथ पकड़ पराई हो जाएगी।  

भ्रम में मत रहिएगा। यह न कोई कहानी है न कपोल कल्पना है। यह एक सच्ची घटना है ग्रेटर नोएडा की मेरी मुलाक़ात इन माँ-बेटी सी हुई चिन्मय मिशन के एक कैंप में।

हाँ हम  ... गांधी के  हत्यारे
30 जनवरी 1948 संध्या के समय बिड़ला भवन में तीन धमाके हुए और एक इंसान को शांत कर दिया। उस धमाके की गूंज आज तक प्रतिध्वनित हो रही है। हम उस धमाके को शांत नहीं होने देते।  उस धमाके को हमने जिंदा रख रखा है ताकि हमारे धमाके छुपे रहें, नहीं सुने। उन तीन धमाकों ने तो उस नश्वर शरीर को शांत किया जिसे अगर वह नहीं भी करता तो यमराज कभी न कभी करते ही। हमने तो उसकी आत्मा को मारा है और प्रतिपल मार रहे हैं। बेवकूफ था वह युवक जिसने छिप कर नहीं सबके सामने, दिन के उजाले में यह कृत्य किया और फांसी पर चढ़ गया। हम रोज मारते हैं  और गांधीवादी के नाम से इज्जत भी पाते हैं।   

हमने तो गांधी की आत्मा को बहुत पहले से ही मारना शुरू कर दिया था। दिन के उजाले में तो हम  उसके समर्थक हैं, भक्त हैं, अनुयायी हैं। लेकिन रोज रोज उस गांधी को मार रहे हैं, उसे खरोंच रहे हैं, उनके हर विचार को-काम को जड़ से उखाड़ कर फेंक रहे हैं। दिन की रौशनी में हम गांधी की मूर्तियों का अनावरण करते हैं, तस्वीरे टाँगते हैं, 2 अक्तूबर और 30 जनवरी को सूता कातते हैं, महात्मा गांधी अमर रहें के नारे लगाते हैं और अपनी काली देह को सफ़ेद खादी से ढंके रखते हैं। 125 वर्ष की आयु की कामना रखने वाला वह व्यक्ति आसन्न-मृत्यु क्यों खोजने लगा? जब देश की जनता उनकी बात सुन रही थी तब गांधी क्यों बार बार कह रहे थे अब कोई मेरी नहीं सुनता’, मैं विवश हूँ’, ईश्वर से प्रार्थना करने के अलावा मैं और कुछ नहीं कर सकता और मेरा ईश्वर पर पूरा विश्वास है। क्योंकि हमने उसकी आत्मा को छलनी कर दिया था और गांधी मूक दर्शक बना देखता रहा। शायद यही कारण था कि जिस जनता ने उसे अपना मजबूत नायक समझा था उसी जनता ने कहा मजबूरी का नाम महात्मा गांधी

हमने गांधी पर अनेक गोलियां बरसाईं, बम के धमाके किए, ग्रेनेड फोड़े। बहुत मेहनत वाला काम किया और साथ ही साथ नेता, विधायक, शासक, प्रशासक, विशेष वर्ग का कार्य भी बखूबी निभाया। कितनों की चर्चा करूँ तीन गोलियों के जवाब में?  कुछ की ही चर्चा करूँ -

. ब्रिटिश सरकर के ठाटबाट का चयन - गांधी यह चाहते थे कि आजादी के बाद राजकीय कर्मचारी अंग्रेजों की तरह शान शौकत से न रह कर सादा जीवन यापन करें। उन्हे यह शंका थी कि गवर्नर जनरल माउंटबेटन इसके लिए तैयार नहीं होंगे। लेकिन जब उनकी सहर्ष स्वीकृति गांधी को मिली तब उन्हे बड़ा हर्ष और संतोष हुआ। गांधी ने सरकार से इस बाबत पत्र लिखा राजकीय कर्मचारियों के लिए राज प्रसाद के फिजूलखर्ची को बंद कर सादे आवासों की व्यवस्था की जाए। नेहरू ने भी सहमति जताई। लेकिन कोई कार्यवाही न होते देख जब गांधी ने पुन: लिखा, तब  हमने जवाब दे दिया हम काम में इतने व्यस्त हैं कि उपयुक्त स्थान ढूँढना और राजप्रसाद को छोड़ कर दूसरे स्थान में जाने की व्यवस्था करना कठिन हैहमारे ठाट-बाट में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आई। यह थी वह गोली जिसे हमने गांधी पर चलाई, जिसकी कहीं गूंज नहीं हुई।
२. क्षेत्रीय एवं सत्याग्रही कार्यकर्ताओं की अवहेलना – गांधी ने कहा  भूतकाल से बिलकुल नाता तोड़कर शासन की नीचे से नई रचना खड़ी की जाए। लेकिन हमने इसे भी नहीं माना। ब्रिटिश राज्य में तालीम पाये हुए कर्मचारियों पर ही आधार रखकर शासन चलाने लगे। कल तक जिसकी हम अलोचना करते थे उसकी हम प्रशंसा करने लगे। क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं तथा सत्याग्रहियों की अवहेलना करना और उनके द्वारा की गई अफसरों की आलोचना के प्रति असहिष्णु बन गए। “कल्याण राज” के आकर्षक नाम के तले हमने वही अंग्रेजों का रूप अंगीकार कर लिया। सत्याग्राहियों पर हम पहले अंग्रेजों के कर्मचारी बन कर डंडे चलाये अब वही काम सरकारी कर्मचारी बन कर रहे थे। यह एक और बम था जो गांधी की आत्मा पर हमने चलाया, बिना किसी शोर शराबे के।
३. कांग्रेस की सदस्यता के लिए हाथ कता सूत – खादी के प्रचार-प्रसार तथा सेवा भाव और  शारीरक श्रम को बनाए रखने के उद्देश्य से गांधी ने कहा कांग्रेस की सदस्यता के लिए एक निश्चित राशि के साथ साथ निश्चित मात्र में स्वयं के हाथ का कता सूता भी अवश्यक हो। हमसे सूत कातना संभव नहीं था। लेकिन कॉंग्रेस के बिना राजकीय पद भी नहीं मिल सकता था। हमने गांधी की सलाह को फिर नकार कर उनकी आत्मा पर एक और प्रहार किया। आज हाथ से सूत कातने वाले भूख से मर चुके हैं या मर रहे हैं। और हम .......
४. स्वेच्छा से अपना सर्वस्व देश को चढ़ाने वालों के लिए अब हमें अपना सुख उनके साथ बांटना चाहिए ,गांधी ने कहा, अब तक लाखों की संख्या में ग्रामीण मर गए ताकि  हम स्वतंत्र रहें, अब हमें मरना होगा, ताकि वे लोग जीवित रहें। गांधी ने हमें उनके साथ अपना भोजन बांटने के लिए कहा, लेकिन हमने उनकी यह बात भी नहीं मानी। सत्य का प्रचार किया लेकिन व्यापार असत्य का किया। प्रसार अहिंसा का किया लेकिन हिंसा को प्रोत्साहन देते रहे,  गांधी को बेचते रहे।

सत्य और अहिंसा पर चलना बहादुरी का काम है। मुझे पता है सब इतने बहादुर नहीं, बहुतों के पास खोने के लिए बहुत कुछ है। लेकिन कम से कम उस राह पर चलने वालों को प्रोत्साहित तो कर ही सकते हैं। साथ न दे सकें तो उनका विरोध तो न करें! मुझ पर बालाकोट आक्रमण का बाण मत छोड़िए। अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए कभी कभी यह बताना आवश्यक होता है कि अहिंसा हमारा सिद्धान्त है स्वेच्छा से अपनाया हुआ, हमारी मजबूरी नहीं। पटेल के पूछने पर गांधी ने कहा था तुम्हारे पास कश्मीर में सेना भेजने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है

    ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

शुक्रवार, 1 फ़रवरी 2019

सूतांजली फरवरी 2019


सूतांजली                            ०२/०७                                 फरवरी २०१९
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
गांधी क्या करते......
और आखिरकार अहिंसा का पुजारी हिंसा का शिकार हो गया। लेकिन क्या, हत्यारे अपने मकसद में सफल हुए? स्थूल रूप से तो यही लगता है, लेकिन सूक्ष्म रूप से देखें तो ऐसा नहीं हुआ। क्योंकि गांधी व्यक्ति नहीं हैं, वह एक विचार है। यह गांधी आज भी हमारे बीच मौजूद है और पहले से ज्यादा मजबूत है।  जो मारा गया वह व्यक्ति था और जो अमर है वह विचार है।

अगर आज गांधी होते..........????? भारत की अनेक समस्याएँ हैं, अनेक वाद हैं, विवाद हैं, इनके बीच वे क्या करते, इसे किस रूप में देखते? कैसे इनका समाधान करते? यह बताने वालों की कमी नहीं हैं। लेकिन इन्हे छोड़ हम देखें-परखें उनके जीवन को, उनके संदेश को।  विशेष कर तब जब उन्होने कहा मेरा जीवन ही मेरा संदेश है।  पढ़ें उनके जीवन को। उनके जीवन की कुछ घटनाओं का, बातों का विश्लेषण करें, समझने और सीखने की कोशिश करें। प्रारम्भ करें प्रस्थान से :

1प्राथमिकता का चयन – गांधी ने अपने जीवन में अनेक लड़ाइयाँ लड़ीं। उनमें सबसे महत्वपूर्ण था देश की आजादी। लेकिन जब देश को स्वतन्त्रता मिली और भारत आजादी का जश्न मना रहा था गांधी अपनी प्राथमिकता तय कर रहे थे – स्वतन्त्रता के जश्न में शरीक होना है या कलकत्ता में बैठ कर सांप्रदायिकता की धू धू जलती आग को बुझाना है? उत्सव में शरीक होना है या पीड़ितों के बीच रहना है? किसे महत्व देना है – स्वतन्त्रता या सांप्रदायिकता? सही प्राथमिकता का चुनाव। कहाँ रहना है और क्या करना है इसका सही निर्णय। निर्णय का आधार व्यक्तिगत नहीं सामाजिक हित और मानवीय मूल्यों पर आधारित था।

2क्षेत्रीयता को महत्व - गांधी ने चरखे को अपनाया। चरखा तो केवल एक प्रतीक मात्र था, उद्देश्य था क्षेत्रीयता को स्वीकार करना। चरखा और सूता प्रतिकात्मक हैं। गांधी जिस क्षेत्र से थे वहाँ कपास बहुतायत में होता था। सूत कातना और कपड़े बुनना उस क्षेत्र का कुटीर उद्योग था। इस कारण गांधी ने सूत कातना और चरखा चलाना शुरू किया। इस प्रकार गांधी ने क्षेत्रीयता को महत्व देने की बात रखी। अलग अलग क्षेत्रों की विशिष्टताओं और उनकी समृद्धि के कारणों पर ध्यान देना और उसे स्वीकार करना, प्राथमिकता देना, प्रोत्साहित करना। और यह इस प्रकार होना चाहिए कि हर क्षेत्र का महत्व बना रहे, उसकी विशिष्टता बनी रहे। भारत अगर सोने की चिड़िया था तो उसकी जड़ क्षेत्रीयता ही थी। केवल शहरों पर ध्यान देने का नतीजा यह हुआ कि गाँवों से पलायन प्रारम्भ हो गया, गाँव खाली हो गए और शहर रहने लायक नहीं रहे। यही गाँववासी शहरों में जाकर झोपड़ पट्टी और सड़कों के किनारे बसे। जहां इंसान है वहाँ शुद्ध हवा-पानी नहीं, जहां शुद्ध हवा-पानी है वहाँ इंसान नहीं।

3बुराई को मारो बुरे को नहीं - बुरे को मिटाना टहनी काटना है लेकिन बुराई को मिटाना जड़ काटना है। एक बार एक व्यक्ति एक दुधमुंहे बच्चे को लेकर गांधीजी के पास आया और बोला कि इस बच्चे के पूरे परिवार को मैंने मार डाला है। अब आप बताएं कि मैं इस बच्चे  का क्या करूँ? भारत उस समय सांप्रदायिकता की आग में झुलस रहा था। गांधी ने सुझाव दिया कि वह एक अभिभावक की तरह उस बच्चे का पालन पोषण करे और इस बात का ध्यान रखे कि यह बच्चा बड़ा होकर सच्चा मुसलमान बने। वह व्यक्ति बुरा नहीं था लेकिन उसमें से हिंसा, द्वेष और बदले की भावना को मिटाना था। उद्देश्य उस व्यक्ति को दंडित करना नहीं था बल्कि उस के दिल की बुराई को मिटाना था।

एक व्यक्ति ने कहा कि मुसलमान मेरी बहन को उठा ले गए। आपकी नीति के अनुसार मैं अपनी दूसरी बहन उसको दे दूँ? गांधी ने कहा नहीं मेरी नीति कहती है इसके बदले में उसकी बहन को उठा कर ले आना समाधान नहीं है। बहन किसी की भी हो, उसको उठाना पाप है। पापी के साथ पापी का सा व्यावहार पाप और पापी दोनों को बढ़ाना है।    

4मन की स्वच्छता - गांधी को हम स्वच्छता से जोड़ कर देखते हैं। लेकिन गांधी की यह स्वच्छता केवल परिवेश की नहीं थी बल्कि अपने भीतर मन की स्वच्छता भी थी। उन्होने लिखा है कि अगर हमारे मन में भी कोई विकार आ गया है भले ही वह कार्य रूप में परिणित न हुआ हो तो भी यह मानना चाहिए कि वह विकार हमारे भीतर है।  कहीं कोई गंदगी हमारे भीतर आ गई है। हमें उसे स्वीकार करना चाहिए और उसे दूर करने का प्रयत्न करना चाहिए। गांधीजी में अनेक कमियाँ थी। उनसे कई गलत कार्य हुए। उन्होने विवादास्पद परीक्षण किए। लेकिन उन कार्यों को, उन बातों को, उन परीक्षण को गांधी ने छिपाया नहीं किया। उसे सब को बताया और उन्हे दूर करने का प्रयत्न किया। हमें अपने आप को अंदर से स्वच्छ रखना है। हम दोहरा जीवन न जीएं। जो भीतर हों वही बाहर हों। हमारे चेहरे पर मुखौटे नहीं होने चाहिए। हमारे भीतर जो भी चल रहा है हम उसे बाहर भी व्यक्त कर सकें। हमें अपनी कमजोरियों पर नजर रखना है और लगातार उसे दूर करने की कोशिश करनी है।  हर मनुष्य में कमी हैं। उसे छिपाएँ नहीं, उसे दूर करने का प्रयत्न करें।

5लोगों को जोड़ना - गांधी एक माहिर संगठन कर्ता थे। उन्होने पूरे देश के लोगों को, स्त्री-पुरुष, बाल-वृद्ध, धर्म-जाति-वर्ग, बिना किसी भेद भाव के सबको आपस में जोड़ दिया। और इसके लिए उन्होने लगातार संवाद बनाए रखा, हर विषय पर। केवल राजनीति नहीं, बल्कि सामाजिक, शिक्षा, व्यक्तिगत, पर्यावरण, स्वास्थ, धर्म आदि हर विषय पर संवाद किया। अपने मौन व्रतों के बावजूद गांधी से ज्यादा संवाद करने वाला इंसान मिलना मुश्किल है। उन्होने इसके लिए लगभग पूरे भारत का दौरा किया, तीसरी श्रेणी में, जिसमें भारत सफर करता था। वे रात रात भर जाग कर हर पत्र का उत्तर देते। हर आने वाले से मिलते, अनेक भाषाओं में कई पत्रों का सम्पादन करते और देश भर में घूमते रहते। समय अकेले रहने का नहीं साथ रहने का है। साथ का तात्पर्य वर्ग, जाति, धर्म, लिंग की दीवार गिरा कर आपस में जुड़ कर

6मतभेद हो मनभेद नहीं – अगर हम संवाद करते हैं तो हमारे मध्य मतभेद होना स्वाभाविक है। लेकिन हमारा मतभेद मनभेद नहीं होना चाहिए। दक्षिण अफ्रीका में रहते जनरल स्मट्स से मतभेद रहा, अंग्रेजों से मतभेद रहा। वैसे ही लोकमान्य तिलक, सुभाष चन्द्र बोस, अंबेडकर, जिन्ना और तो और जवाहर लाल नेहरू से भी अनेक मुद्दों पर मतभेद रहा लेकिन किसी से भी मन भेद नहीं रहा। मतभेद वालों से मनभेद करते रहे तो दुनिया छोटी होती जाएगी। हर मत के सब पहलुओं पर विचार करना, अलग अलग दृष्टिकोणों से देखना, सर्वांगीण तरीके से सोचना उनके विशेष गुण थे। दूसरों मे मत का भी आदर करते थे। वैसे तो गांधी सत्य के पुजारी थे लेकिन वे किसी भी सत्य को अंतिम सत्य नहीं मानते थे। अपना कहा हुआ भी अंतिम सत्य नहीं समझते थे। वे यही कहते थे कि अब तक के अनुभव से मुझे यही सत्य लगता है और मैं इस पर कायम हूँ। एक पत्रकार ने जब पूछ कि आप के कई वक्तव्यों में विरोधाभास है तो उन्होने यही कहा कि मेरी बाद वाली बात को ही सही मानना चाहिए। यह उनके सत्य का परिवर्तन नहीं था बल्कि उसका विकास था। गांधी सतत परिवर्तनशील रहे और जो परिवर्तन शील होगा वही विकासशील भी होगा

7समान सिद्धान्त – गांधी में सबों के लिए सद्धांतों में समानता थी। यह सिद्धान्त की समानता वे सब के लिए, हर जगह और हर समय एक ही थी। जो सिद्धान्त दूसरों के लिए था वही अपनों के लिए भी था। जिस प्राकृतिक चिकित्सा की सलाह वे सब को देते थे उसी का प्रयोग उन्होने अपने  बेटे और पत्नी पर भी किया, भले ही इस कारण वे मृत्यु के द्वार तक पहुँच गए। अपने सिद्धान्त पर अडिग रहे। हिंदुओं और मुसलमानों के लिए भी अलग अलग सिद्धान्त प्रतिपादित नहीं किया। नोआखाली हो या कलकत्ता या बिहार या दिल्ली हर जगह वे एक सिद्धान्त पर अडिग रहे, उसमें परिवर्तन नहीं किया। सिद्धान्त की समानता लोगों में विश्वास पैदा करती है। अपने लिए एक पैमाना और दूसरों के लिए दूसरा पैमाना, विश्वास का हनन करता है। गांधी के लिए अपनों का दायरा बहुत बड़ा था, या यूं कहें कि गांधी के अपनों का दायरा इतना विशाल था कि सब उसमें सब समा जाते थे। 

गांधी होते तो क्या करते? इस पर विचार न कर गांधी ने क्या किया, इस पर विचार करें।

रविवार, 6 जनवरी 2019

सूतांजली जनवरी २०१९


सूतांजली                      ०२/०६                                      जनवरी २०१९
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
सब कराया धराया मोहन का
             
कल रात मोहन मुझसे मिलने आए। मैं आश्चर्यचकित रह गया और बड़ी हैरानी से बोला बापू मुझे बुला लिया होता। इस सर्दी में आप यहाँ चले आए बिना कोई खबर किए, वो भी एकदम अकेले। बापू ने अपनी चिरपरिचित मुस्कुराहट बिखेरी। उनके हाथ में वही एक डंडा, आँखों पर गोल चश्मा, बदन पर आधी धोती और एक सफ़ेद चद्दर। मुस्कुराते  हुए बैठ गए। और बोलने लगे- “कई दिनों से तुमसे मिलने की इच्छा हो रही थी, लेकिन टालता जा रहा था। आज रहा नहीं गया तो सोचा अभी ही चलूँ नहीं तो फिर टाल दूँगा”। मैं सोचने लगा कि मोहन को मुझसे इतना क्या आवश्यक काम आन पड़ा कि इस प्रकार अकेले, देर रात मिलने चले आए? वे बोलते रहे, “मैंने क्या किया, क्या नहीं, यह सबको पता हैं। मैंने कभी कुछ भी नहीं छिपाया। मैं यही कहता रहा कि मेरा जीवन एक खुली किताब है, जो चाहे पढ़े। मेरा जीवन ही मेरा संदेश है”।
मैंने उन्हे बीच में टोका, “बापू, आप हर समस्या की जड़ तक जाते थे और दूर की सोचते थे.....”
इस बार उन्होने मुझे बीच में टोकते हुए बात आगे बढ़ाई, “मैंने जो सोचा वह तो सबों को पता है, लेकिन क्या तुम्हें यह भी पता है कि मैंने जो नहीं किया वह भी मेरे नाम, जिसका मैंने विरोध क्या वह भी मेरे ही नाम और जो नहीं सोचा वह भी औरों ने सोचकर मेरे ही नाम कर दिया है? लेकिन मैंने देश के लिए जो एक  सबसे बड़ा काम किया इसके बारे में किसी ने भी आज तक कोई चर्चा नहीं की? दरअसल मुझे भी यह पता नहीं था कि मैं इतना बड़ा काम कर रहा हूँ। इसका एहसास मुझे अभी कुछ ही दिनों से हो रहा है”। मेरी आंखे आश्चर्य से फैल गई।
बापू ने आगे पूछा, “अच्छा बताओ, अगर तुम्हें आज खाना पसंद नहीं आया तो उसके लिए दोषी कौन”?
“मेरी पत्नी, क्योंकि उसीने खाना बनाया”।
“लेकिन पत्नी ने क्या कहा?
“उसने मुझे ही दोषी ठहराया और कहा मैंने सब्जी अच्छी नहीं लाई थी”।
“बिलकुल ठीक। अच्छा बताओ, आज ऑफिस में जिस कार्य की चर्चा हो रही थी वह तुम्हारी कंपनी को क्यों नहीं मिला”?
“मैं क्या करता उस खन्ना ने मुझे गलत आंकड़े दिये”?
“तुम सीए (CA) क्यों नहीं बन पाये? बापू ने अगला सवाल जड़ा।
“बापू!”, मैंने खीजते हुए कहा, “यह तो आपको भी पता है कि उस वर्ष इंस्टीट्यूट ने अचानक ही पूरे पेपर का डर्रा ही बदल दिया था। केवल मैं ही नहीं उस वर्ष तो गिने चुने ही लोग परीक्षा पास कर सके थे”।
“हाँ! हाँ! मुझे पता है। तुमने कभी कोई गलती नहीं की। सब गलतियाँ दूसरों की ही थी। तुम तो पाक साफ थे और बहुत काबिल भी। अगर दूसरों ने तुम्हारे रास्ते में रोड़े नहीं अटकाए होते तो तुम्हारी ज़िंदगी ही कुछ और होती। तुम में असाधारण काबिलियत थी, दुनिया ही नहीं पहचान सकी, तुम्हारा कोई दोष नहीं था”। बापू के व्यंग को मैं समझ नहीं सका। 
बापू ने बात कहा, “अगर मैं नहीं होता तो देश की जनता का क्या होता?  वे सब कारगुजारियों और ना-कारगुजारियों का दोष मंढ़ने के लिए के लिए एक व्यक्ति कहाँ से लाती? उन्हे मुझ में वे सब अवगुण दिखे और सब कुछ के लिए मुझे रेखांकित कर निश्चिंत हो गए। आजादी के पहले और आजादी के बाद भी सब बुराइयों का जिम्मेदार उन्हे एक ही व्यक्ति, मुझ में दिख गया। पटेल के बदले नेहरू को प्रधान मंत्री बना कर देश का सत्यानाश मैंने किया! नेहरू ने क्या किया या नहीं किया उसके लिए मैं जिम्मेदार लेकिन यह किसी को पता नहीं कि 1963 में  नेहरू ने स्वीकार किया कि मेरी सलाह न मानकर उसने बड़ी भूल की, भारत के लिए मेरा सुझाया मार्ग ही सही था लेकिन अब नेहरू को वापस लौटने का मार्ग नहीं सूझ रहा था और कोई बताने वाला भी नहीं था। किसी को यह याद नहीं कि मैंने कहा कि नेहरू को मैंने मेरा उत्तराधिकारी बनाया जरूर है लेकिन मेरे और नेहरू का भारत अलग अलग है। मैंने बताया कि मैं अंग्रेजों को स्वीकार करता हूँ अंग्रेज़ियत को नहीं लेकिन नेहरू को अंग्रेज़ियत स्वीकार है अंग्रेज़ नहीं। प्रधान मंत्री बनने पर नेहरू ने क्या किया यह सबों को पता हो या न हो, लेकिन पटेल अगर प्रधान मंत्री बनते तो क्या होता यह देश का बच्चा बच्चा जानता है। भारत में हिंदुओं को मैंने मरवाया और मुसलमानों को मैंने ही बचाया! उधर पाकिस्तान का मानना है कि भारत में मैंने हिंदुओं को बचाया और मुसलमानों को मरवाया। दलितों और अछूतों  का उद्धार करने में रोड़े भी मैंने ही अटकाए!  मेरे ही कारण आरक्षण लागू हुआ और मेरे ही कारण भाषा की समस्या खड़ी हुई। मेरे ही कारण फिरोज को गांधी का नाम मिला जिसके कारण नेहरू परिवार ने परिवारवाद की नींव डाली! देश में अशिक्षा, भुखमरी और बेरोजगारी के लिए भी मैं ही ज़िम्मेवार हूँ! चंपारण में मैंने ही किसानों को बरगलाया और किसानों के बदले जमींदारों का पक्ष लिया! देश का बंटवारा भी मेरे ही कारण हुआ! मैं नहीं  होता तो आजादी कई वर्षों पहले मिल गई होती और वह ज्यादा खूबसूरत होती। और तो और खुले आम व्यभिचार को बढ़ावा भी मैंने ही दिया!   हड़ताल, घेराव,  अनशन भी मैंने ही सिखाया जिसके कारण देश का अनगणित नुकसान हुआ! मैंने खड्डा इतना गहरा खोदा कि आजादी के सत्तर साल बाद भी भारत की जनता, नेता, मंत्री, प्रशासक, व्यवसायी, उद्धोगपति, बुद्धिजीवी, युवा, बूढ़े, जवान, स्त्री-पुरुष, हिन्दू, मुसलमान, सिक्ख, ईसाई, पारसी  सब मिलकर भी आज तक नहीं भर पाये।  देश की सब समस्याओं की जड़ एक ही है – गांधी, अगर मैं नहीं होता तो देश में इतनी समस्या ........

अब बापू की आवाज मेरे कानों तक नहीं पहुँच रही थी। मैं अमेरिका, कनाडा, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया घूमने लगा। हमारे बच्चे वहाँ रहते हैं। हम जब भी वहाँ गए हमने देखा घर की सफाई, कपड़ा धुलाई, रसोई पकाना, बाजार करना दोनों पति-पत्नी मिल करते हैं। हमने भी उनका साथ दिया। जब वे भारत आए तो सोचा उन्हे तो काम की आदत है और यहाँ भी वे सब यंत्र मौजूद हैं अत: कोई विशेष व्यवस्था नहीं की। जब बेटे-बहू को पता चला तो नि:श्वास छोड़ते हुए यही तो कहा था, “मजबूरी का नाम महात्मा  गांधी”!

तभी किसी ने मेरी रिजाई खिसकाई और एक आवाज कानों में पड़ी, “नींद में क्या बड़बड़ा रहे हैं? आज घूमने नहीं जाना है?”
मैंने वापस रिजाई खींची और बड़बड़ाया, “नहीं जाना। कितना बढ़िया सपना आ रहा था तोड़ दिया।”
मेरे कानों ने अब सुना, “हे भगवन! लगता है अब इनको सपने में भी वही गांधी दिखने लगा है!”

मैं एक झटके से उठा और सुबह की सैर को निकल पड़ा। लेकिन दिमाग था कि पीछा नहीं छोड़ रहा था। दूसरों की आलोचना करना और उनपर दोष मढ़  देना आसान है और अपनी तदबीरों की नाकामयाबी के लिए कोई-न-कोई बहाना ढूँढने के लिए तो दूसरों के सिर कसूर थोपने के लालच को रोकना अक्सर दुश्वार ही हो जाता है। हम कहते हैं कसूर हमारे खयाल का या काम में किसी किस्म की गलती का थोड़े ही था, वह तो दूसरों ने जो रोड़े अटकाए, उनका था। हम हर किसी के लिए दूसरे को दोष दे देते हैं, सिर्फ अपने आप को छोड़ कर। राजनीतिक आजादी के बाद हम देश को सामाजिक और आर्थिक आजादी दिलाने में नाकामयाब रहे। और अपनी असफलताओं के लिए दूसरों को दोषी बनाते रहे। वही  दशम न्याय का सिद्धान्त अपने को छोड़ कर बाकी सबों को गिनना

सूतांजली, अगस्त द्वितीय 2026, आकर्षक घर की कुंजी

  २कोई ऐसा अक्षर नहीं है, जिसका प्रयोग मंत्र-रचना में न हो सके , कोई ऐसा वृक्ष नहीं है, जो किसी न किसी व्याधि की औषधि न हो , कोई ऐसा...